Goa Social Media Ban: आज के समय में सोशल मीडिया का यूज काफी ज्यादा बढ़ गया है। चाहे बच्चे हों या बड़े सभी अपना ज्यादा से ज्यादा टाइम Instagram, Facebook, YouTube जैसे प्लेटफॉर्म पर बिता रहे हैं। लेकिन यह एक चिंता का विषय है, खासकर बच्चों के लिए। शायद इसी वजह से गोवा सरकार 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर रोक लगाने पर विचार कर रही है। बता दें कि इस बात का संकेत खुद राज्य के मंत्री ने दिया है। उनका कहना है कि मोबाइल की लत, गलत कंटेंट बच्चों के मानसिकता पर बुरा असर डालता है, और उन्हें इससे बचाना जरूरी है।
गोवा सरकार का यह कदम ऑस्ट्रेलिया के नियमों जैसा लग रहा है, क्योंकि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं, खासकर ऐसे देश में जहां एक अरब से ज्यादा लोग इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं।
रायटर्स समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, गोवा के अधिकारी ऑस्ट्रेलिया के कानून पर रिसर्च कर रहे हैं, ताकि यह तय किया जा सके कि नाबालिगों का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपयोग कैसे नियंत्रित किया जाए।
गोवा सरकार सोशल मीडिया पर रोक क्यों लगाना चाहती है?
गोवा सरकार का कहना है कि आजकल बहुत कम उम्र के बच्चे मोबाइल और सोशल मीडिया का ज्याद यूज कर रहे हैं। जो कि उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर डालता है। घंटों स्क्रीन देखने से उनकी आंखे खराब हो सकती हैं, नींद न आने जैसी बीमारी हो सकती है, जो कि उनके दिमाग पर बुरा असर डाल सकता है। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर कई बार गलत वीडियो, गलत बातें और गलत लोग भी मिल जाते हैं। जिस वजह से बच्चे आसानी से इनके प्रभाव में आ जाते हैं। साइबर बुलिंग यानी ऑनलाइन परेशान करना भी एक बड़ी समस्या बन रही है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए गोवा सरकार 16 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखने की योजना बना रही है।
बता दें कि इस खबर के सामने आते ही पूरे देश में चर्चा तेज हो गई है। माता-पिता, शिक्षक और सोशल मीडिया यूजर्स इस मुद्दे पर अपनी राय दे रहे हैं।
इस सप्ताह रॉयटर्स को दिए एक बयान में, राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रोहन खाउंटे ने कहा, "यदि संभव हुआ, तो हम 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के सोशल मीडिया के उपयोग पर इसी तरह का प्रतिबंध लागू करेंगे।" मंत्री के इस बयान से इस बात को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं कि इस तरह के प्रतिबंध को कैसे लागू किया जाएगा।
आंध्र प्रदेश भी लगा सकता है रोक
दूसरी तरफ गोवा के अलावा, 53 मिलियन से अधिक आबादी वाले आंध्र प्रदेश राज्य ने भी कहा है कि वह इसी तरह के उपायों पर विचार कर रहा है। अन्य राज्यों के मुकाबले, क्षेत्रफल के हिसाब से गोवा सबसे छोटा राज्य है, जिसकी अनुमानित आबादी 15 लाख से अधिक है।
ऑस्ट्रेलिया पहले ही उठा चुका है ऐसा कदम
ऑस्ट्रेलिया जैसे देश ने ये सख्ती पहले से ही अपना रखी है। यहां पर 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया यूज पर सख्त नियम बनाए गए हैं। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने बच्चों को Instagram, Facebook और Tik Tok जैसे ऐप्स का इस्तेमाल करने के लिए मना किया है। सरकार का कहना है कि इससे बच्चों का बचपन सुरक्षित रहेगा और वे मोबाइल से ज्यादा किताबों, खेल और परिवार के साथ समय बिताएंगे।