साल 2025 खत्म होने में अब कुछ ही समय बचे हैं। न्यू ईयर के मौके पर कई टूरिस्ट प्लेस में अक्सर जाम, भीड़ और होटल फुल मिलते हैं। लेकिन कई ऐसी जगहें है जो मशहूर टूरिस्ट स्पॉट्स से दूर हैं, जहां आप साल का अंत और शुरुआत बहुत सुकून से कर सकते हैं। यहां ठंडी धुंध वाली सुबहें, जलती आग, खाली सड़कें और छोटे-छोटे कैफे मिलते हैं। अगर आप नए साल की शुरुआत शोर-शराबे के बजाय शांति में करना चाहते हैं, तो ये जगहें आपके लिए बेस्ट है। इन जगहों पर कम भीड़ होती है और आराम से समय बिताया जा सकता है।
नदी के किनारे बसे तीर्थन घाटी के छोटे-छोटे गांवों में पहुंचते ही सब कुछ शांत लगने लगता है। बहते पानी की आवाज और ठंडी हवा सर्दियों का सुकून देती है। इस मौसम में सड़कें ज्यादातर खाली रहती हैं, सुबहें साफ और ठंडी होती हैं और बर्फ न होने के कारण यहां भीड़ या पार्टी करने वाले लोग नहीं आते। इसलिए यह जगह शांति और आराम चाहने वालों के लिए बिल्कुल सही है। घाटी की शांति और प्राकृतिक सुंदरता को सही तरह से फील करने के लिए यहां 3 से 4 रात रुकना बेहतर रहता है। सर्दियों के मौसम में यहां तापमान आमतौर पर 0 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है।
जीरो घाटी में सीढ़ीनुमा खेत और ऊंचे चीड़ के पेड़ मिलकर बहुत शांत माहौल बना देते हैं। गांव की छोटी सड़कें ऐसी लगती हैं मानो आपको रुककर थोड़ा समय बिताने को कह रही हों। साल के आखिरी दिनों में भी यहां ज्यादा पर्यटक नहीं होते हैं। यहां पर शामें आराम से गुजरती हैं। नाइटलाइफ लगभग न होने की वजह से पूरी घाटी में सुकून रहता है, जो शांति पसंद करने वालों के लिए बिल्कुल सही है। घाटी पर 3 से 5 रात रुकना सही रहता है। सर्दियों में मौसम यहां का तापमान आम तौर पर 2 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है।
कलिम्पोंग में सर्दियों के साफ दिनों में तीस्ता घाटी बहुत सुंदर दिखाई देती है और शहर की रफ्तार अपने आप धीमी लगती है। यहां के मठ शांत रहते हैं, गलियां पुराने घरों और कैक्टस नर्सरी के पास से गुजरती हैं। इस शांत माहौल का मजा लेने और शहर को आराम से देखने के लिए 2 से 3 रात रुकना काफी है। सर्दियों में यहां का तापमान करीब 8 से 18 डिग्री सेल्सियस रहता है, जो ठंडा लेकिन आरामदायक होता है।
माजुली में सुबह के समय किसी शांत दुनिया जैसे लगता हैं। यहां नया साल बिना शोर और भीड़ के सुकून से गुजरता है। सत्रा मठ यहां की रोजमर्रा की लाइफ का अहम हिस्सा हैं और नदी ही दिन की रफ्तार तय करती है। माजुली की संस्कृति और शांत नजारों का आनंद लेने के लिए 2 से 3 रात रुकना काफी है। सर्दियों में यहां का मौसम आरामदायक रहता है और तापमान लगभग 12 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है।
गोकर्ण के शांत समुद्र तटों पर पहुंचते ही भीड़ से दूर एक अलग ही सुकून होता है। मुख्य बीच और मंदिरों वाले इलाकों से हटकर छोटी-छोटी खाड़ियां हैं, जहां सब कुछ आराम से चलता है। यहां चट्टानों के बीच बने रास्ते और नीची झोपड़ियां दिखाई देती हैं और समुद्र की आवाज माहौल को और शांत बना देती है। इन जगहों को आराम से देखने के लिए 2 से 4 रात रुकना काफी है। इस समय मौसम 22 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, जो गर्म होने के बावजूद काफी सुहावना होता है।