दुनियाभर में कई ऐसे एयरपोर्ट है जहां पर जाने के बाद ऐसा लगता है कि आप एयरपोर्ट नहीं बल्कि किसी शानदार फाइव-स्टार होटल में आ गए हो। वहीं दुनिया में कई ऐसे एयरपोर्ट है जो अपनी खूबसूरत लैंडिंग स्पॉट के लिए जाने जाते हैं। किसी भी एयरपोर्ट पर लैंडिंग करना आम बात होती है लेकिन कुछ जगहें इस पल को और खास बना देती हैं। यहां पर फ्लाइट की लैंडिंग किसी टूरिस्ट स्पॉट से कम नही लगता है। हाल ही में हुए एक ग्लोबल सर्वे में ऑस्ट्रेलिया का लॉर्ड होवे आइलैंड एयरपोर्ट दुनिया का सबसे खूबसूरत लैंडिंग स्पॉट चुना गया है । ये जगह अपने अनोखे समुद्र-से-समुद्र तक फैले रनवे और चारों ओर बसी यूनेस्को विश्व धरोहर प्राकृतिक सुंदरता के लिए जानी जाती है।
मार्च 2025 में आई-ट्रैकिंग तकनीक से हुई रिसर्च में पता चला कि यहां उतरते समय यात्रियों की नजरें सबसे ज्यादा इसी नजारे पर टिकती हैं। इसलिए यहां की लैंडिंग सिंपल नहीं, बल्कि आसमान से नजारों का एक शानदार एक्सपीरिएंस लगती है।
क्या खास है इस एयरपोर्ट में
लॉर्ड होवे द्वीप का एयरपोर्ट (LDH) अपनी खूबसूरती और अनोखी बनावट के लिए फेमस है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच तस्मान सागर में बसे इस द्वीप पर रनवे इतना खास है कि यह सीधे समुद्र के किनारे से शुरू होकर सुनहरी रेत पर खत्म होता है। चारों ओर नीला साफ पानी और ऊंचे ज्वालामुखी पर्वत इस नजारे को और भी सुंदर बना देते हैं, जिससे यहां उतरना यात्रियों के लिए एक यादगार एक्सपीरिएंस बन जाता है। ऑस्ट्रेलिया का लॉर्ड होवे द्वीप पर पहुंचना यात्रियों के लिए किसी फिल्मी सीन से कम नहीं होता है। जब आप इस एयरपोर्ट पर लैंडिंग करते हैं तो आसमान से धीरे-धीरे इस आइलैंड की खूबसूरती धीरे-धीरे दिखाई देती है। ये आइलैंड अपनी बेहतरीन इकोसिस्टम और बायोडायवर्सिटी के लिए जाना जाता है।
यहां पर आने वाले टूरिस्टों के लिए कुछ पाबंदियां भी है। लॉर्ड होवे द्वीप पर एक समय में केवल 400 टूरिस्टों को ही यहां आने की परमिशन मिलती है। यहां पर आने का एकमात्र रास्ता फ्लाइट ही है। इसलिए जब एयरपोर्ट के रनवे पर फ्लाइट लैंड करती है तो ये अलग ही एक्सपीरिएंस होता है।
अपनी खूबसूरती के लिए फेमस
यूनेस्को की सूची में शामिल लॉर्ड होवे आइलैंड अपनी अनोखी प्राकृतिक खूबसूरती और स्पेशल वाइल्डलाइफ के लिए फेमस है। ये आइलैंड एक पुराने ज्वालामुखी का हिस्सा है, जहां से माउंट गॉवर जैसी हाई पीक दिखाई देती हैं। आसपास का समुद्री इलाका प्रोटेक्टेड पार्क है, जिसमें ट्रॉपिकल फिश, प्रवाल भित्तियां और रेयर जीव रहते हैं। ये आइलैंड अपनी अनोखी लैंडिंग से लेकर समुद्री जीवन से भरपूर ट्रेल्स, शांत समुद्र तट और बेहतरीन डाइविंग स्पॉट तक सबकुछ खास एक्सपीरिएंस देता है।
यह अध्ययन ऑलक्लियर ट्रैवल इंश्योरेंस ने किया था, जिसमें 100 लोगों पर आई-ट्रैकिंग तकनीक से जांच की गई कि लैंडिंग के नजारे कितनी देर तक उनका ध्यान खींचते हैं। 32 खूबसूरत हवाई अड्डों की लिस्ट में लॉर्ड होवे आइलैंड को सबसे ज्यादा पसंद किया गया, यहां पर यात्रियों की नजर औसतन 2.64 सेकंड तक टिकी रही। इस प्रदर्शन के आधार पर इसे 100 में से 85 अंक मिले और यह दुनिया का सबसे खूबसूरत लैंडिंग स्थल बना। दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड का क्वीन्सटाउन हवाई अड्डा रहा, जिसकी लैंडिंग खड़ी पहाड़ी घाटियों से गुजरती हुई और भी खास एक्सपीरिएंस देती है। तीसरे स्थान पर पुर्तगाल का मदीरा हवाई अड्डा और अमेरिका के कोलोराडो में एस्पेन का पिटकिन काउंटी हवाई अड्डा रहा।