ऑस्ट्रेलिया ओपन 2026 में नोवाक जोकोविच ने रचा इतिहास, टेनिस इतिहास में ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

सर्बिया के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने स्पेन के पेड्रो मार्टिनेज को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। मेलबर्न में 100वीं जीत हासिल कर नोवाक जोकोविच ने पुरुष टेनिस में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। वह पहले ऐसे पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में कम से कम 100 मैच जीते हों

अपडेटेड Jan 19, 2026 पर 9:37 PM
अब नोवाक जोकोविच का अगला मुकाबला इटली के क्वालिफायर खिलाड़ी फ्रांसेस्को माएस्ट्रेली से होगा

ऑस्ट्रेलिया ओपन 2026 में सर्बिया के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने शानदार अंदाज में अपने सफर की शुरुआत की है। नोवाक जोकोविच ने मेलबर्न में उतरते ही एक बार फिर दिखा दिया कि ऑस्ट्रेलियन ओपन का कोर्ट उन्हें क्यों सबसे ज्यादा रास आता है। 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के इरादे से उतरे जोकोविच ने पहले ही मैच में दमदार खेल दिखाया। जोकोविच ने स्पेन के पेड्रो मार्टिनेज को 6-3, 6-2, 6-2 से हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। पूरे मुकाबले में उनका खेल पूरी तरह नियंत्रण में और विरोधी के लिए बेहद मुश्किल नजर आया, जिससे साफ हो गया कि वह इस बार भी खिताब के प्रबल दावेदार हैं।

अब नोवाक जोकोविच का अगला मुकाबला इटली के क्वालिफायर खिलाड़ी फ्रांसेस्को माएस्ट्रेली से होगा। इस टूर्नामेंट की राह लंबी है और जोकोविच की नजर सिर्फ अगले मैच पर नहीं, बल्कि पूरे खिताब की दौड़ पर टिकी हुई है। इस जीत के साथ जोकोविच ने कई रिकॉर्ज अपने नाम किया है।

जोकोविच ने बनाया रिकॉर्ड


मेलबर्न में 100वीं जीत हासिल कर नोवाक जोकोविच ने पुरुष टेनिस में एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। वह पहले ऐसे पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में कम से कम 100 मैच जीते हों। जोकोविच इससे पहले विंबलडन और फ्रेंच ओपन में भी 100 से ज्यादा मुकाबले जीत चुके हैं। यह उपलब्धि उनके लंबे और लगातार शानदार करियर को दिखाती है, जिसमें उन्होंने हर बड़े मंच पर खुद को साबित किया है।

ये मेरा पसंदीदा कोर्ट है

यह जीत जोकोविच के लिए ऑस्ट्रेलियन ओपन में 100वीं जीत साबित हुई। मैच के बाद रॉड लेवर एरिना में बात करते हुए 38 साल के जोकोविच के चेहरे पर साफ खुशी दिखी। उन्होंने कहा, “यहां एक बार फिर लौटकर आना बहुत अच्छा लग रहा है। सच कहूं तो यह मेरा सबसे पसंदीदा कोर्ट है। 100 जीत का आंकड़ा वाकई खास है। मैं हमेशा कोर्ट पर अपना बेस्ट देने की कोशिश करता हूं, क्योंकि इतिहास बनाना मेरे लिए बड़ी मोटिवेशन है। मैं खुशकिस्मत हूं कि मैं अभी भी इस लेवल पर खेल रहा हूं।"

सोमवार की जीत उनके करियर की 81वीं ग्रैंड स्लैम जीत भी रही, जिसके साथ वह मेंस सिंगल्स में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीत के मामले में रोजर फेडरर और फेलिसियानो लोपेज के बराबर पहुंच गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।