सितंबर में iPhone 18 Pro सीरीज और अपने पहले फोल्डेबल फोन iPhone Duo को लॉन्च करने के बाद Apple अब मार्च 2027 में स्टैंडर्ड iPhone 18 लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अब तक का सबसे महंगा स्टैंडर्ड iPhone हो सकता है। बता दें कि iPhone 17 को भारत में ₹79,900 की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था। हालांकि, इसकी मौजूदा आधिकारिक कीमत बढ़कर ₹99,900 हो गई है।
लीक हुई जानकारी के अनुसार, iPhone 18 की कीमत भारत में 1 लाख रुपये से ज्यादा हो सकती है। इसकी कीमत ₹1,10,990 से ₹1,19,990 के बीच रहने का अनुमान है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple मार्च 2027 में स्टैंडर्ड iPhone 18 के साथ iPhone 18e और iPhone Air 2 भी लॉन्च कर सकती है। कहा जा रहा है कि iPhone 18 का प्रोडक्शन नवंबर 2026 के आखिर में शुरू हो सकता है।
हालांकि, Apple ने अभी तक फोन की लॉन्च डेट और कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। ऐसे में इसकी सही कीमत, फीचर्स और लॉन्च डेट जानने के लिए कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना बेहतर होगा।
Apple iPhone 18 के अनुमानित फीचर्स
लीक्स के मुताबिक, Apple iPhone 18 में 6.3 इंच की LTPO OLED डिस्प्ले मिल सकती है। इसका स्क्रीन साइज iPhone 17 के जैसा हो सकता है। फोन की स्क्रीन में 120Hz का रिफ्रेश रेट मिलने की उम्मीद है। इससे फोन पर स्क्रॉलिंग करने और स्क्रीन पर एनिमेशन देखने का अनुभव पहले से ज्यादा स्मूद हो सकता है।
इसके अलावा, iPhone 18 में Dynamic Island का साइज छोटा किए जाने की भी चर्चा है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि Apple यह बदलाव स्टैंडर्ड मॉडल में भी करेगी या नहीं।
परफॉर्मेंस की बात करें, तो iPhone 18 में कंपनी का नया A20 चिपसेट दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह चिपसेट 2nm टेक्नोलॉजी पर तैयार किया जा सकता है। नया प्रोसेसर फोन की स्पीड और काम करने की क्षमता को बेहतर बनाने के साथ बैटरी की खपत कम करने में भी मदद कर सकता है। हालांकि, इन फीचर्स की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
iPhone बनाने वाली कंपनी इसकी मेमोरी को भी अपग्रेड कर सकती है। विश्लेषक मिंग-ची कुओ ने 9GB RAM का सुझाव दिया है, जबकि विश्लेषक जेफ पु का मानना है कि यह फोन 12GB RAM के साथ आ सकता है। वहीं, फाइनल कॉन्फिगरेशन अभी स्पष्ट नहीं है।
फोटोग्राफी के लिए, उम्मीद है कि iPhone 18 में डुअल रियर कैमरा सेटअप ही रहेगा। इसमें Apple का C2 मॉडेम भी हो सकता है, हालांकि कनेक्टिविटी में सुधार के बारे में अभी कोई पक्की जानकारी नहीं है। कुछ लीक से यह भी पता चलता है कि Apple, iPhone 18 को नए कलर और बेहतर बैटरी क्षमता के साथ पेश कर सकता है।