अगर आप इन सर्दियों कही घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आप साउथ इंडिया में घूमने का प्लान बना सकते हैं। भीड़भाड़ से दूर ये जगह आपको काफी सुकून देगी। शहर की तेज रोशनी और शोर से दूर इन जगहों पर आसमान साफ रहता है, जहां तारे, ग्रह और नक्षत्र साफ दिखाई देते हैं। चाहे ठंडी पहाड़ी जगह हो या शांत समुद्र तट, ये स्थान उन लोगों के लिए बेहतरीन हैं, जो रात के आसमान की शांति और खूबसूरती को महसूस करना चाहते हैं। खुले आसमान के नीचे ठंडी हवा में बिताया गया समय आपके लिए एक यादगार एक्सपीरिएंस बन जाता है। इन जगहों पर एक बार जाने के बाद आप इनको कभी भूल नहीं पाएंगे। आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में
कर्नाटक का कूर्ग अपनी हरी-भरी कॉफी बागानों और खूबसूरत पहाड़ियों के लिए जाना जाता है। यहां आसमान ज्यादातर साफ रहता है और रोशनी का असर भी बहुत कम होता है, जिससे रात में तारे साफ दिखाई देते हैं। मंडलपट्टी और निशानी बेट्टा जैसे व्यू पॉइंट स्टारगेजिंग के लिए काफी पसंद किए जाते हैं। ठंडा मौसम और शांत माहौल रात के समय तारों को निहारने का मजा और बढ़ा देता है।
केरल का मुन्नार अपनी चाय के बागानों और ठंडे मौसम के लिए फेमस है, जो इसे स्टारगेजिंग के शौकीनों के लिए खास बनाता है। यहां का साफ आसमान रात में तारों को देखने का बेहतरीन मौका देता है, खासकर एराविकुलम नेशनल पार्क जैसे इलाकों में। रात की शांति और पहाड़ियों का सुकून इस पल को और भी खास बना देता है। साथ में एक कप स्थानीय चाय हो तो यह अनुभव और भी यादगार बन जाता है।
तमिलनाडु का येलागिरी पूर्वी घाट में स्थित एक शांत हिल स्टेशन है, जो भीड़ से दूर तारों को निहारने के लिए बेहतरीन माना जाता है। पुंगनूर झील के आसपास का इलाका शहर की रोशनी से दूर होने की वजह से रात के आसमान को साफ देखने का मौका देता है। यहां मौजूद ऑब्जर्वेटरी नए लोगों को खगोल विज्ञान के बारे में जानने का अच्छा अवसर देती है। रात की ठंडी और हल्की हवा लंबे समय तक आसमान देखने के अनुभव को और आरामदायक बना देती है।
कर्नाटक का हंपी अपने ऐतिहासिक खंडहरों और चट्टानों के बीच फैले खुले माहौल के कारण स्टारगेजिंग के लिए बेहतरीन माना जाता है। यहां रोशनी बहुत कम होने से रात का आसमान बेहद साफ और दूर तक फैला हुआ दिखाई देता है। तारों से भरे आसमान के नीचे प्राचीन मंदिरों का नजारा बेहद आकर्षक लगता है। सूरज ढलने के बाद यह जगह खास तौर पर फोटोग्राफी पसंद करने वालों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं होती।
केरल का वर्कला बीच समुद्र और तारों भरे आसमान का खूबसूरत संगम पेश करता है। यहां की ऊंची चट्टानें और खुले समुद्र तट रात में आसमान को साफ-साफ देखने का मौका देते हैं। लहरों की हल्की आवाज तारों को निहारते समय मन को शांति देती है। किस्मत अच्छी हो तो रात में समुद्र के पानी में चमकते बायोल्यूमिनसेंट प्लैंकटन भी दिखाई दे सकते हैं, जो इस एक्सपीरिएंस को और खास बना देते हैं।