Samsung Galaxy Z Fold 8 Wide: Samsung के अगले जनरेशन के फोल्डेबल फोन अभी लॉन्च होने में कुछ हफ्ते दूर हैं, लेकिन इनके बारे में लीक और अफवाहें तेजी से सामने आ रही हैं। दक्षिण कोरिया की टेक कंपनी Samsung जुलाई में होने वाले Galaxy Unpacked इवेंट में Galaxy Z Fold 8 सीरीज लॉन्च कर सकती है। वहीं, अब एक नए लीक में इस फोन की पहली झलक ऑनलाइन सामने आई हैं। ये तस्वीरें मशहूर टिप्स्टर Ice Universe ने X (Twitter) पर शेयर की हैं।
इन फोटोज में बताया जा रहा है कि Samsung के आने वाले इस वाइड-फॉर्मेट फोल्डेबल फोन को दक्षिण कोरिया में कंपनी में काम करने वाले एक कर्मचारी ने सार्वजनिक जगह पर इसका इस्तेमाल किया था।
हालांकि तस्वीरें बहुत साफ नहीं हैं, लेकिन फिर भी ये Samsung के इस नए फोल्डेबल फोन की पहली झलक मानी जा रही हैं।
Samsung Galaxy Z Fold 8 का डिजाइन
Ice Universe के मुताबिक, ये तस्वीरें कोरिया के एक रेस्टोरेंट में दूर से 20x जूम का इस्तेमाल करके ली गई हैं। ऐसे में डिवाइस को साफ तौर पर पहचानना काफी मुश्किल है। इस लीक को खास बनाने वाली बात यह है कि फोन के चारों तरफ एक भारी-भरकम प्रोटेक्टिव केस लगा हुआ है। Samsung आमतौर पर अपने टेस्टिंग डिवाइसेज को छिपाने के लिए खास “एंटी-लीक” केस का इस्तेमाल करती है, जिससे फोन का असली डिजाइन, कैमरा सेटअप और साइज बाहर न दिखे।
फिर भी, तस्वीरों में फोन के कुछ हिस्से जैसे फ्रेम और डिस्प्ले हल्के-फुल्के तौर पर नजर आ रहे हैं, जिससे इसके डिजाइन को लेकर कुछ संकेत जरूर मिलते हैं कि अंदर क्या हो सकता है।
लीक हुई तस्वीरों के आधार पर, यह डिवाइस Samsung के मौजूदा Galaxy Z Fold मॉडल की तुलना में काफी चौड़ा दिखाई देता है। यह बात पहले आई उन रिपोर्ट्स से भी मेल खाती है, जिनमें कहा गया था कि Samsung एक ऐसे नए “बुक-स्टाइल” फोल्डेबल पर काम कर रहा है जिसका डिजाइन ज्यादा चौड़ा होगा। इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य पुराने Fold डिवाइसों की सबसे बड़ी कमी को दूर करना बताया जा रहा है-यानी उनका पतला और थोड़ा असुविधाजनक बाहरी डिस्प्ले।
लीक हुई तस्वीरों में दिख रहा अनुपात उन पहले से सामने आए रेंडर्स से भी मेल खाता है, जो कथित Galaxy Z Fold 8 Wide को लेकर चर्चा में थे।
यह नया लीक तब सामने आया है जब टिप्स्टर Ice Universe ने Samsung की नामकरण रणनीति को लेकर एक और चौंकाने वाला दावा किया है। टिप्स्टर के अनुसार, जिसे अब तक Galaxy Z Fold 8 Wide कहा जा रहा था, वह असल में लॉन्च होकर सिर्फ Galaxy Z Fold 8 नाम से आ सकता है।
वहीं, जिस मॉडल को पहले Galaxy Z Fold 8 माना जा रहा था, उसे कंपनी Galaxy Z Fold 8 Ultra नाम से पेश कर सकती है।
इस बीच, Samsung के नए फोल्डेबल लाइनअप के जुलाई 22 को लंदन में होने वाले Galaxy Unpacked इवेंट में लॉन्च होने की उम्मीद जताई जा रही है।