'हमें मैच से पहले बर्तन धोने पड़े...' पाकिस्तानी खिलाड़ियों का बुरा हाल, कैप्टन ने बताया अपना दुख

Pakistan Hockey Team: ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद कप्तान शकील अहमद बट ने पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलीं, रहने की व्यवस्था ठीक नहीं थी और मैच से पहले उन्हें बर्तन तक साफ करने पड़े

अपडेटेड Feb 18, 2026 पर 3:52 PM
Story continues below Advertisement
बट के मुताबिक हालात इतने खराब थे कि मैच से पहले उन्हें खुद बर्तन तक साफ करने पड़े (Photo: Social Media)

Pakistan Hockey Team: पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान शकील अहमद बट ने ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन पर खुलकर नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दौरे के दौरान खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलीं। टीम के खिलाड़ी रहने की ठीक व्यवस्था न होने की वजह से वह सड़कों पर भटकते रहे। बट के मुताबिक हालात इतने खराब थे कि मैच से पहले उन्हें खुद बर्तन तक साफ करने पड़े। लाहौर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि संघ की ओर से सही जानकारी नहीं दी जा रही थी और अब हालात बर्दाश्त से बाहर हो चुके हैं।

शकील अहमद बट ने लाहौर एयरपोर्ट पर कहा, “हम फेडरेशन के मौजूदा मैनेजमेंट के साथ काम नहीं कर सकते। जब खिलाड़ियों को मैच खेलने से पहले किचन साफ करना और बर्तन धोने पड़ें, तो आप हमसे क्या उम्मीद करते हैं?”

एयरपोर्ट पर किए घंटों इंतजार


वहीं पाकिस्तान खेल बोर्ड (पीएसबी) ने कन्फर्म किया कि उसने एफआईएच प्रो लीग के ऑस्ट्रेलिया लेग के दौरान होटल इंतजाम के लिए पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन को 1 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जारी की थी। इसके बावजूद खबरें आईं कि टीम को कैनबरा रवाना होने से पहले सिडनी एयरपोर्ट पर करीब 13-14 घंटे इंतजार करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर खिलाड़ियों को बताया गया कि भुगतान नहीं होने की वजह से उनके लिए किसी होटल में बुकिंग ही नहीं की गई है। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर और सवाल खड़े कर दिए हैं।

रहने का खराब इंतजाम

दूसरी व्यवस्था होने से पहले खिलाड़ियों को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद अगले दिन दोपहर पाकिस्तान का मैच ऑस्ट्रेलिया से हुआ, जिसमें टीम को 3-2 से हार का सामना करना पड़ा। यही नहीं, पूरे दौरे में पाकिस्तान एक भी मैच नहीं जीत सका और जर्मनी के खिलाफ मुकाबला भी हार गया। बट ने कहा, “सबसे खराब बात ये रही कि हमारे लिए एयरबीएनबी में रहने की व्यवस्था सिर्फ 10 दिनों के लिए की गई थी, जबकि हमें वहां 13 दिन रुकना था। 10 दिन पूरे होने के बाद हमें एक सस्ते घर में शिफ्ट होना पड़ा।”

जांच के दिए निर्दश

वहीं शकील अहमद बट ने आरोप लगाया कि खिलाड़ियों को इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से बोलने से मना किया गया था। उन्होंने कहा कि, 'मैं इसलिए बोल रहा हूं क्योंकि ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान टीम को काफी मुश्किल हालात से गुजरना पड़ा।' बट ने टीम के लिए विदेशी कोच और बेहतर मैनेजमेंट की भी मांग की। पीएसबी के डायरेक्टर जनरल नूर उस सबा ने बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के लिए एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, क्योंकि उन्होंने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। शहबाज शरीफ पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के मुख्य संरक्षक भी हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।