जापान अपनी खूबसूरती और संस्कृति के लिए दुनियाभर में फेमस है। इसकी खूबसूरती और खासियतें देखने के लिए हर साल लाखों पर्यटक यहां आते हैं। घूमने के शौकीनों के लिए जापान किसी सपने से कम नहीं है। यहां तेज रफ्तार बुलेट ट्रेन के साथ-साथ नेचर का खूबसूरत नजारा भी देखने को मिलता है। अगर आप इस खूबसूरत देश में घूमने का प्लान कर रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। जापान एयरलाइंस ने इंटरनेशनल टूरिस्ट्स को आकर्षित करने के लिए एक नई योजना शुरू की है। इन योजना के तहत कुछ देश के टूरिस्ट्स फ्री डोमेस्टिक फ्लाइट दी जाएगी। इस योजना का लाभ भारतीय भी ऊठा सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में
फ्री में ले सकते हैं डोमेस्टिक फ्लाइट
रिपोट्स के मुताबिक, जापान एयरलाइंस ने इंटरनेशनल टूरिस्ट्स के लिए एक खास प्रोग्राम शुरू किया है, जिसके तहत जापान में फ्री डोमेस्टिक फ्लाइट दी जा रही है। इसका मकसद उन जगहों पर पर्यटन को बढ़ावा देना है, जो ज्यादा मशहूर नहीं हैं। यह ऑफर तब लागू होता है जब आप जापान के लिए JAL की इंटरनेशनल फ्लाइट बुक करते हैं और उसी रिजर्वेशन में डोमेस्टिक लेग भी शामिल करते हैं। जापान पहुंचने के बाद आप साप्पोरो, फुकुओका या ओकिनावा जैसे दूसरे शहरों के लिए बिना अलग टिकट खरीदे उड़ान भर सकते हैं। हालांकि, आपको टैक्स और एयरपोर्ट फीस अलग से चुकानी होगी।
इस योजना के तहत जापान के 60 से ज्यादा घरेलू डेस्टिनेशन शामिल किए गए हैं। हालांकि, इसके साथ कुछ शर्तें भी जुड़ी हैं। इंटरनेशनल और डोमेस्टिक दोनों फ्लाइट्स एक साथ बुक करनी होंगी, सीटों की अवेलेबिलिटी लिमिटेड है। इसके साथ कुछ देशों जैसे अमेरिका, कनाडा और चीन से आने वाले यात्रियों को अगर वे अपने आगमन शहर में 24 घंटे से ज्यादा रुकते हैं, तो अतिरिक्त स्टॉपओवर फीस देना पड़ सकता है। कुल मिलाकर, ये ऑफर आपकी जापान यात्रा को ज्यादा किफायती और विविध बनाने का एक समझदारी भरा तरीका है।खासकर उन लोगों के लिए जो भीड़-भाड़ वाले टूरिस्ट स्पॉट्स से हटकर जापान की कम जानी-पहचानी और खूबसूरत जगहों को देखना चाहते हैं।
टोक्यो, क्योटो से भीड़ को कम करना उद्देश्य
इस प्रोग्राम का लाभ कई देशों के यात्रियों को मिलेगा। इनमें संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको, थाईलैंड, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, वियतनाम, फिलीपींस, इंडोनेशिया, भारत, चीन और ताइवान शामिल हैं। ये कदम टोक्यो, क्योटो और ओसाका जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर बढ़ते भीड़भाड़ को कम करने की जापान की योजना का हिस्सा है। इसके साथ ही इसका उद्देश्य उन क्षेत्रीय इलाकों में पर्यटन को बढ़ावा देना है, जो अब तक पर्यटकों की नजर से काफी हद तक दूर रहे हैं।