भारतीय बॉक्सर और ओलंपिक पदक विजेता एमसी मैरी कॉम इन दिनों अपने पूर्व पति को लेकर दिए गए बयान को लेकर चर्चा में हैं। मैरी कॉम के दिए गए बयान की काफी आलोचना हुई थी। वहीं अब बॉक्सर एमसी मैरी कॉम ने अपने अपने पूर्व पति ओनलर कॉम को लेकर दिए गए बयान पर अपनी सफाई दी है। रविवार को इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में कहा कि टॉक शो के दौरान उनकी बातों को गलत तरीके से समझा गया। इसके साथ ही एमसी मैरी कॉम ने अपनी शादी से जुड़े विवाद पर खुलकर बात की।
ओलंपिक पदक विजेता ने साफ किया कि उनकी बातें सालों से अंदर दबे दर्द, डिप्रेशन, खुद को इस्तेमाल किया हुआ महसूस करने और धोखे के अनुभव का नतीजा थीं। उन्होंने साफ किया कि ये सब भावनाओं में बहकर कहा गया था न कि किसी को नुकसान पहुंचाने के इरादे से।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
छह बार की वर्ल्ड चैंपियन मैरी कॉम ने आरोप लगाया कि उनके साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी हुई। उन्होंने बताया कि अपनी कमाई से खरीदी गई जमीन भी उन्होंने गंवा दी, जिसे बाद में अंडरग्राउंड ग्रुप्स ने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने दावा किया, “सच कहूं तो उन्होंने (ओनलर) मुझसे शादी की और मेरी कमाई से सब कुछ हासिल किया। उन्होंने खुद एक भी रुपया नहीं कमाया।”
मैरी ने इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में मैरी कॉम ने कहा, “मैं ये साफ करना चाहती हूं कि मेरी शादी हमेशा असफल नहीं रही। कई सालों तक सब कुछ ठीक था, लेकिन बाद में जब भरोसा पूरी तरह टूट गया, तो हालात बदल गए।” उन्होंने आगे कहा, “इसके बावजूद, अप्रैल 2025 में तलाक होने और मेरे खिलाफ प्रेस रिलीज जारी होने के बाद भी मैंने न तो सार्वजनिक रूप से और न ही मीडिया में कोई बयान दिया। मैंने हमेशा खुद को सम्मान और संयम के साथ रखा है।”
मेरे बयान को गलत तरीके से समझा
पुर्व राज्यसभा सदस्य एमसी मैरी कॉम ने कहा कि, उनके बयानों को गलत तरीके से समझा गया है। उन्होंने साफ किया कि उनका इरादा किसी भी खास खेल या स्पोर्ट्स से जुड़े लोगों को निशाना बनाने का नहीं था। उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया पर मेरे बयान को गलत दिशा में ले जाया गया, जो वाकई दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं बिल्कुल भी यूथ फुटबॉल, संस्कृति या फुटबॉल समुदाय के खिलाफ नहीं हूं। मैं एक बॉक्सर हूं, लेकिन दिल से फुटबॉल पसंद करती हूं और खुद भी फुटबॉल खेलना मुझे अच्छा लगता है। मेरा बयान किसी भी खेल या खिलाड़ियों के खिलाफ नहीं था।”
अपने बयान में मैरी ने क्या कहा
एमसी मैरी कॉम ने अपने बयान से भावनाएं आहत होने पर “बड़े पुरुष समुदाय” से माफी मांगी। उन्होंने आगे कहा, “हर कोई सड़कों से शुरुआत करता है, लेकिन जो लोग कड़ी मेहनत करते हैं, पसीना बहाते हैं और आखिर तक डटे रहते हैं, वही सुनील छेत्री या बाइचुंग भूटिया जैसे खिलाड़ी बनते हैं। हमारा यही कहना था। मेरे एक्स ने कहा था कि उन्होंने अपना फुटबॉल करियर कुर्बान कर दिया। वह शिलांग में फुटबॉल खेलते थे, लेकिन फुटबॉल छोड़ने के बाद मैं उनसे बाद में दिल्ली में मिली।”
उन्होंने अंत में कहा, “मैं उन सभी लोगों से, खासकर पुरुष समुदाय से, जो 'आप की अदालत' शो में मेरे बयान से आहत या निराश हुए, दिल से माफी मांगती हूं। मेरा यह बयान कभी भी सभी पुरुषों के लिए नहीं था और न ही किसी को नीचा दिखाने या अपमानित करने के इरादे से दिया गया था। यह टिप्पणी पूरी तरह हमारे आपसी झगड़ों और निजी मुद्दों से जुड़ी थी।" उन्होंने आगे कहा, "उस वक्त मैं भावनात्मक रूप से बेहद टूट चुकी थी—सालों का दबा हुआ दर्द, डिप्रेशन, खुद को इस्तेमाल किया हुआ महसूस करना और धोखे की भावना एक साथ सामने आ गई थी। मैं साफ करना चाहती हूं कि इस बयान को किसी सीख, सोच या विचारधारा के रूप में न देखा जाए। मैं किसी भी तरह की नकारात्मक सोच या कहानी को बढ़ावा नहीं देती।”