Apple का बड़ा अपडेट, अब iPhone 17 सीरीज में नहीं मिलेगा ये फीचर, जानें पूरी डिटेल

इस समय iPhone यूजर्स को सितंबर में लॉन्च होने जा रही iPhone 17 सीरीज का बेहद इंतजार है। ऐसे में इस सीरीज को लेकर बड़ी अपडेट सामने आ रही है। जी हां, दरअसल इस बार iPhone 17 सीरीज के मॉडल से सिम कार्ड ट्रे गायब रह सकती है।

अपडेटेड Sep 01, 2025 पर 12:54 PM
Apple का बड़ा अपडेट, अब iPhone 17 सीरीज में नहीं मिलेगा ये फीचर, जानें पूरी डिटेल

इस समय iPhone यूजर्स को सितंबर में लॉन्च होने जा रही iPhone 17 सीरीज का बेहद इंतजार है। ऐसे में इस सीरीज को लेकर बड़ी अपडेट सामने आ रही है। जी हां, दरअसल इस बार iPhone 17 सीरीज के मॉडल से सिम कार्ड ट्रे गायब रह सकती है। बता दें कि अमेरिका में Apple ने पहले से ही फिजिकल सिम कार्ड के लिए स्लॉट देना बंद कर रखा है। वहीं, इस बार यूरोपीय देशों में बिकने वाले आईफोन से फिजिकल सिम कार्ड स्लॉट हटाया जा सकता है। इसके बाद यूजर्स को ई-सिम के आसरे रहना पड़ेगा।

कर्मचारियों के लिए ट्रेनिंग जरूरी

रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple ने यूरोप में अपने ऑथराइज्ड रिसेलर्स के कर्मचारियों को 5 सितंबर तक ई-सिम से जुड़ा ट्रेनिंग कोर्स पूरा करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि 9 सितंबर को लॉन्च होने वाली iPhone 17 सीरीज में कंपनी यूरोपीय संघ (EU) के देशों के लिए केवल ई-सिम का विकल्प दे सकती है।


बता दें कि यूरोपीय संघ में फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, इटली समेत कुल 27 देश शामिल हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यूरोप के अलावा अन्य देशों में भी Apple नए iPhone मॉडल्स को सिर्फ ई-सिम सपोर्ट के साथ पेश कर सकता है।

सिर्फ ई-सिम सपोर्ट करेगा iPhone 17 Air मॉडल

9 सितंबर को Apple द्वारा आयोजित Apple Awe Dropping इवेंट में iPhone 17 सीरीज लॉन्च की जा सकती है। इस सीरीज में अल्ट्रा-स्लिम आईफोन 17 एयर मॉडल भी शामिल होगा। कई रिपोर्ट्स के कहा जा रहा है कि इसमें फिजिकल स्लिम स्लॉट नहीं मिलेगा। केवल इस मॉडल में ई-सिम सपोर्ट करेगा। इसके अलावा, चीन और भारत समेत कई मार्केट्स को छोड़कर अधिकतर देशों में बाकी मॉडल भी केवल ई-सिम सपोर्ट के साथ आ सकते हैं।

अमेरिका में मिल रहे केवल ई-सिम वाले iPhone

बता दें कि अमेरिका में iPhone 14 और उसके बाद लॉन्च हुए सभी मॉडल केवल eSIM सपोर्ट के साथ आते हैं। 2022 में iPhone 14 सीरीज पेश करते समय Apple ने eSIM को अधिक सुरक्षित बताते हुए प्रमोट किया था। चूंकि eSIM को फोन से अलग नहीं किया जा सकता इसलिए डिवाइस चोरी या खो जाने की स्थिति में इसे ट्रैक करना आसान हो जाता है। साथ ही, iPhone यूजर्स एक साथ 8 eSIM प्रोफाइल्स को मैनेज कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: Upcoming Smartphones: iPhone 17 से Samsung S25 FE तक, सितंबर में लॉन्च होंगे ये धमाकेदार फोन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।