Asia Cup Trophy: एशिया कप ट्रॉफी को लेकर अभी भी गतिरोध बना हुआ है। बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) को श्रीलंका तथा अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड का समर्थन मिलने के बावजूद एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के प्रमुख मोहसिन नकवी मानने को तैयार नहीं हैं। इस बीच, BCCI ने ACC प्रमुख मोहसिन नकवी को एक औपचारिक पत्र लिखकर एशिया कप ट्रॉफी सौंपने का अनुरोध किया है। ACC ने कथित तौर पर मंगलवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड को जवाब दिया कि वे नवंबर के पहले हफ्ते में दुबई में एक ट्रॉफी प्रेजेंटेशन सेरेमनी आयोजित करेंगे।
'Geo News' की एक रिपोर्ट के अनुसार, अंदरूनी सूत्रों ने खुलासा किया है कि ACC अगले महीने एक इवेंट में भारत को एशिया कप ट्रॉफी सौंपने को तैयार है। ACC ने कथित तौर पर BCCI से कहा, "अगर आप ट्रॉफी चाहते हैं, तो हम एक सेरेमनी आयोजित कर सकते हैं। और वहां आप इसे (ट्रॉफी) ले सकते हैं।" ट्रॉफी अभी तक चैम्पियन भारतीय टीम को मिली नहीं है।
ACC के एक शीर्ष सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि नकवी ने कहा है कि बीसीसीआई का कोई प्रतिनिधि दुबई में एसीसी मुख्यालय से ट्रॉफी उनसे ले सकता है। लेकिन भारतीय बोर्ड ने इससे इनकार कर दिया। बीसीसीआई अगले महीने ICC की बैठक में यह मसला उठाएगा। आईसीसी के प्रमुख बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह हैं।
एसीसी सूत्रों ने कहा, "बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया, एसीसी में बीसीसीआई के प्रतिनिधि राजीव शुक्ला और श्रीलंका तथा अफगानिस्तान समेत अन्य सदस्य बोर्ड के प्रतिनिधियों ने पिछले सप्ताह एसीसी को पत्र लिखकर ट्रॉफी भारत को देने के लिए कहा।"
उन्होंने कहा, "लेकिन उनका जवाब था कि BCCI से किसी को दुबई आकर उनसे ट्रॉफी लेनी होगी। इसलिए मामले में गतिरोध बना हुआ है। बीसीसीआई ने साफ तौर पर कहा है कि वह नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे। अब इस पर फैसला आईसीसी की बैठक में होगा।"
BCCI के पत्र के बाद नकवी की ओर से आए जवाब में कहा गया है कि उन्हें पहले बताया नहीं गया था कि भारतीय खिलाड़ी उनसे ट्रॉफी लेने का बहिष्कार करने वाले हैं। पत्र में कहा गया, "जब समारोह होने वाला था। मंच पर सभी गेस्ट पहुंच गए थे। तब बीसीसीआई के प्रतिनिधि ने बताया कि भारतीय टीम एशिया कप ट्रॉफी और पुरस्कार नहीं लेगी।"
लेटर में आगे कहा गया, "एसीसी अध्यक्ष ने तमाम गेस्ट के साथ करीब 40 मिनट तक इंतजार किया ताकि पुरस्कार वितरण समारोह की गरिमा बनी रहे और इस पर राजनीति का प्रभाव नहीं पड़े। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।"
पत्र में कहा गया, "एसीसी ट्रॉफी भारतीय क्रिकेट टीम की है और इसे तब तक यहां रखा जाएगा जब तक कि बीसीसीआई का कोई पदाधिकारी किसी भी उपलब्ध प्रतिभागी खिलाड़ी के साथ एसीसी अध्यक्ष से इसे प्राप्त नहीं कर लेता।"
इसमे आगे कहा गया, "इस तरह से ट्रॉफी लेने को निश्चित रूप से बहुत धूमधाम और कवरेज के साथ किया जाएगा क्योंकि स्थापित प्रथाओं से अलग कुछ नहीं होना चाहिए और कोई मिसाल नहीं कायम की जानी चाहिए जो उस खेल की भावना को कमजोर करे जिसे हम सभी प्यार करते हैं।"
पहलगाम हमले का खिलाड़ियों ने दिया था जवाब!
पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए भारतीय टीम ने एशिया कप के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। फिर फाइनल में उनके ट्रॉफी भी नहीं ली। दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले हुए और तीनों भारत ने जीते। नकवी ने एशिया कप के दौरान अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत की सैन्य कार्रवाई का मजाक उड़ाने वाले वीडियो और मीम्स डाले थे।
ट्रॉफी प्रकरण के बाद दोनों देशों के प्रतिनिधियों का आमना सामना एसीसी बैठक में भी हुआ। इसमें बीसीसीआई अधिकारियों ने ट्रॉफी नहीं देने के लिए नकवी को आड़े हाथों लिया था। सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान रवाना होने से पहले नकवी ने एसीसी स्टाफ को निर्देश दिया है कि उनके आदेश के बिना ट्रॉफी किसी को नहीं दी जाए या हटाई नहीं जाए।