Samsung अपने यूजर्स के लिए हर बार कुछ न कुछ नए अपडेट लेकर आता रहता है। लेकिन इस बार कंपनी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित पेट (पालतू जानवर) हेल्थ फीचर लॉन्च किया है, जो सिर्फ एक फोटो की मदद से कुत्तों और बिल्लियों में सेहत से जुड़ी संभावित समस्याओं का पता लगा सकता है। बता दें कि इस फीचर को पेरिस में आयोजित किए गए VivaTech 2026 टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस में पेश किया गया है, और पेट हेल्थ मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म 'Lifet' के साथ मिलकर बनाया गया है। यह फीचर जल्द ही सैमसंग के कनेक्टेड वेलनेस सिस्टम का हिस्सा बन सकता है।
इस फीचर की मदद से Galaxy यूजर्स अपने स्मार्टफोन से अपने पालतू जानवर की तस्वीर ले सकते हैं। इसके बाद AI उस तस्वीर का विश्लेषण करता है और कुत्ते या बिल्ली में कुछ आम बीमारियों के संकेतों को पहचानने की कोशिश करता है। इनमें दांतों की समस्या, मोतियाबिंद (cataracts) और पैटेला लक्सेशन (घुटने की हड्डी से जुड़ी समस्या), जो छोटे कुत्तों में अक्सर देखी जाती है, शामिल हैं।
Samsung ने इस सर्विस को अपने प्रिवेंटिव हेल्थकेयर और कनेक्टेड वेलनेस को बढ़ावा देने की बड़ी योजना का हिस्सा बताया है। कंपनी का कहना है कि यह पेट केयर टूल उसके SmartThings प्लेटफॉर्म के जरिए काम करेगा, जो स्मार्टफोन, वियरेबल्स और स्मार्ट होम डिवाइसेस को एक ही सिस्टम में जोड़ता है।
पालतू जानवरों की देखभाल में होगा AI का इस्तेमाल
यह घोषणा इस बात को दिखाती है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब सिर्फ इंसानों की सेहत तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसका इस्तेमाल पालतू जानवरों की देखभाल में भी तेजी से बढ़ रहा है। AI आधारित इमेज एनालिसिस की मदद से अब पेट ओनर्स को शुरुआती चरण में ही अपने पालतू जानवरों की संभावित स्वास्थ्य समस्याओं को पहचानने में मदद मिल सकती है। सैमसंग का कहना है कि यह नया फीचर वेटरनरी डॉक्टर की जगह नहीं लेगा, बल्कि यह सिर्फ पालतू जानवरों की सेहत को लेकर आपको अपडेट करेगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस टूल का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को अपने डिवाइस पर SmartThings ऐप और सैमसंग की Pet Care सर्विस को चालू करना होगा। इसकी उपलब्धता इलाके और डिवाइस मॉडल के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है।
यह टेक्नोलॉजी सैमसंग के मौजूदा 'SmartThings पेट केयर' प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इस प्लेटफॉर्म में पहले से ही पेट मॉनिटरिंग, एक्टिविटी ट्रैकिंग और स्मार्ट होम कंट्रोल जैसे फीचर मौजूद हैं, जो मालिकों को घर से दूर रहने पर भी अपने पालतू जानवरों की देखभाल करने में मदद करते हैं।
इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि यह लॉन्च इस बात का एक और उदाहरण है कि कैसे स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियां अब AI को रोजाना के इस्तेमाल में आने वाली टूल्स के रुप में बदलने की कोशिश कर रही हैं।
जहां हाल के समय में अधिकतर AI टूल प्रोडक्टिविटी, इमेज एडिटिंग और डिजिटल असिस्टेंट पर केंद्रित रहे हैं, वहीं सैमसंग का यह नया कदम टेक्नोलॉजी को पेट हेल्थ मैनेजमेंट (पालतू जानवरों की सेहत की देखभाल) के क्षेत्र में ले जाता है। यह एक तेजी से बढ़ता हुआ सेक्टर है, जो पालतू जानवर पालने के बढ़ते चलन और उनकी देखभाल पर बढ़ते खर्च की वजह से आगे बढ़ रहा है।
कंपनी ने अभी तक इसे दुनिया भर में लॉन्च करने की घोषणा नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि आने वाले महीनों में इस फीचर को सैमसंग की AI-पावर्ड हेल्थ और वेलनेस सेवाओं में शामिल कर लिया जाएगा।