Apple iPhone Fold: Apple का लंबे समय से चर्चा में रहा फोल्डेबल iPhone अब लॉन्च के काफी करीब माना जा रहा है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन नई लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फोन अगले कुछ महीनों में लॉन्च हो सकता है। एक रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फोन का नाम iPhone Fold हो सकता है। इस डिवाइस में लगभग न दिखने वाली डिस्प्ले क्रीज और फ्लैगशिप हार्डवेयर मिलने की उम्मीद है। वहीं भारत में इसकी कीमत 2 लाख रुपये से ज्यादा हो सकती है।
Apple iPhone Fold: डिजाइन और स्पेसिफिकेशन्स (अनुमानित)
कई लीक के अनुसार, Apple का पहला फोल्डेबल डिवाइस Samsung की Fold सीरीज जैसा बुक-स्टाइल डिजाइन वाला होगा, लेकिन खोलने पर यह ज्यादा चौड़ा होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फोन में दो OLED डिस्प्ले मिल सकती हैं। बाहर की तरफ एक छोटी स्क्रीन होगी, जिससे रोजमर्रा के काम किए जा सकेंगे। वहीं, फोन खोलने पर अंदर बड़ी स्क्रीन मिलेगी, जिससे यह एक छोटे टैबलेट जैसा अनुभव देगा।
वीबो (Weibo) पर 'डिजिटल चैट स्टेशन' से हाल ही में लीक हुई जानकारी के अनुसार, इसके अंदरूनी डिस्प्ले का साइज 7.76 इंच और रिजोल्यूशन 2713 x 1920 पिक्सल हो सकता है। इसमें Apple का पहला अंडर-डिस्प्ले सेल्फी कैमरा होने की भी उम्मीद है। वहीं, बाहरी स्क्रीन के 5.49-इंच OLED पैनल और पंच-होल फ्रंट कैमरे के साथ आने की चर्चा है।
इस डिवाइस में Apple का आने वाला A20 Pro चिपसेट हो सकता है, जिसके साथ 12GB LPDDR5X RAM और कंपनी का अपना C2 मॉडेम दिया जा सकता है। इसके अलावा, इसमें 5400mAh से 5700mAh के बीच बैटरी हो सकती है।
कैमरों की बात करें तो, लीक से पता चलता है कि अमेरिका की टेक कंपनी इसमें डुअल 48MP का रियर कैमरा सिस्टम दे सकती है। साथ ही बाहरी और अंदरूनी डिस्प्ले के लिए अलग-अलग सेल्फी कैमरे भी ऑफर कर सकती है।
Apple iPhone Fold: कीमत और लॉन्च डेट (अनुमानित)
अगर लीक सही साबित होते हैं, तो कीमत के मामले में iPhone Fold शायद Apple के स्मार्टफोन पोर्टफोलियो में सबसे ऊपर होगा। इंडस्ट्री के अनुमानों के मुताबिक, इस हैंडसेट की शुरुआती कीमत दुनिया भर में $2,000 से $2,500 के बीच हो सकती है। भारत में इसकी कीमत लगभग 2,00,000 रुपये या उससे भी ज्यादा हो सकती है।
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन के अनुसार, Apple का सालाना सितंबर लॉन्च इवेंट 9 सितंबर 2026 को आयोजित किया जा सकता है। उम्मीद है कि इस इवेंट में कंपनी iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ अपना पहला फोल्डेबल iPhone भी लॉन्च कर सकती है।