क्रोएशिया अपनी खूबसूरत लोकेशन के लिए जानी जाती है। यहां के खूबसूरत बीच और दिलकश नजारे किसी फिल्म के सेट जैसे लगते हैं। इस जगह पर कई फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। यहां तक कि गेम ऑफ थ्रोन्स के कई दृश्य भी डबरोवनिक में फिल्माए गए थे। हाल ही में कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' की शूटिंग भी यहीं पर हुई है। बॉलीवुड स्टार कार्तिक आर्यन अक्सर यहां की खूबसूरती की फोटो फैंस के साथ शेयर करते रहते थे। एड्रियाटिक सागर किनारे बना ये शानदार देश तेजी से यात्रियों की पहली पसंद बनता जा रहा है। अगर आप क्रोएशिया में घूमने का प्लान कर रहे हैं तो इन जगहों को आपको बिल्कुल भी मिस नहीं करना चाहिए। आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में
डबरोवनिक क्रोएशिया का एक बेहद लोकप्रिय शहर है। समुद्र किनारे बसे इस खूबसूरत किलेबंद शहर को टीवी सीरीज गेम ऑफ थ्रोन्स ने क्रोएशिया की खूबसूरत लोकेशनों को दुनिया भर में फेमस कर दिया, क्योंकि यही शो का किंग्स लैंडिंग भी रहा है। सुबह-सुबह इसकी प्राचीन दीवारों पर शांत माहौल में घूमना शानदार अनुभव देता है। इसके बाद आप एड्रियाटिक सागर के साफ पानी में स्विमिंग कर सकते हैं या कयाकिंग का मजा ले सकते हैं। चाहें तो पास के लोकरम आइलैंड की सैर के लिए नाव की सवारी भी कर सकते हैं।
प्लिटविस लेक्स नेशनल पार्क
अगर आप प्राकृतिक खूबसूरती के बीच समय बिताना चाहते हैं, तो प्लिटविस लेक्स नेशनल पार्क क्रोएशिया की सबसे बेहतरीन जगहों में से एक है। यहां 16 खूबसूरत झीलें हैं, जो झरनों के जरिए एक-दूसरे से जुड़ी हैं और चारों ओर घने जंगल व लाइमस्टोन की चट्टानें दिखती हैं। लकड़ी के रास्ते और ट्रेल्स पानी के बिलकुल ऊपर से गुजरते हैं, जिससे नजारा और भी शानदार लगता है।
हवार आइलैंड का स्टारी ग्रैड
हवार आइलैंड का स्टारी ग्रैड क्रोएशिया का शांत और सांस्कृतिक रूप से बहुत पुराना शहर है। ये यूरोप के सबसे पुराने शहरों में से एक माना जाता है और करीब 2,400 साल पुराना है। समुद्र के किनारे बसा ये खूबसूरत शहर अपनी पत्थर की गलियों, पुराने घरों और छोटी-छोटी खाने की जगहों के लिए जाना जाता है, जहां ताजा सीफूड और लोकल वाइन का मजा लिया जा सकता है। क्रोएशिया का खाना भी काफी मजेदार होता है।
डबरोवनिक जितना चर्चित न होने के बावजूद स्प्लिट क्रोएशिया का एक बेहद खूबसूरत तटीय शहर है। यहां पर आप डायोक्लेटियन पैलेस व पुराने शहर की गलियों में शांति से घूम लें, इससे पहले कि क्रूज शिप के यात्री शहर में आ जाएं। इसके बाद आप रीवा प्रोमेनेड पर कॉफी का आनंद ले सकते हैं। यहां बाकविस बीच पर आराम कर सकते हैं।
जाग्रेब समुद्र के किनारे नहीं बसा है, लेकिन फिर भी ये क्रोएशिया की सबसे दिलचस्प जगहों में से एक है। इतिहास प्रेमियों के लिए जाग्रेब सिटी म्यूजियम और नया आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम बेहतरीन ऑप्शन हैं। रोमांच के लिए आप बस या केबल कार से मेदवेद्निका पहाड़ पर बने पुराने मेदवेदग्राद किले तक जा सकते हैं। किले से आपके पूरे शहर का खूबसूरत नजारा दिखता है। यहां पर खाने-पीने की भी काफी जगहें हैं।