Samsung के Galaxy Unpacked इवेंट से कुछ दिन पहले एक नया लीक सामने आया है। इसमें कंपनी के आने वाले Galaxy Z Fold 8, Galaxy Z Fold 8 Ultra और Galaxy Z Flip 8 की आधिकारिक तस्वीरें और फीचर्स सामने आने का दावा किया गया है। इन लीक तस्वीरों को मशहूर टिप्स्टर इवान ब्लास (Evan Blass) ने शेयर किया है। इनसे Samsung के नए फोल्डेबल फोन की डिजाइन की काफी साफ झलक मिलती है।
लीक हुई तस्वीरों में तीनों फोन्स के डिजाइन, कलर ऑप्शन, कैमरा सेटअप और बैटरी से जुड़ी जानकारी दिखाई गई है। इन सभी को 22 जुलाई को लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।
लीक हुई तस्वीरों में Galaxy Z Flip 8 चेरी ब्लॉसम पिंक फिनिश में दिख रहा है। लीक हुई जानकारी के मुताबिक, इस क्लैमशेल फोल्डेबल फोन में 10MP का फ्रंट कैमरा और डुअल रियर कैमरा सेटअप होगा, जिसमें 50MP का प्राइमरी सेंसर और 12MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल होगा।
बता दें कि कैमरा हार्डवेयर पिछले साल के Galaxy Z Flip 7 जैसा ही लग रहा है। इस डिवाइस में 4,300mAh की बैटरी होने की भी उम्मीद है।
ऐसा लगता है कि स्टैंडर्ड Galaxy Z Fold 8 की जगह 'Wide Fold' ले लेगा और नया स्टैंडर्ड Z Fold 8 एक ज्यादा चौड़ा फोल्डेबल डिवाइस होगा। लीक हुई प्रमोशनल तस्वीरों में इसे लाइलैक (हल्के बैंगनी) कलर में दिखाया गया है। कहा जा रहा है कि इसमें 10MP का सेल्फी कैमरा और डुअल 50MP रियर कैमरे होगा, जिनमें वाइड और अल्ट्रा-वाइड सेंसर शामिल होंगे।
लीक से यह भी पता चलता है कि इस फोल्डेबल डिवाइस में Qualcomm का Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर होगा। यही चिपसेट Galaxy Z Fold 7 में इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, इसकी बैटरी क्षमता की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन सैमसंग के अनुसार यह फोन 26 घंटे तक वीडियो प्लेबैक दे सकता है।
प्रमोशनल मटीरियल में Fold 8 को एंटरटेनमेंट और सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर फोकस्ड डिवाइस के तौर पर दिखाया गया है और इसकी बड़ी फोल्डेबल डिस्प्ले को खास तौर पर हाइलाइट किया गया है।
Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra
फ्लैगशिप Galaxy Z Fold 8 Ultra को ब्लैक फिनिश में दिखाया गया है और उम्मीद है कि इसमें Samsung के फोल्डेबल लाइनअप का सबसे एडवांस्ड कैमरा सिस्टम होगा।
लीक के अनुसार, इसमें 200MP का प्राइमरी कैमरा, 50MP का अल्ट्रा-वाइड सेंसर और 10MP का टेलीफोटो कैमरा होगा। Fold 8 Ultra में बड़ी 5,000mAh की बैटरी होने की भी उम्मीद है, और Samsung का दावा है कि यह 27 घंटे तक का वीडियो प्लेबैक दे सकती है।
22 जुलाई को गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट
उम्मीद है कि Samsung 22 जुलाई को लंदन में होने वाले अपने 'Galaxy Unpacked' इवेंट में Galaxy Z Fold 8, Galaxy Z Fold 8 Ultra और Galaxy Z Flip 8 को आधिकारिक तौर पर पेश करेगा। साथ ही, कंपनी के इस इवेंट में नए वियरेबल्स और गैलेक्सी इकोसिस्टम के अन्य प्रोडक्ट्स की घोषणा करने की भी उम्मीद है।
हालांकि, हालिया लीक से इन डिवाइस की काफी जानकारी मिल गई है, लेकिन Samsung आधिकारिक लॉन्च के दौरान ही इनके फाइनल स्पेसिफिकेशन्स, कीमत और उपलब्धता की पुष्टि करेगा।