Oppo ने चीन में Oppo Find X10, Find X10 E और Find X10 Pro Max के साथ Enco X4 वायरलेस ईयरबड्स लॉन्च किए हैं। इन ईयरबड्स में 11mm के डायनामिक वूफर और 6mm के ट्वीटर दिए गए हैं। ये Hi-Res Audio Wireless और लॉसलेस ऑडियो को सपोर्ट करते हैं और इनमें एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन की सुविधा भी है। इसके अलावा, इनमें डुअल-डिवाइस कनेक्टिविटी के साथ Bluetooth 6.1 का सपोर्ट और IP55 रेटिंग भी मिलती है। बता दें कि Oppo Enco X4 को तीन कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। ये Android और iOS दोनों डिवाइस के साथ काम करते हैं। कंपनी का दावा है कि चार्जिंग केस के साथ ये कुल 53 घंटे तक का प्लेबैक टाइम देते हैं।
Oppo Enco X4 की कीमत और उपलब्धता
चीन में Oppo Enco X4 की कीमत CNY 1,199 (लगभग 17,100 रुपये) है और ये Pink Gold, Soft White और Titanium Grey कलर ऑप्शन में उपलब्ध हैं। इनकी प्री-बुकिंग भी शुरू हो गई है और शिपिंग 24 सितंबर से शुरू होगी।
Oppo Enco X4 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स
Oppo Enco X4 में 11mm का डायनामिक वूफर और 6mm का ट्वीटर है, साथ ही इसकी फ्रीक्वेंसी रिस्पॉन्स रेंज 10Hz से 40kHz तक है। ये AAC, SBC, LHDC और LC3 कोडेक्स के साथ-साथ 48kHz/24-बिट लॉसलेस ऑडियो और स्पेशल ऑडियो को भी सपोर्ट करते हैं। इसके अलावा, ये ईयरबड्स अलग-अलग मोड के साथ एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन को सपोर्ट करता है, जिनमें डीप, मीडियम और लाइट नॉइज कैंसिलेशन, ट्रांसपेरेंसी मोड और एडेप्टिव मोड शामिल हैं। Oppo का दावा है कि नॉइज कैंसिलेशन सिस्टम रोजमर्रा के 99.8 प्रतिशत तक शोर को कम कर सकता है।
कॉल के लिए, Oppo Enco X4 में चार माइक्रोफोन का इस्तेमाल किया गया है, जिनमें तीन सिलिकॉन माइक्रोफोन और एक VPU माइक्रोफोन शामिल हैं। ये ईयरबड्स चार-माइक्रोफोन AI कॉल नॉइज रिडक्शन और स्पेशल ऑडियो को सपोर्ट करते हैं। ये लेटेस्ट TWS ईयरफोन Bluetooth 6.1 और 10 मीटर तक की ट्रांसमिशन रेंज को सपोर्ट करते हैं। ये डुअल-डिवाइस कनेक्टिविटी को भी सपोर्ट करते हैं, जिससे इन्हें दो डिवाइस से कनेक्ट किया जा सकता है। इन्हें Android और iOS दोनों डिवाइस के साथ इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
Oppo Enco X4 के हर ईयरबड में 65mAh की बैटरी दी गई है, जबकि चार्जिंग केस में 576mAh की बैटरी मिलती है। Oppo का दावा है कि AAC और नॉइस कैंसिलेशन बंद रखने पर ईयरबड्स 13 घंटे तक चल सकते हैं। वहीं, चार्जिंग केस के साथ कुल 53 घंटे तक का प्लेबैक टाइम मिलता है।
अगर LHDC का इस्तेमाल किया जाता है, तो ईयरबड्स से 10 घंटे तक और चार्जिंग केस के साथ कुल 42 घंटे तक का प्लेबैक टाइम मिलने का दावा किया गया है।
Oppo Enco X4 के चार्जिंग केस में USB Type-C और वायरलेस चार्जिंग दोनों का सपोर्ट मिलता है। कंपनी के अनुसार, वायर्ड कनेक्शन से ईयरबड्स को पूरी तरह चार्ज होने में लगभग 55 मिनट और केस को चार्ज होने में लगभग 65 मिनट लगते हैं, जबकि वायरलेस चार्जिंग में लगभग 2.5 घंटे का समय लगता है।
Oppo Enco X4 ईयरबड्स में से हर एक का वजन 5.6 ग्राम है और 41.8 ग्राम के चार्जिंग केस के साथ इनका कुल वजन 53 ग्राम हो जाता है। हर ईयरबड का साइज 32.11x18.19x21.03mm है, जबकि कुल डाइमेंशन 63.40x49.50x25.55mm हैं। ईयरबड्स में धूल और पानी से बचाव के लिए IP55 रेटिंग भी दी गई है।