Mobile Data Saving: एक समय था जब 1 या 1.5 GB डेटा पूरे दिन के लिए काफी माना जाता था, लेकिन अब वीडियो, सोशल मीडिया और लगातार इंटरनेट इस्तेमाल के चलते पता ही नहीं चलता कि डेटा कब खत्म हो गया। लोगों को दोबारा अलग से डेटा रिचार्ज कराना पड़ता है। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि अगर फोन की सिर्फ कुछ बेसिक सेटिंग्स को सही कर लिया जाए, तो यही 1.5 GB डेटा आसानी से पूरे दिन चल सकता है और बेवजह जल्दी खत्म होने से बचाया जा सकता है।
दरअसल, आपको अपने फोन में सिर्फ 5G डेटा इस्तेमाल की सेटिंग्स, डेटा सेवर सेटिंग्स और बैकग्राउंड में डेटा इस्तेमाल करने से जुड़ी सेटिंग्स को सही करना है, जिसके बाद आपको खुद पता चलेगा कि फोन पर अचानक डेटा खपत काफी कम हो गया है।
हालांकि, यहां एक ध्यान देने वाली यह है कि सबका फोन इस्तेमाल करने का तरीका अलग होता है, (जैसे- गेमिंग के लिए, ऑनलाइन क्लास के लिए) और संभव है कि इन सेटिंग्स को बदलकर भी किसी का डेटा जल्द खत्म हो सकता है। लेकिन अगर आप एक नॉर्मल यूजर हैं, जो मैसेजिंग, सोशल मीडिया और वीडियो देखते हैं तो यह ट्रिक आपके काम जरूरी आएगी।
फोन में कब 5G या 4G मोड चुनें
अगर आप चाहते हैं कि आपका डेटा जल्दी खत्म न हो तो सबसे पहले 5G मोड को 4G पर ले आएं और अगर 5G मोड इस्तेमाल करना जरूरी है, तो सही सेटिंग्स के साथ चुनें। दरअसल, 4G नेटवर्क के मुकाबले, 5G नेटवर्क ज्यादा डेटा इस्तेमाल करता है।
इसके अलावा, अगर आप iPhone यूजर है, और आपके फोन में 5G मोड ऑन है तो आपका डेटा और तेजी से खत्म होता है। ऐसे में फोन की सेटिंग्स में जाकर Mobile Network को 4G पर सेट कर दें। वहीं अगर 5G पर रखना जरूरी है, तो सेटिंग्स में USE LESS DATA के ऑप्शन को जरूर ऑन कर दें।
Data Saver mode को ऑन करें
अगर आपके फोन में डेटा जल्दी खत्म हो जाता है, तो Data Saver mode को जरूर ऑन करें। इस मोड को ऑन करते ही बैकग्राउंड में जो ऐप्स डेटा यूज कर रहे हैं वह बंद हो जाएगा। इसके लिए केवल फोन की सेटिंग्स में जाएं और Data Saver mode ऑन कर दें।
ऐप्स की बैकग्राउंड इंटरनेट एक्टिविटी को कंट्रोल करें
अगर आप अपने इंटरनेट डेटा की खपत को कम करना चाहते हैं, तो ऐप्स की बैकग्राउंड इंटरनेट एक्टिविटी को कंट्रोल करना बहुत जरूरी है। इसके लिए सबसे आसान तरीका है अपने फोन में Data Saver Mode को ऑन करना। इस सेटिंग के अंदर ही आप यह तय कर सकते हैं कि कौन-सी ऐप्स Data Saver Mode चालू रहने पर भी इंटरनेट इस्तेमाल कर सकें और कौन-सी नहीं। इससे बिना जरूरत चलने वाला डेटा रुक जाता है और आपका इंटरनेट ज्यादा देर तक चलता है।
इसके अलावा, हर ऐप की जानकारी (App Info) में जाकर Mobile Data ऑप्शन खोलें और वहां से Background Data Usage को बंद कर दें। इससे ऐप्स बिना जरूरत के बैकग्राउंड में डेटा इस्तेमाल नहीं करेंगी और आपका इंटरनेट लंबे समय तक चलेगा।