खबरों के मुताबिक, Apple अगले महीने, यानी 8 या 9 सितंबर के आसपास अपना हार्डवेयर इवेंट आयोजित करने की योजना बना रहा है। इस संभावित इवेंट से पहले, एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि क्यूपर्टिनो की यह टेक कंपनी कम से कम 8 नए प्रोडक्ट लॉन्च कर सकती है, जिनमें उसका पहला फोल्डेबल iPhone, iPhone 18 Pro मॉडल और अन्य शामिल हैं। बता दें कि iPhone लॉन्च इवेंट में अब एक महीने से भी कम समय बचा है, ऐसे में यहां उन डिवाइस की पूरी लिस्ट दी गई है जिन्हें Apple जल्द ही लॉन्च कर सकता है।
लॉन्च होंगे ये दमदार प्रोडक्ट्स
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन के अनुसार, Apple सितंबर में होने वाले लॉन्च इवेंट में iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max, iPhone Ultra (फोल्डेबल), Apple Watch Series 12, Apple Watch Ultra 4, नया Apple TV 4K, HomePod mini 2 और HomePod / HomePod Touch की घोषणा कर सकता है।
मार्क गुरमन ने बताया कि इस इवेंट में सबसे बड़ा आकर्षण Apple का पहला फोल्डेबल iPhone हो सकता है। इसके अलावा कंपनी iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max भी लॉन्च कर सकती है। साथ ही, Apple Watch Series 12 और Apple Watch Ultra 4 भी इवेंट का हिस्सा हो सकती हैं।
गुरमन के मुताबिक, Apple का नया Apple TV सेट-टॉप बॉक्स और HomePod mini भी इस साल के अंत में लॉन्च के लिए तैयार हैं। इसलिए सितंबर के इवेंट में इन दोनों डिवाइस को पेश किए जाने की उम्मीद है।
इसके अलावा, Apple अपना पहला स्मार्ट होम हब भी लाने की तैयारी कर रहा है। इसे अक्टूबर से अगले साल की शुरुआत के बीच लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, Apple सितंबर के इवेंट में इसकी झलक या शुरुआती जानकारी जरूर दे सकता है।
उनके मुताबिक, Apple इस साल के अंत में नया iPad mini भी लॉन्च कर सकता है। हालांकि, मार्क गुरमैन ने इसे उन प्रोडक्ट्स के साथ रखा है जिनके अक्टूबर में लॉन्च होने की संभावना है, जिसमें M6-पावर्ड MacBook Pro भी शामिल है।
सितंबर के लिए गुरमन की ओर से बताए गए ज्यादातर प्रोडक्ट्स हाल की रिपोर्ट्स से मेल खाते हैं और ये Apple के आम लॉन्च पैटर्न के भी अनुरूप हैं।
Apple आमतौर पर अपने नए iPhone और Apple Watch मॉडल एक साथ पेश करता है। चूंकि ये प्रोडक्ट्स iPhone इकोसिस्टम से गहराई से जुड़े हुए हैं, इसलिए इन्हें नए iPhones के साथ लॉन्च करना भी समझदारी भरा होगा।
हालांकि, गुरमन ने कुछ ऐसे दूसरे प्रोडक्ट्स का जिक्र नहीं किया है, जिनके बारे में पिछली रिपोर्ट्स में दावा किया गया था। इनमें बिल्ट-इन कैमरे वाले नए AirPods, तीसरी पीढ़ी का HomePod और Apple का चर्चा में रहा सिक्योरिटी कैमरा शामिल हैं।