Oppo ने आधिकारिक तौर पर कंफर्म किया है कि Find X9 Ultra और Find X9s स्मार्टफोन इस महीने भारत में लॉन्च होंगे। चीन की इस दिग्गज कंपनी ने पहले ही चीन और कुछ चुनिंदा ग्लोबल मार्केट्स में इन दोनों डिवाइसों को पेश कर दिया था और अब कंपनी भारत में इनके लॉन्च की तैयारी कर रही है। हालांकि, Oppo ने लॉन्चिंग डेट का अभी तक खुलासा नहीं किया है, लेकिन नए टीजर और लिस्टिंग पेजों से अपकमिंग फ्लैगशिप फोन के बारे में नई जानकारी सामने आई है।
Oppo Find X9 Ultra के स्पेसिफिकेशन्स और कैमरा
Oppo Find X9 Ultra दोनों डिवाइसों में से अधिक प्रीमियम लगता है। इस स्मार्टफोन में हैसलब्लैड के साथ मिलकर विकसित किया गया क्वाड रियर कैमरा सेटअप है। इस सेटअप में एक विशाल 200MP का प्राइमरी सेंसर, 3x ऑप्टिकल जूम वाला 200MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा, 10x ऑप्टिकल जूम तक सक्षम 50MP का टेलीफोटो लेंस और 50MP का अल्ट्रावाइड सेंसर शामिल है।
कैमरों के अलावा, इस हैंडसेट में Qualcomm का Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट और 7050 mAh की बैटरी होने की उम्मीद है। Oppo का कहना है कि फोन 100W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है। मल्टीमीडिया और गेमिंग के लिए, Find X9 Ultra में 144Hz रिफ्रेश रेट वाला 6.82 इंच का 2K AMOLED डिस्प्ले हो सकता है।
Oppo Find X9s के स्पेसिफिकेशन्स और कैमरा
Oppo Find X9s के बारे में अफवाह है कि इसमें हैसलब्लैड द्वारा ट्यून किया गया ट्रिपल 50MP का रियर कैमरा सेटअप होगा। स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 9500s प्रोसेसर लगा होगा। इसमें 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ 7025 mAh की बड़ी बैटरी होने की भी उम्मीद है। Find X9s में 120Hz रिफ्रेश रेट और बेहद पतले 1.15mm बेजल के साथ 6.59 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले है।
Oppo Find X9 Ultra और X9s की भारत में कीमत और उपलब्धता
लीक्स के अनुसार, Oppo इन दोनों स्मार्टफोन्स को 15 मई को भारत में लॉन्च कर सकता है, हालांकि कंपनी ने अभी तक लॉन्ट डेट को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। कीमत की बात करें तो, Oppo Find X9 Ultra की भारत में कीमत 1,49,999 रुपये से अधिक होने की उम्मीद है। Oppo Find X9s की कीमत लगभग 70,000 रुपये हो सकती है। दोनों फोन के लिए Flipkart, Amazon और Oppo India की आधिकारिक वेबसाइट पर पहले से ही माइक्रोसाइट्स लाइव हो चुकी हैं। इन पेजों पर “Coming Soon” लिखा है, जिससे साफ है कि लॉन्च के बाद ये स्मार्टफोन ऑनलाइन आसानी से उपलब्ध होंगे।