Apple: कमाई के मामले में एपल ने तोड़े सारे रिकॉर्ड! टिम कुक बोले- 'भारत में हैं असीम संभावनाएं...'

Apple India: iPhone 16 वर्ष 2025 में भारत में सबसे अधिक बिकने वाला स्मार्टफोन रहा। फेस्टिव सीजन और आसान फाइनेंसिंग ने इसे आम लोगों की पहुंच में ला दिया है। एपल की भारत में पकड़ मजबूत होने का एक बड़ा कारण 'मेड इन इंडिया' पहल है। अब हर 5 में से 1 आईफोन भारत में ही असेंबल/मैन्युफैक्चर हो रहा है

अपडेटेड Jan 30, 2026 पर 10:47 AM
Story continues below Advertisement
एपल के लिए सबसे उत्साहजनक बात यह है कि भारत में आईफोन और मैक खरीदने वाले अधिकांश लोग 'फर्स्ट-टाइम बायर्स' हैं

Apple CEO Tim Cook: टेक दिग्गज Apple के सीईओ टिम कुक ने भारत को कंपनी का सबसे बड़ा 'ग्रोथ इंजन' बताया है। दिसंबर तिमाही (Q1 2026) के नतीजों के दौरान कुक ने घोषणा की कि एपल ने भारत में अब तक का सबसे अधिक तिमाही राजस्व हासिल किया है। आईफोन, मैक और आईपैड की रिकॉर्ड बिक्री के साथ-साथ 'सर्विसेज' (App Store, Music आदि) से होने वाली कमाई भी ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है।

भारत में एपल के लिए 'सुनहरा अवसर'

टिम कुक ने भारत के बाजार को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, 'हमने भारत में आईफोन, मैक और आईपैड के लिए तिमाही राजस्व के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। यह हमारे लिए एक शानदार तिमाही रही।' एपल के लिए सबसे उत्साहजनक बात यह है कि भारत में आईफोन और मैक खरीदने वाले अधिकांश लोग 'फर्स्ट-टाइम बायर्स' हैं। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार है, लेकिन एपल की हिस्सेदारी यहां अभी भी करीब 9% है। कुक का मानना है कि यहां विस्तार की 'असीम संभावनाएं' हैं।


2025 में सबसे ज्यादा बिका आईफोन 16

काउंटरप्वाइंट रिसर्च के ताजा आंकड़ों के अनुसार, एपल ने 2025 का अंत भारत में अपनी अब तक की सबसे अधिक बाजार हिस्सेदारी (वॉल्यूम में 9% और वैल्यू में 28%) के साथ किया। iPhone 16 वर्ष 2025 में भारत में सबसे अधिक बिकने वाला स्मार्टफोन रहा। फेस्टिव सीजन और आसान फाइनेंसिंग (No-cost EMI) ने इसे आम लोगों की पहुंच में ला दिया है। एपल की भारत में पकड़ मजबूत होने का एक बड़ा कारण 'मेड इन इंडिया' पहल है। अब हर 5 में से 1 आईफोन भारत में ही असेंबल/मैन्युफैक्चर हो रहा है।

'हालो इफेक्ट' से बढ़ रही डिमांड

टिम कुक ने कहा, 'भारत में हम जो देख रहे हैं, वह हमें बेहद उत्साहित करता है। वहां हमारा इंस्टॉल्ड बेस डबल-डिजिट में बढ़ रहा है और एपल का 'हालो इफेक्ट' यानी एक प्रोडक्ट से दूसरे की ओर खिंचाव साफ दिख रहा है।' रिपोर्ट्स के अनुसार, एपल अपनी M6 चिप को जल्द ही लॉन्च कर सकता है। साथ ही कंपनी भारत को केवल एक प्रोडक्शन हब ही नहीं, बल्कि 2027 और उसके बाद के लिए एक बड़े डिमांड मार्केट के रूप में देख रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।