Kashmir Travel Places: भारत के बड़े हिस्सों में इस वक्त प्रचंड गर्मी और जानलेवा लू का प्रकोप जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में तापमान के बहुत ज्यादा होने की चेतावनी दी है। 21 मई को जारी अपनी प्रेस रिलीज में IMD ने कहा कि इस हफ्ते के दौरान उत्तर-पश्चिमी, मध्य भारत और पूर्वी भारत में लू से लेकर भीषण हीटवेव की स्थिति बनी रहने की आशंका है। उत्तर प्रदेश के बांदा में 48°C तापमान दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा था। लोगों को इस वक्त घर से निकलते ही चिलचिलाती और तेज धूप महसूस होने लगी है। इस गर्म मौसम में लोग किसी ठंडी या बर्फीली जगह पर जाना पसंद करते हैं। ऐसे में गर्मियों में घूमने के लिए कई हिल स्टेशनों पर जाया जा सकता है।
गर्मी में घूमने कहां जाएं?
इस भीषण गर्मी में घूमने का शौक रखने वाले अधिकतर भारतीय लोग एक बार जम्मू-कश्मीर की यात्रा जरूर करना चाहते हैं। जम्मू-कश्मीर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, बर्फीली वादियों, बर्फबारी, सुंदर झीलों और हाउस बोट के लिए फेमस है। इस वक्त वहां जमकर बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी ने कश्मीर की तुलेल घाटी और कारगिल के द्रास को बर्फ की चादर से ढक दिया है।
कश्मीर के बांदीपोरा जिले में स्थित तुलैल घाटी के ऊपरी इलाकों के साथ-साथ द्रास और जोजिला में भी ताजा बर्फबारी हुई है। जबकि घाटी के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई। नियंत्रण रेखा (LoC) के पास स्थित सुदूर तुलेल घाटी में यह बर्फबारी, रात भर में तापमान में आई अचानक और भारी गिरावट के बाद हुई। द्रास और जोजिला रूट्स के आसपास भी इसी तरह के हालात देखे गए।
गुरेज वैली की करें यात्रा
गुरेज वैली कश्मीर की बेहद खूबसूरत जगह है। यह घाटी समुद्र तल से 2,4000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। गुरेज भारत-पाकिस्तान (India Pakistan Border) के सीमा पर बसी एक छोटी-सी जगह है। दोनों दुश्मन देशों के बीच से एक नदी बहती है। इसे 'किशनगंगा' नाम से जाना जाता है। इस नदी के इस पार से आपको सीधे पाकिस्तानी लोग देखने को मिल जाएंगे। गुरेज वैली कभी सिल्क रूट की एक बेहद अहम जगह हुआ करती थी।
घाटी की सुंदरता देखकर आप हैरान रह जाएंगे। एक दूसरे के कट्टर दुश्मन भारत-पाक सीमा पर होने के वजह से गुरेज काफी संवेदनशील इलाका है। इसलिए गुरेज घाटी (Gurez Valley) जाने के लिए आपको प्रशासन से परमिट बनवाना पड़ेगा। ये परमिट दवार पुलिस स्टेशन में बनता है। इसके लिए आपके पास 'आधार' कार्ड होना अनिवार्य है। विदेशी सैलानियों को परमिट श्रीनगर से मिलता है। अगर आपके पास परमिट नहीं होगा तो आप गुरेज घाटी में एंट्री नहीं कर पाएंगे।
तुलैल का भी कर सकते हैं सफर
इसके अलावा आप तुलैल भी जा सकते हैं। यह गुरेज घाटी की सबसे सुंदर इलाकों में से एक है। तुलैल में स्थित चकवाली गांव भारत का आखिरी गांव है। यहां से पाकिस्तान दिखाई देता है। अगर आप गुरैज घाटी जाते हैं तो एकदम छोर पर जाएं और पाकिस्तान के लोगों को देखें। गुरेज वैली में चारों तरफ ऊंचे-ऊंचे पहाड़ हैं। यह समुद्र तल से 4,380 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यहां तक पहुंचने के लिए बेहद कठिन ट्रेक करना पड़ता है। ये जगह आपको कश्मीर की असली खूबसूरती को दिखाएंगी।