Vivo X Fold 6: Vivo X300 Ultra और Vivo X300 FE भारत में 6 मई को लॉन्च होने वाले हैं, लेकिन इन लॉन्च से पहले ही चीनी टेक कंपनी के अगले फोल्डेबल फोन को लेकर लीक्स ऑनलाइन सामने आने लगे हैं। एक मशहूर टिपस्टर की नई रिपोर्ट में Vivo और Xiaomi के आने वाले फोल्डेबल फोन से जुड़ी कुछ शुरुआती जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि Vivo का अगला बुक-स्टाइल फोल्डेबल फोन Vivo X Fold 6 नाम से आ सकता है। अगर ये अफवाहें सही साबित होती हैं, तो इस नए फोन में बैटरी और कैमरा के मामले में बड़े अपग्रेड देखने को मिल सकते हैं। चलिए जानतें हैं फोन से जुड़ी पूरी डिटेल
Vivo X Fold 6 के स्पेसिफिकेशन्स (अनुमानित)
टिप्स्टर Bald Panda की एक Weibo पोस्ट (चीनी भाषा से अनुवादित) के अनुसार, आने वाला Vivo X Fold 6 खासतौर पर दो चीजों पर ज्यादा ध्यान दे सकता है-बेहतर बैटरी लाइफ और दमदार कैमरा सिस्टम।
इस फोल्डेबल फोन में 200MP का प्राइमरी रियर कैमरा होने की उम्मीद है, जो इसे बाजार में सबसे ज्यादा कैमरा-फोकस फोल्डेबल फोन्स में से एक बना देगा।
यह लीक एक अन्य मशहूर टिप्स्टर Digital Chat Station की हालिया पोस्ट से भी मेल खाती है, जिन्होंने सुझाव दिया था कि डिवाइस में 7000mAh की विशाल बैटरी हो सकती है। और खास बात यह है कि इतनी बड़ी बैटरी होने के बावजूद, यह उम्मीद की जा रही है कि कंपनी फोन को पतला और हल्का डिजाइन देने में सफल रहेगी।
अंदर की बात करें तो, अफवाहों के मुताबिक इस फोल्डेबल फोन में Snapdragon 8 Gen 5 का चिपसेट होगा। यह प्रोसेसर फ्लैगशिप-ग्रेड परफॉर्मेंस देने के साथ-साथ बिजली की खपत में भी सुधार करेगा। कहा जा रहा है कि इस डिवाइस में पावर बटन में इंटीग्रेटेड साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर भी होगा।
IMEI सर्टिफिकेशन डेटाबेस में कथित तौर पर देखे जाने सहित पिछली रिपोर्टों से पता चलता है कि डिवाइस पहले से ही डेवलपमेंट स्टेज में है।
भारत में Vivo X Fold 6 की लॉन्च डेट और कीमत (अनुमानित)
मौजूदा लीक के अनुसार, Vivo X Fold 6 को पिछली जनरेशन के समान लॉन्च साइकल के तहत जून 2026 के आसपास ग्लोबल लेवल पर लॉन्च किया जा सकता है। भारत में इसका लॉन्च डेट जुलाई 2026 के आसपास होने की उम्मीद है। इस अपकमिंग फोल्डेबल फोन की भारत में कीमत लगभग 1,59,999 रुपये होने की अफवाह है। तुलना के लिए बता दें कि Vivo X Fold 5 को 1,49,999 रुपये में लॉन्च किया गया था।