आजकल तो सभी लोगों के पास स्मार्ट टीवी होता है और लोग इसके बेहतरीन फीचर का खुब लुफ्त उठाते हैं। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि टीवी देखने के बाद लोग सीधे स्वीच से टीवी बंद करते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं तो समझ जाएं कि आपके टीवी को खराब होने में ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। दरअसल, यह आदत कई लोगों को होती है कि वह अपने स्मार्ट टीवी को रिमोट से पावर ऑफ करने की जगह सीधा स्विच से ऑफ कर देते हैं। इसकी वजह लोगों का पुराने पिक्चर ट्यूब वाले टीवी के साथ उनका अनुभव है, जिसे सीधा स्विच से ऑफ करने पर कोई समस्या नहीं होती थी, लेकिन स्मार्ट टीवी के साथ ऐसा नहीं है। अब आइए डिटेल में जानते हैं कि अगर आपके घर में भी कोई सीधा स्मार्ट टीवी को स्विच से बंद करता है तो आपका टीवी कैसे खराब हो सकता है।
सॉफ्टवेयर हो सकता है करप्ट
पहले के समय में पिक्चर ट्यूब वाले टीवी केवल हार्डवेयर पर आधारित होते थे। इन्हें देखने के लिए डिश या केबल की तार जोड़नी पड़ती थी। लेकिन स्मार्ट टीवी हार्डवेयर के साथ-साथ सॉफ्टवेयर से भी लैस होते हैं। यही वजह है कि इन्हें मेन स्विच से अचानक बंद करना सही नहीं माना जाता। अगर ऐसा किया जाए तो टीवी का सॉफ्टवेयर करप्ट हो सकता है। इसलिए कंपनियां हमेशा सलाह देती हैं कि टीवी को रिमोट के जरिए ही बंद करें।
स्लीप मोड में टीवी न करें ऑफ
ज्यादातर स्मार्ट टीवी Android पर चलते हैं। आपने देखा होगा कि टीवी को ऑन करने पर वह पूरी तरह शुरू होने में थोड़ा समय लेता है, बिल्कुल वैसे ही जैसे मोबाइल ऑन होने पर लेता है। जब आप रिमोट का पावर बटन हल्के से दबाते हैं तो टीवी पूरी तरह बंद नहीं होता, बल्कि स्लीप मोड में चला जाता है। इस मोड का फायदा यह है कि जरूरत पड़ने पर टीवी तुरंत चालू हो जाता है और बार-बार शुरू से लोड नहीं करना पड़ता।
लेकिन ध्यान रखें, स्लीप मोड में भी टीवी को सीधे मेन स्विच से ऑफ न करें। अगर आप टीवी को बंद करना चाहते हैं, तो पहले रिमोट के पावर बटन को कुछ देर दबाकर उसे पूरी तरह शट डाउन करें और फिर मेन स्विच ऑफ करें। ऐसा करने से आपके स्मार्ट टीवी की उम्र और परफॉर्मेंस दोनों बेहतर बने रहेंगे।
मदरबोर्ड और सर्किट बोर्ड हो सकता है डैमेज
स्मार्ट टीवी में भी मदरबोर्ड होता है और यह डायरेटक्ट स्वीच बंद करने या अचानक पावर कट से खराब हो जाता है। जब आप मेन स्विच दबाकर TV बंद करते हैं तो चल रहे प्रोसेस अचानक बंद हो जाते हैं, जिससे मदरबोर्ड के सेंसिटिव कंपोनेंट्स में शॉर्ट सर्किट हो सकता है। यह भले ही एक बार में न हो लेकिन बार-बार ऐसा करने पर इस समस्या का आना तय है। बता दें कि मदरबोर्ड का रिप्लेसमेंट TV की कीमत का 60-70% तक हो सकता है। कभी-कभी तो रिपेयर भी नहीं हो पाता और पूरा TV ही बदलना पड़ता है।
टीवी को अचानक मेन स्विच से बंद करना आपके LED या OLED पैनल के लिए खतरनाक हो सकता है। ऐसा करने से ड्राइवर सर्किट और बैकलाइट सिस्टम पर असर पड़ता है। दरअसल, पावर सप्लाई अचानक कटने से वोल्टेज फ्लक्चुएशन होता है, जिससे डिस्प्ले कंट्रोलर डैमेज हो सकता है। इससे स्क्रीन पर हरी या गुलाबी लाइन्स आना, रंगों में गड़बड़ी, ब्राइटनेस कम-ज्यादा होना या पैनल का कुछ हिस्सा डार्क पड़ जाना जैसी दिक्कतें आ सकती हैं। इसलिए हमेशा ध्यान रखें कि टीवी को डायरेक्ट मेन स्विच से बंद करने की बजाय रिमोट का इस्तेमाल करें।