फुटबॉल का ऐसा जुनून! वर्ल्ड कप फाइनल देखने के लिए भारत के इस राज्य में स्कूलों की छुट्टी

FIFA World Cup 2026 final: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना टीम अपने विश्व कप खिताब को बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली स्पेन की टीम अपना दूसरा फीफा वर्ल्ड कप खिताब जीतने की कोशिश करेगी

अपडेटेड Jul 19, 2026 पर 4:09 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
फुटबॉल वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला देर रात स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा।

फुटबॉल वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला देर रात स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा। वहीं फाइनल को लेकर भारत में भी फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। इसी को देखते हुए केरल सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सोमवार को सामान्य शिक्षा विभाग के तहत आने वाले सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है, ताकि छात्र आराम से फाइनल मुकाबला देख सकें।

यह फैसला छात्रों की मांग के बाद लिया गया। छात्रों का कहना था कि अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाला फाइनल मुकाबला देर रात खेला जाएगा, इसलिए मैच देखने के बाद अगली सुबह स्कूल जाना उनके लिए मुश्किल होगा। भारतीय समय के अनुसार यह रोमांचक मुकाबला सोमवार देर रात 12:30 बजे शुरू होगा। सरकार के इस फैसले से फुटबॉल प्रेमी छात्रों में काफी खुशी है।

शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी


केरल के शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन ने सोशल मीडिया के जरिए स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की। उन्होंने छात्रों से मजाकिया अंदाज में पूछा, "अब खुश हो, बच्चों?" सरकार के इस फैसले की पूरे केरल में चर्चा हो रही है। राज्य में फुटबॉल को लेकर लोगों में जबरदस्त दीवानगी है और बड़ी संख्या में लोग फीफा वर्ल्ड कप के मुकाबले देखते हैं। छुट्टी की मांग को राजनीतिक समर्थन भी मिला था। सीपीआई (एम) के नेता और पूर्व शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने सरकार से छात्रों के हित में स्कूलों में छुट्टी घोषित करने की अपील की थी। उनका कहना था कि देर रात तक फाइनल देखने के बाद छात्रों के लिए अगले दिन स्कूल जाना मुश्किल होगा। उन्होंने यह भी सुझाव दिया था कि पढ़ाई का नुकसान न हो, इसके लिए शनिवार की छुट्टी को कार्य दिवस बनाकर उसकी भरपाई की जा सकती है।

विपक्ष ने भी किया समर्थन

स्कूलों में छुट्टी की मांग को विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के नेताओं ने भी समर्थन दिया। वहीं, मुख्यमंत्री वी.डी. सतीसन ने भी माना कि फीफा वर्ल्ड कप फाइनल को लेकर पूरे केरल में फुटबॉल का जबरदस्त उत्साह है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले को लेकर राज्य में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा फुटबॉल प्रेमी बिना किसी चिंता के देर रात तक मैच का आनंद लें और उन्हें अगले दिन स्कूल या कॉलेज जाने की फिक्र न रहे। इसी वजह से सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जागकर मैच देखें, अपनी पसंदीदा टीम का उत्साह बढ़ाएं और इस रोमांचक मुकाबले का पूरा आनंद लें।

खिताब बचाने उतरेगी अर्जेंटीना

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना टीम अपने विश्व कप खिताब को बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली स्पेन की टीम अपना दूसरा फीफा वर्ल्ड कप खिताब जीतने की कोशिश करेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।