Sai Baba Temple Shirdi: महाराष्ट्र राज्य में स्थित शिरडी वह शहर है जहां श्री साईं बाबा ने अपना अधिकांश जीवन बिताया था। यह शहर साईं बाबा मंदिर के लिए प्रसिद्ध है। यहां हर दिन हजारों श्रद्धालु साईं बाबा का दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मुंबई और आसपास के शहरों के लोगों के लिए तो शिरडी जाना सबसे आम और आसान आध्यात्मिक यात्राओं में से एक है। सड़क, हवाई और रेल के कई विकल्पों के साथ यहां के लोगों को शिरडी पहुंचना किसी भी वक्त काफी आसान है।
शिरडी साईं बाबा जाने के लिए हाल के वर्षों में 'वंदे भारत एक्सप्रेस' ट्रेन बेस्ट ऑप्शन बनकर उभरा है। यह सबसे आरामदायक और समय बचाने वाला विकल्प है। फरवरी 2023 में मुंबई सीएसएमटी-साईंनगर शिरडी रूट (Mumbai CSMT-Sainagar Shirdi route) पर अपनी शुरुआत के बाद से सेमी-हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (vande bharat express train) भक्तों की पहली पसंद बन गई है।
आधुनिक सुविधाओं, रफ्तार की वजह से समय की बचत और सुविधाजनक के साथ यह शिरडी की एक दिन की यात्रा या छोटी यात्रा की योजना बनाने वालों के लिए आदर्श ट्रेन है। शिरडी, श्री साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट द्वारा संचालित एक देश का प्रमुख तीर्थस्थल है। यह कोपरगांव रेलवे स्टेशन के पास स्थित है। मंदिर के सबसे करीब यही है। शिरडी का सबसे प्रमुख आकर्षण साईं बाबा का मंदिर और समाधि मंदिर है।
शिरडी जाने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस क्यों अच्छा है?
मुंबई-शिरडी वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22223/22224) मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलती है। यह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से सुबह 6:20 बजे चलती है और 11:30 बजे साईंनगर शिरडी पहुंचती है। यह 343 किलोमीटर की यात्रा 5 घंटे से भी कम समय में पूरी करती है। वापसी के दौरान यह शिरडी से शाम 5:45 बजे रवाना होती है और रात 10:50 बजे मुंबई पहुंच जाती है।
वंदे भारत ट्रेन ठाणे, कल्याण और नासिक रुकती है। इससे मुंबई महानगर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों के यात्री इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं। आरामदायक सीटों, ट्रेन में अच्छा भोजन और नियमित ट्रेनों की तुलना में वंदे भारत शानदार है। vistadometrip.com के अनुसार, मुंबई-शिरडी वंदे भारत एक्सप्रेस के एसी चेयर कार टिकट की कीमत 975 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार टिकट की कीमत 1,840 रुपये है। इसमें खाना भी शामिल है।