जिसे आपने दिल से चाहा हो उससे जब रिश्ता टूट जाता है, तो उबर पाना मुश्किल हो सकता है। कई बार तो लोगों को इससे उबरने में काफी साल लग जाते हैं। लेकिन 27 साल के जिम टैंग की कहानी बिल्कुल अलग है। गर्लफ्रेंड के साथ ब्रेकअप ने जिम की पूरा जिंदगी ही बदल दी। आइए जानते हैं इस कहानी के बारे में।
नौकरी छोड़ बन गए डिजिटल नोमैड
27 साल के जिम टैंग के पास न्यूयॉर्क में गूगल की एक शानदार नौकरी थी। वहां उन्हें साल का करीब $300,000 यानी लगभग ₹2.52 करोड़ मिल रहा था। यह उनके लिए एक सपनों की नौकरी थी। लेकिन जिम ने अपनी यह आरामदायक नौकरी छोड़ने का बड़ा फैसला लिया। उन्होंने सोचा कि वह सिर्फ पैसे कमाने के लिए नहीं, बल्कि आज़ादी और खुशियों के लिए भी जीना चाहते हैं। नौकरी छोड़ने के बाद जिम ने अपना सामान पैक किया और टोक्यो चले गए। अब वह एक डिजिटल नोमैड (Digital Nomad) की तरह रहते हैं। इसका मतलब है कि वह दुनिया में कहीं भी रहकर इंटरनेट के जरिए काम कर सकते हैं। जिम का मानना है कि इस तरह की ज़िंदगी काफी मजेदार है। अब वह अपनी पसंद की जगहों पर घूम सकते हैं, नई चीज़ें सीख सकते हैं और अपनी शर्तों पर काम कर सकते हैं।
2.52 करोड़ थी सैलरी
गूगल में अपनी 300,000 डॉलर यानी करीब 2.52 करोड़ की नौकरी छोड़ने के बाद, जिम टैंग अब टोक्यो में डिजिटल घुमक्कड़ की तरह रह रहे हैं। उन्होंने बिज़नेस इनसाइडर को बताया कि साल 2021 में वह गूगल इसलिए जॉइन हुए थे क्योंकि उन्हें लगा था कि इससे उनके माता-पिता को गर्व होगा और उनका फ्यूचर भी सेफ रहेगा। जिम कहते हैं – “मुझे अब भी याद है जब मैं अपने माता-पिता को गूगल ऑफिस लेकर गया था। उस दिन मुझे लगा जैसे हमने सचमुच अमेरिकी सपना (American Dream) हासिल कर लिया है।”
ब्रेकअप ने बदल दी जिंदगी
हालांकि गूगल में जिम को बहुत अच्छी सैलरी और ढेरों सुविधाएं मिल रही थीं फिर भी उन्हें यह काम कभी पसंद नहीं आया। जिम ने बताया कि वह गूगल के B2B एड पर काम कर रहे थे। इससे कंपनी को तो बहुत पैसा मिल रहा था, लेकिन उन्हें लगता था कि यह काम कोई खास मायने नहीं रखता। कुछ समय तक जिम ने गूगल में काम जारी रखा। वह FIRE मूवमेंट (जिसका मतलब है जल्दी रिटायर होकर आर्थिक आज़ादी पाना) के पीछे भाग रहे थे। उनका सपना था कि वह करीब 50 लाख डॉलर बचा लें और 40 साल की उम्र तक रिटायर हो जाएं। लेकिन तभी उनकी ज़िंदगी में एक ऐसा बदलाव हुआ जिससे सबकुछ बदल गया। गर्लफ्रेंड के साथ ब्रेकअप हुआ और इसके साथ ही उनका डिप्रेशन बढ़ने लगा। हालात बिगड़ने पर उन्होंने काम से छुट्टी ली और आखिरकार मई 2025 में नौकरी छोड़ दी।
अब कैसे करते हैं कमाई
गूगल छोड़ने के बाद से जिम ने अपनी ज़िंदगी को बिल्कुल नया मोड़ दिया। उन्होंने टोक्यो से शुरुआत की और अब पूरे एशिया में घूम रहे हैं। अब जिम एक क्रिएटिव और छोटे बिजनेस करने वाले की तरह जी रहे हैं। वह डिजिटल प्रोडक्ट बनाते हैं, लोगों को कोचिंग देते हैं, और यह भी बताते हैं कि उन्होंने कैसे कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर आजाद ज़िंदगी चुनी। उनकी कमाई कभी ज्यादा होती है, कभी कम, लेकिन गूगल में काम करते समय जो पैसा बचाया था, वही उन्हें आज आत्मविश्वास और हिम्मत देता है।
जिम कहते हैं कि उनकी ज़िंदगी में सबसे बड़ा बदलाव सफलता की परिभाषा को लेकर आया है। उन्होंने बिज़नेस इनसाइडर को बताया, “पहले मैं सोचता था कि सफलता का मतलब है बाहर से मिलने वाली चीज़ें, जैसे पैसा, नाम और लोगों की तारीफ़। लेकिन अब मुझे लगता है कि अगर आप अपने रोज़मर्रा की ज़िंदगी में खुश और संतुष्ट हैं, तो वही असली सफलता है।”
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।