Indian Travellers: विदेश घूमने का बना रहे हैं प्लान? ये देश भारतीयों को दे रहा है फ्री वीजा

सितंबर में घूमने की सोच रहे भारतीयों के लिए अच्छी खबर है। कई देश भारतीय पासपोर्ट धारकों को बिना वीजा या ऑन अराइवल वीजा की सुविधा देते हैं। इससे लंबी वीजा प्रक्रिया से बचकर आसानी से यात्रा की जा सकती है। आइए जानते है इन देशों के बारे में

अपडेटेड Aug 30, 2025 पर 5:36 PM
बिना वीजा के एंट्री या ऑन अराइवल वीजा लिस्ट में कई खूबसूरत देशों के नाम है (Photo: Canva)

अगर आप सितंबर के महीने में विदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं, लेकिन वीजा के बारे में सोच रहे हैं तो ये आपके काम की खबर है। दुनिया में कई देश ऐसे है जो भारतीय टूरिस्टों को ऑन अराइवल वीजा दे रहे हैं, जिससे लंबी वीजा प्रक्रिया से गुजरना नहीं पड़ता है। अगर आपके पास भारतीय पासपोर्ट है तो आप इन देशों की आसानी से यात्रा कर सकते हैं। बिना वीजा के एंट्री या ऑन अराइवल वीजा लिस्ट में कई खूबसूरत देशों के नाम है, यहां हर साल लाखों भारतीय घूमने के लिए जाते हैं। आइए जानते हैं इस लिस्ट में कौन-कौन से देश शामिल है।

फिजी: फिजी भारतीय टूरिस्टों को छोटे स्टे पर फ्री-वीजा की सुविधा दे रहा है। यहां के खूबसूरत समुद्र तट, साफ लैगून और लोगों का अपनापन इसे और खास बना देता है। ये जगह स्नॉर्कलिंग, डाइविंग और कल्चर के लिए जानी जाती है। वीजा की झंझट से दूर, सितंबर में छुट्टियां बिताने के लिए यह एक शानदार ट्रॉपिकल डेस्टिनेशन है।

कई कैरिबियाई देश भारतीय यात्रियों को फ्री वीजा या ऑन अराइवल वीजा की सुविधा देते हैं, जिससे यहां जाना बेहद आसान हो जाता है। जमैका के मशहूर रेगे म्यूजिक से लेकर बहामास के साफ नीले पानी तक, यह जगह समुद्र तटों और रोमांच पसंद करने वालों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। सितंबर में यहां टूरिस्ट भी कम आते हैं, जिससे छुट्टियां और भी शांतिपूर्ण और खास हो जाती हैं।


ओमान: ओमान भारतीय टूरिस्टों जिनके पास यूएस, यूके, शेंगेन या खाड़ी देशों का वैलिड वीजा है, उनको वीजा-फ्री या आसान प्रवेश की सुविधा देता है। यह देश अपने रेगिस्तानी नज़ारों, हरी-भरी वादियों और पारंपरिक बाज़ारों के लिए जाना जाता है। सितंबर का मौसम यहां गर्मियों की तुलना में सुहावना होता है, जो इसे घूमने के लिए एक अच्छा समय बना देता है।

श्रीलंका: श्रीलंका भारतीयों को मौजूदा आसान प्रवेश योजना के तहत वीज़ा-मुक्त फ्री की सुविधा देता है। यहां कोलंबो की व्यस्त सड़कों से लेकर ऐतिहासिक स्थलों और दक्षिण के सुंदर समुद्र तटों तक घूमने के लिए बहुत कुछ है।

थाईलैंड: थाईलैंड अपनी खास छूट योजना के तहत भारतीय यात्रियों को वीजा-फ्री प्रवेश देता है। यहां बैंकॉक के रौनक भरे बाजार, फुकेत के खूबसूरत बीच जैसे कई जगहों पर घूम सकते हैं।

नेपाल: नेपाल भारतीय टूरिस्टों के लिए वीजा-फ्री है। यहां पर आप सड़क और फ्लाइट दोनों रास्तों से पहुंच सकते हैं। हिमालय की ट्रेकिंग से लेकर काठमांडू के मंदिरों के दर्शन तक, यहां काफी कुछ है देखने को।

हांगकांग: भारतीय टूरिस्ट आसान ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद हांगकांग में 14 दिन तक बिना वीजा रह सकते हैं। यहां की ऊंची-ऊंची इमारतें, विक्टोरिया हार्बर का सुंदर नजारा और डिज्नीलैंड लोगों को खूब पसंद आते हैं। सितंबर में मौसम सुहावना होता है, जिससे बाहर घूमना और भी मज़ेदार बन जाता है।

मलेशिया: मलेशिया ने भारतीयों के लिए वीजा की जरूरत हटा दी है, जिससे अब यहां घूमना बहुत आसान हो गया है। ये देश कुआलालंपुर की आधुनिक खूबसूरती और लैंगकॉवी जैसे सुंदर द्वीपों का बेहतरीन मेल है। सितंबर का महीना यहां काफी शांत रहता है, इसलिए बिना भीड़भाड़ के आराम से यात्रा का आनंद लिया जा सकता है।

भूटान: भूटान भारतीय टूरिस्टों को बिना वीजा केवल पासपोर्ट या वोटर आईडी से प्रवेश की सुविधा देता है। इसे "थंडर ड्रैगन की भूमि" कहा जाता है। यहां आकर लोग खूबसूरत घाटियों, शांत मठों में घूम सकते हैं। सितंबर में त्योहारों का मौसम इस जर्नी को और भी यादगार बना देता है।

मॉरीशस: मॉरीशस भारतीय टूरिस्टों को 90 दिनों तक वीजा-फ्री घूमने की सुविधा देता है। यहां के नीले लैगून और सांस्कृतिक विविधता इसे खास बनाते हैं। यह जगह हनीमून कपल्स से लेकर परिवारों तक सभी के लिए पसंदीदा है। सितंबर में यहां का मौसम काफी अच्छा होता है

इंडोनेशिया: इंडोनेशिया भारतीयों को छोटी यात्राओं के लिए बिना वीजा की सुविधा देता है। यहां का सबसे खूबसूरत स्थान बाली माना जाता है। बाली में समुद्र तट, प्राचीन मंदिर, धान की सीढ़ियां और नाइटलाइफ सबकुछ एक साथ देखने को मिलता है। सितंबर यहां घूमने का बेहतरीन समय है।

इस देश में है दुनिया का सबसे खूबसूरत रनवे, प्लेन के लैंड होते ही दिखता है समुद्र का शानदार नजारा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।