Lakshya Sen: लक्ष्य सेन ने जापान में रचा इतिहास, कुमामोटो मास्टर्स जीतने वाले पहले भारतीय बने

दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने फाइनल मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए जापान के कोकी वातानाबे को शिकस्त दी। फाइनल मुकाबले में लक्ष्य सेन को शुरुआत में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पहला गेम हारने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की और लगातार दो गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया

अपडेटेड Nov 15, 2026 पर 2:44 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कुमामोटो मास्टर्स का खिताब जीतने से लक्ष्य सेन को वर्ल्ड टूर फाइनल्स की रैंकिंग में भी बड़ा फायदा हुआ है (Photo: BWF)

Lakshya Sen: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने कुमामोटो मास्टर्स जापान का खिताब अपने नाम कर लिया है। उन्होंने रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में जापान के कोकी वातानाबे को हराकर खिताब हासिल किया है। इसके साथ ही लक्ष्य ने लगातार दूसरा BWF टूर खिताब अपने नाम कर लिया। तीन सेटों तक चले मैच में लक्ष्य सेन ने कोकी वातानाबे को 2-1 के अंतर से मात देकर इतिहास रच दिया। कुमामोटो मास्टर्स का टाइटल जीतने वाले लक्ष्य सेन पहले भारतीय बन गए हैं। इस जीत से उन्होंने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और एक बार फिर देश का नाम रोशन किया।

जापान के इस खिलाड़ी को दी मात

फाइनल मुकाबले में लक्ष्य सेन को शुरुआत में मुश्किलों का सामना करना पड़ा और वह पहला गेम हार गए। लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की और लगातार दो गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने फाइनल मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए जापान के कोकी वातानाबे को शिकस्त दी। करीब 64 मिनट तक चले इस मुकाबले में लक्ष्य ने पहला गेम गंवाने के बाद जबरदस्त खेल दिखाया और 13-21, 21-18, 21-14 से जीत दर्ज की। इससे पहले वह हाइलो ओपन का खिताब भी जीत चुके हैं। लगातार दो टूर्नामेंट में जीत हासिल करने के साथ ही लक्ष्य ने हांग्जो में होने वाले BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए क्वालिफाई करने की अपनी दावेदारी भी मजबूत कर ली है।


वर्ल्ड टूर फाइनल्स में क्वालिफाई करने का मौका

कुमामोटो मास्टर्स का खिताब जीतने से लक्ष्य सेन को वर्ल्ड टूर फाइनल्स की रैंकिंग में भी बड़ा फायदा हुआ है। इस टूर्नामेंट से पहले वह 64,980 अंकों के साथ 12वें स्थान पर थे। सीजन के आखिरी टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए उन्हें टॉप-8 में पहुंचना जरूरी था। सुपर 500 टूर्नामेंट जीतने पर उन्हें 9,200 अंक मिले हैं, जिसके बाद उनके कुल अंक बढ़कर 74,180 हो जाएंगे और वह छठे स्थान पर पहुंच सकते हैं। हालांकि, वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए क्वालिफाई करने का आखिरी मौका हांगकांग ओपन होगा, जो 17 से 22 नवंबर तक खेला जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।