रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple आने वाले समय में अपने सबसे बड़े प्रोडक्ट लॉन्च में से एक की तैयारी कर रही है। कहा जा रहा है कि 2027 के आखिर तक कंपनी करीब 20 नए डिवाइस लॉन्च कर सकती है। ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन की एक रिपोर्ट के अनुसार, क्यूपर्टिनो-बेस्ड यह टेक कंपनी iPhone, Mac, Apple Watch, AirPods और स्मार्ट होम डिवाइस जैसे कई तरह के प्रोडक्ट्स पर काम कर रही है।
वहीं, WWDC 2026 में एडवांस Siri का बीटा वर्जन पेश करने के बाद अब कंपनी उन नए हार्डवेयर प्रोडक्ट्स को भी लॉन्च करने की तैयारी में है, जिनकी लॉन्चिंग पहले किसी वजह से टाल दी गई थी।
इसमें Apple Intelligence से लैस अधिक स्मार्ट डिवाइस भी शामिल होंगे। iPhone लाइनअप की बात करें तो, Apple के iPhone 18 Pro मॉडल को नए A20 Pro चिप, पहले से छोटे Dynamic Island और वैरिएबल अपर्चर जैसे कैमरा अपग्रेड्स के साथ लॉन्च किए जाने की संभावना है।
इसके अलावा, सबसे बड़ी खासियत एक फोल्डेबल iPhone Ultra हो सकता है, जिसमें बड़ी अंदरूनी डिस्प्ले हो सकती है और जो iPad की तरह मल्टीटास्किंग को सपोर्ट कर सकता है।
खबरों के मुताबिक, Apple अपनी 20वीं सालगिरह के मौके पर खास iPhone मॉडल्स पर भी काम कर रहा है, जिसमें लगभग एज-टू-एज कर्व्ड डिस्प्ले हो सकता है।
वियरेबल्स की बात करें तो, Apple Watch Series 12 और Ultra 4 में तेज चिप्स और शायद नए हेल्थ फीचर्स मिल सकते हैं। साथ ही, सैटेलाइट फीचर्स का दायरा भी बढ़ सकता है, जिससे बिना नेटवर्क कवरेज के भी मैसेजिंग और मैप्स का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
साथ ही, iPad में ज्यादा पावरफुल चिप्स और Apple Intelligence सपोर्ट जैसे अपग्रेड्स की उम्मीद है। iPad mini में आखिरकार OLED डिस्प्ले और बेहतर ड्यूरेबिलिटी मिल सकती है।
MacRumors के अनुसार, Macs में भी बड़े अपग्रेड्स होने वाले हैं। उम्मीद है की 2027 तक OLED डिस्प्ले और टच सपोर्ट वाला नया डिजाइन किया गया MacBook Ultra आ जाएगा। वहीं, Mac Studio, Mac mini और iMac जैसे अन्य Mac डिवाइस अगली जनरेशन के M5 चिप्स के साथ आने की संभावना है।
होम और ऑडियो कैटेगरी में Apple, डिस्प्ले से लैस नया स्मार्ट होम हब, साथ ही अपडेटेड Apple TV और HomePod mini भी लॉन्च कर सकता है।
इसके अलावा, AI फीचर्स के लिए कैमरा से लैस नए AirPods और Apple Glasses पर भी काम चल रहा है। MacRumors की रिपोर्ट के अनुसार, चर्चित स्मार्ट ग्लासेस में ओवल-शेप कैमरे, कस्टम फ्रेम डिजाइन और कई अन्य एडवांस फीचर्स मिल सकते हैं।