Meta Ray-Ban Audio: टेक दिग्गज मेटा ने अपने एनुअल इवेंट मेटा कनेक्ट में बिना कैमरे वाले अपने नए स्मार्ट ग्लासेस लॉन्च कर दिए हैं। रे-बैन मेटा ऑडियो नाम से उतारे गए इन स्मार्ट ग्लासेस का मुख्य उद्देश्य उन प्राइवेसी से जुड़ी चिंताओं को दूर करना है जिनकी वजह से बिना सहमति लोगों की रिकॉर्डिंग करने वाले एआई गैजेट्स का दुनिया भर में विरोध हो रहा है। मेटा ने EssilorLuxottica के साथ साझेदारी में इन ग्लासेस को तैयार किया है। कैलिफोर्निया के मेनलो पार्क में आयोजित कॉन्फ्रेंस में कंपनी ने घोषणा की कि नए रे-बैन मेटा ऑडियो ग्लासेस की बिक्री 13 अक्टूबर से शुरू होगी और इनकी शुरुआती कीमत $349 (करीब 29200 रुपये) रखी गई है।
Muse AI असिस्टेंट से लैस होंगे स्मार्ट ग्लासेस
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक मेटा ने अपने स्मार्ट ग्लासेस पोर्टफोलियो में अपने म्यूज एआई असिस्टेंट को जोड़ा है। Muse AI अब मेटा के स्मार्ट ग्लासेस का प्राइमरी इंटरफेस बनेगा। इसके जरिए यूजर्स सिर्फ वॉयस कमांड देकर खरीदारी कर सकेंगे, अपॉइंटमेंट तय कर सकेंगे और रोजाना के दूसरे काम आसानी से निपटा सकेंगे। कंपनी ने इसमें कंप्यूटर इस्तेमाव की क्षमता के साथ-साथ वॉलमार्ट, बेस्ट बाय और गैप जैसी प्रमुख रिटेलर्स व सेवाओं के साथ सीधे इंटीग्रेशन की सुविधा भी जोड़ी है।
प्राइवेसी की चिंता और नया ऑडियो-ओनली डिजाइन
कैमरा हटाए जाने के बावजूद नए रे-बैन मेटा Audio ग्लासेस ऑडियो रिकॉर्ड कर सकता है। इसमें चिंता का विषय यह है कि ये ग्लासेस आसपास मौजूद लोगों को ऐसा कोई स्पष्ट संकेत नहीं देते कि ऑडियो रिकॉर्डिंग चल रही है। इससे पहले वाले कैमरा-युक्त स्मार्ट ग्लासेस में रिकॉर्डिंग या शूटिंग के समय लाइट फ्लैश होती थी। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि सिर्फ कैमरा हटा देने से प्राइवेसी से जुड़ी चिंताएं पूरी तरह खत्म नहीं होंगी। मार्केट रिसर्च फर्म IDC के निदेशक जितेश उब्रानी का कहना है कि लोग सहमति के बिना ऑडियो के गलत इस्तेमाल या रिकॉर्डिंग को लेकर चिंतित हो सकते हैं और मेटा को यूजर्स व आसपास के लोगों को ऑडियो रिकॉर्डिंग के प्रति चेतावनी देने का कोई तरीका निकालना चाहिए।
मेटा ने प्राइवेसी के अलावा यह भी तर्क दिया है कि सिर्फ ऑडियो वाले स्मार्ट ग्लासेस का अपना एक अलग बाजार है। कंपनी का कहना है कि शुरुआत से ही ऑडियो उनका सबसे लोकप्रिय फीचर रहा है क्योंकि यह बिना बाहरी दुनिया से काटे हाई-क्वालिटी साउंड प्रदान करता है।
12 घंटे की बैटरी लाइफ और नया स्लिम डिजाइन
कैमरा हटाने का एक बड़ा फायदा यह हुआ है कि मेटा ने अब तक का अपना सबसे पतला और हल्का स्मार्ट ग्लास तैयार कर लिया है, जिसका वजन महज एक गोल्फ बॉल के बराबर है। कैमरा न होने की वजह से इसकी बैटरी लाइफ भी काफी बढ़ गई है। रे-बैन मेटा ऑडियो सिंगल चार्ज में 12 घंटे की बैटरी लाइफ देता है जबकि कैमरे वाले लेटेस्ट थर्ड-जनरेशन रे-बैन ग्लासेस में 9 घंटे की बैटरी लाइफ मिलती है। इस नए ऑडियो मॉडल को दो नए डिजाइनों ब्रोलाइन क्लबमास्टर और स्क्वेयर बर्बैंक में पेश किया गया है।
कैमरे वाले मॉडल से $100 सस्ता और नए स्टाइल
$349 की कीमत वाला यह नया ऑडियो ग्लास, कैमरे वाले लेटेस्ट रे-बैन मॉडल की तुलना में $100 (करीब 8300 रुपये) सस्ता है। मेटा अपने कैमरे वाले रे-बैन स्मार्ट ग्लासेस के लिए भी नए स्टाइल्स लेकर आया है। इनमें एविएटर और कैट-आई शेप्ड जेनाशामिल हैं।