Philippines: अगर आप देश के बाहर कही घूमने का प्लान बना रहे हैं तो फिलीपींस आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है। यह खूबसूरत द्वीप देश अपनी सुनहरी समुद्री तटों, रंग-बिरंगी समुद्री दुनिया, रोचक संस्कृति और रोमांच से भरपूर एक्टिविटीज के लिए जाना जाता है। फिलीपींस में अब भारतीय नागरिक वहां बिना वीजा के घूमने जा सकेंगे। फिलीपींस सरकार ने ऐलान किया कि, 8 जून से भारतीय पासपोर्ट धारकों को फिलीपींस में वीजी-फ्री एंट्री की इजाजत दी जाएगी। इस फैसले का मकसद भारत से आने वाले टूरिस्ट की संख्या को बढ़ाना है।
फिलीपींस में 14 दिन तक घूम सकते हैं
नई नियमों के अनुसार, अब भारतीय नागरिक बिना वीजा के फिलीपींस में 14 दिन तक घूम सकते हैं। अगर किसी भारतीय के पास अमेरिका, यूके, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर या शेंगेन देशों का वैध वीजा या पर्मानेंट रेजिडेंसी है, तो वे इस यात्रा को 30 दिन तक बढ़ा सकते हैं। फिलीपींस पर्यटन विभाग ने बताया कि 2024 में भारत से आने वाले पर्यटकों की संख्या में 12% की बढ़ोतरी देखी गई, जिसमें करीब 80,000 भारतीयों ने देश का दौरा किया। हालांकि कुल पांच मिलियन विदेशी पर्यटकों के मुकाबले ये अब भी बहुत कम है। इसी वजह से भारत से ज्यादा टूरिस्ट आकर्षित करने के लिए वीजा फ्री एंट्री की शुरुआत की गई है।
किन डाक्युमेंट की होगी जरुरत
फिलीपींस पर्यटन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि वीजा फ्री यात्रा की सुविधा भारत और फिलीपींस के बीच रिश्तों को और बेहतर बनाएगी। उन्होंने बताया कि इस फैसले से उम्मीद है कि ज्यादा भारतीय पर्यटक फिलीपींस के खूबसूरत द्वीपों और रंगीन संस्कृति का अनुभव लेने आएंगे। फिलीपींस में वीजा-फ्री एंट्री पाने के लिए भारतीय नागरिकों के पास वैध पासपोर्ट होना जरूरी है, जो जर्नी की तारीख से कम से कम छह महीने तक वैध हो। इसके अलावा, होटल बुकिंग की पुष्टि, यात्रा के दौरान खर्च उठाने लायक पैसे का सबूत और वापसी या आगे की यात्रा का टिकट दिखाना भी जरूरी होगा।
फिलीपींस अपने खूबसूरती के लिए फेमस
फिलीपींस एक ऐसा देश है जो अपनी नैचरल खूबसूरती और साफ-सुथरे बीचों के लिए दुनियाभर में पसंद किया जाता है। यहां के सैकड़ों द्वीप सूरज, समुद्र और सुकून पसंद करने वालों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं हैं। बोराके, एल नीडो और सियार्गाओ जैसे फेमस टूरिस्ट स्पॉट्स यहां आने वाले हर मुसाफिर को एक अलग ही ट्रॉपिकल एहसास देते हैं, जहां आप आराम भी कर सकते हैं और एडवेंचर का मजा भी ले सकते हैं।