अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी पिछले साल दिसंबर में भारत के दौरे पर आए थे। वहीं मेसी के भारत दौरे से पहले पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी की 70 फुट ऊंची मूर्ति लगाई गई थी। इस मूर्ति में मेसी को 2022 फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी हाथ में पकड़े हुए दिखाया गया है। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोलकाता में लगी दिग्गज फुटबॉल लियोनेल मेसी की 70 फुट ऊंची मूर्ति को हटाया जा सकता है।
ANI ने ESPN के हवाले से बताया कि, अधिकारियों ने इस मूर्ति की मजबूती और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। इसी वजह से अब इस मूर्ति को गिराने का फैसला लिया गया है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
हवा में हिलती हुई दिखी मूर्ती
रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने सोमवार को पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (PWD) में शिकायत की थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि, तेज हवा चलने पर मूर्ति हिलती हुई दिखाई दे रही थी। जांच के बाद अधिकारियों ने माना कि मूर्ति की मजबूती ठीक नहीं है। इसी वजह से किसी हादसे से बचने के लिए इसे हटाने की सलाह दी गई। पश्चिम बंगाल के विधायक शरदवत मुखर्जी ने ESPN को बताया, “अर्जेंटीना के फुटबॉल लेजेंड की मूर्ति अनसेफ पाई गई। हमने देखा कि मूर्ति हवा में हिल रही है।”
27 दिन में किया गया तैयार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस स्मारक को सिर्फ 27 दिनों में तैयार किया गया था। अब अधिकारी ऐसी दूसरी जगह की तलाश कर रहे हैं, जहां इस मूर्ति को दोबारा सुरक्षित तरीके से लगाया जा सके। अर्जेंटीना के इस स्टार फुटबॉलर को सम्मान देने और उनकी यादगार जीत का जश्न मनाने के लिए फैंस ने इसे बनवाया था। बता दें, लियोनेल मेसी पिछले साल दिसंबर में अपने इंटर मियामी क्लब के साथी खिलाड़ी लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के साथ भारत दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली समेत कई शहरों का दौरा किया था।