X Down: भारत समेत दुनिया के कई देशों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्स एक्स (X) की सर्विस अचानक डाउन हो गई है। सोमवार शाम करीब 7 बजे एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तकनीकी दिक्कत सामने आई है। कई यूजर्स ने शिकायत की कि ऐप के मुख्य फीचर ठीक से काम नहीं कर रहे थे। इस गड़बड़ी के कारण कई यूजर्स की टाइमलाइन अपडेट नहीं हो पा रही थी और पोस्ट्स लोड नहीं हो रहे थे। लोगों को अपनी फीड देखने में परेशानी हुई और कई अकाउंट्स पर स्क्रीन खाली दिखाई दे रही थी।
इस तकनीकी समस्या का सबसे ज्यादा असर अमेरिका और भारत के कई हिस्सों में देखा गया, जहां बड़ी संख्या में यूजर्स ने प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने में परेशानी की शिकायत की। लोगों को लॉग इन करने, पोस्ट डालने और टाइमलाइन रिफ्रेश करने में दिक्कत आ रही थी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यूजर्स के लॉग इन करने पर 'For You', 'Following' और 'Lists' की टाइमलाइन लोड नहीं हो रही थी और स्क्रीन पर सिर्फ बफरिंग दिखाई दे रही थी। नोटिफिकेशन भी अपडेट नहीं हो रहे थे। कुछ लोगों को अपने होमपेज पर सामान्य पोस्ट्स की जगह डिफॉल्ट ऑनबोर्डिंग मैसेज नजर आ रहा था।
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट Downdetector के अनुसार, कई देशों में शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ी। शाम 7:06 बजे तक अमेरिका में 42 हजार से ज्यादा, यूनाइटेड किंगडम में 11 हजार से अधिक और भारत में 2 हजार से ज्यादा यूजर्स ने दिक्कत की रिपोर्ट दर्ज कराई। इन आंकड़ों से साफ है कि दुनियाभर में करोड़ों यूजर्स इससे प्रभावित हुए।
X को पिछले महीने भी कई बार तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। 16 जनवरी को एक बड़ी रुकावट आई थी, जबकि 13 जनवरी को भी ऐसी ही समस्या सामने आई थी। Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक, इन दोनों मौकों पर हजारों यूजर्स ने शिकायत दर्ज कराई थी। उस दौरान अमेरिका और भारत के बड़े शहरों में सबसे ज्यादा लोग प्रभावित हुए थे।