15 मिनट लेट हुई ट्रेन तो मिलेगा अलर्ट, रेलवे का 'Punctuality BZA' ऐप लॉन्च...देगा अहम जानकारियां

Punctuality BZA app : जानकारी के मुताबिक यह नया ऐप पुराने ICMS वेब पोर्टल की कई परेशानियों को भी दूर करता है। पहले अधिकारियों को अलग-अलग स्क्रीन पर जाना पड़ता था और बार-बार ओटीपी डालकर लॉग इन करना पड़ता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया काफी आसान और तेज हो गई है

अपडेटेड Jun 29, 2026 पर 5:16 PM
कई बार ट्रेन कितनी देर से चल रही है, इसकी सही जानकारी भी समय पर नहीं मिल पाती।

भारत में ट्रेनों का लेट होना लंबे समय से यात्रियों की सबसे बड़ी परेशानी रहा है। कई बार ट्रेन कितनी देर से चल रही है, इसकी सही जानकारी भी समय पर नहीं मिल पाती। हालांकि, रेलवे अब इस समस्या से निपटने के लिए तकनीक का सहारा ले रहा है। इंडियन रेलवे ने ट्रेनों के समय पर चलने और उनकी देरी पर रियल-टाइम नजर रखने के लिए अपना पहला एंड्रॉयड आधारित मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप का नाम 'पंक्चुअलिटी' (Punctuality BZA) है। इसे साउथ कोस्ट रेलवे के विजयवाड़ा मंडल ने तैयार किया है।

रेलवे ला रहा है ये नया ऐप

यह ऐप रेलवे अधिकारियों को ट्रेनों की आवाजाही और देरी की जानकारी तुरंत उपलब्ध कराएगा। इस ऐप की मदद से रेलवे अधिकारी और कंट्रोल रूम के कर्मचारी कहीं से भी ट्रेनों की स्थिति पर नजर रख सकेंगे। इसके लिए अब डेस्कटॉप सिस्टम पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी। जानकारी के मुताबिक यह नया ऐप पुराने ICMS वेब पोर्टल की कई परेशानियों को भी दूर करता है। पहले अधिकारियों को अलग-अलग स्क्रीन पर जाना पड़ता था और बार-बार ओटीपी डालकर लॉग इन करना पड़ता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया काफी आसान और तेज हो गई है।


15 मिनट से ज्यादा लेट हुई ट्रेन तो मिलेगा अलर्ट

साउथ कोस्ट रेलवे के मुताबिक, 'Punctuality BZA' ऐप में ट्रेनों से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी एक ही डैशबोर्ड पर मिल जाती है। इस ऐप के जरिए अधिकारी अलग-अलग रेल सेक्शन में ट्रेनों की स्थिति, लेट चल रही ट्रेनों की निगरानी, समय पर चलने से जुड़े आंकड़े और रास्ते में छूट गई ट्रेनों की जानकारी आसानी से देख सकते हैं। इस ऐप की एक खास सुविधा यह भी है कि अगर कोई ट्रेन 15 मिनट से ज्यादा देर होती है, तो अधिकारियों को अपने आप नोटिफिकेशन मिल जाता है। इससे वे तुरंत स्थिति का पता लगाकर जरूरी कदम उठा सकते हैं।

रियल-टाइम निगरानी में मिलेगी काफी मदद

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह ऐप ट्रेनों की रियल-टाइम निगरानी में काफी मदद करेगा। इससे हालात को बेहतर तरीके से समझना, जल्दी फैसला लेना और ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए तुरंत जरूरी कार्रवाई करना आसान होगा। नए 'Punctuality BZA' ऐप को लेट ट्रेन मॉनिटरिंग (LTM BZA) सिस्टम से भी जोड़ा गया है। यह रेलवे का अंदरूनी सिस्टम है, जो ट्रेन मैनेजरों के लिए ट्रेन संचालन से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड और दस्तावेज अपने आप तैयार करता है। इस ऐप की मदद से रेलवे अधिकारी रियल-टाइम में ट्रेनों की देरी और उनकी आवाजाही की पूरी जानकारी देख सकते हैं। इससे किसी भी परिचालन समस्या की पहचान जल्दी हो जाती है और अधिकारी तुरंत जरूरी कार्रवाई कर सकते हैं। इससे ट्रेनों के समय पर संचालन को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।