Schengen Visa : इस भारतीय को 5 साल का वीजा सिर्फ चार दिन में मिला, रेडिट पर विवरण बताने वाले पोस्ट हुई वायरल

रेडिट पर एक यूजर ने कास्केड व्यवस्था के तहत 5 साल का शेनजेन वीजा सिर्फ 4 दिन में हासिल करने का अनुभव शेयर किया, जिसके बाद उसकी पोस्ट वायरल हो गई। सभी उससे प्रक्रिया के बारे में जानना चाहते थे, जिससे उसने ये वीजा हासिल किया।

अपडेटेड Jul 31, 2025 पर 11:41 PM
Story continues below Advertisement

रेडिट पर एक भारतीय यात्री की ‘कास्केड व्यवस्था’ तहत 5 साल तक की लंबी अवधि के लिए शेनजेन वीजा महज 4 कामकाजी दिन में पाने की प्रक्रिया बताती पोस्ट खूब वायरल हो रही है। नेटिजंस आश्चर्यचकित हो कर उनसे इसकी प्रक्रिया के बारे में पूछ रहे हैं। यह रेडिट यूजर भारतीय पासपोर्ट धारक है और इसने बताया कि बेंगलुरू स्थिति फ्रांसीसी वाणिज्य दूतावास ने उन्हें लंबी अवधि का वीजा मात्र 4 दिनों में जारी कर दिया। उन्होंने लिखा, ‘अपना अनुभव बता रहा हूं। जो लोग कास्केड व्यवस्था के बारे में जानने के उत्सुक हैं। लगता है ये अब काम कर रहा है। कम से कम फ्रांस में।’

कैसे मिला 5 साल का शेनजेन वीजा सिर्फ 4 दिन में

पोस्ट के मुताबिक, यूजर 32 देशों की यात्रा कर चुका है और इससे पहले उसके पास तीन शेनजेन वीजा थे, जर्मनी और स्पेन के लिए। सभी दो साल की अवधि में जारी किए गए थे। यूजर के सबसे ताजा शेनजेन वीजा स्पेन का था, जिसकी अवधि 45 दिनों की थी। इसके बावजूद, फ्रांसीसी दूतावास के जरिए उनके हालिया वीजा आवेदन से 5 साल का वीजा मिल गया।

रेडिट यूजर के इस अनुभव ने अक्सर अप्रत्याशित शेनजेन वीजा प्रक्रिया से गुजरने वाले भारतीय यात्रियों में उत्सुकता जगा दी है। पोस्ट के कमेंट सेक्शन में इससे जुड़े सवालों की बाढ़ आ गयी। सभी इसकी प्रक्रिया जानने को उत्सुक थे।

अपनी पोस्ट में यूजर ने सभी डॉक्युमेंट की सूची दी, जिनकी मदद से इतना लंबा शेनजेन वीजा संभव हुआ। इसमें शामिल थे :

लंबी अवधि के लिए वीजा के लिए अनुरोध करने वाला कवर लेटर


पिछला पासपोर्ट और यात्रा इतिहास दिखाने वाले नए और पुराने दोनों पासपोर्ट के स्कैन पेज

फ्रांस के लिए 10 दिनों का यात्रा कार्यक्रम

दो साल का आयकर रिटर्न

तीन महीने के बैंक स्टेटमेंट और सैलरी स्लिप

यूजर ने स्पष्ट किया, ‘कास्केड रेजीम में दो साल के वीजा के लिए योग्य होने के लिए आपके पास कम से कम पिछले तीन साल में दो वीजा होने चाहिए। हालांकि लंबी अवधि का वीजा मिलना पूरी तरह से वीजा अधिकारी की मर्जी पर निर्भर है।’

क्या है शेनजेन की ‘कास्केड रेजीम’?

यूरोपियन यूनियन की ‘कास्केड’ वीजा रेजीम को भारत जैसे देशों से नियमित आने वाले यात्रियों के लिए लंबी अवधि, मल्टिपल एंट्री शेनजेन वीजा की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए विकसित किया गया है। इस व्यवस्था के तहत अगर कोई आवेदक पिछले तीन साल में दो शेनजेन वीजा का इस्तेमाल कर चुका है, तो उसे उसे दो साल का मल्टिपल एंट्री वीजा प्रदान किया जा सकता है। इस वीजा को सफलतापूर्वक इस्तेमाल करने के बाद, अगर उनके पासपोर्ट में पर्याप्त वैधता है, तो वे 5 साल के मल्टिपल एंट्री वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। वैधता अवधि के दौरान वीजा धारक शेनजेन क्षेत्र में लगभग वीजा-मुक्त यात्रा का लाभ ले सकते हैं। हालांकि वे किसी भी 180 दिन की अवधि में 90 दिन तक ही रह सकते हैं। यह वीजा सिर्फ पर्यटन या बिजनेस के लिए है और रोजगार के लिए इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है।

कौन से देश स्वीकार करते हैं ये वीजा

मल्टिपल एंट्री शेनजेन वीजा शेनजेन क्षेत्र के सभी 29 देशों में प्रवेश की अनुमति देता है। इनमें बेल्जियम, बुल्गारिया, क्रोएशिया, चेक गणराज्य, डेनमार्क, जर्मनी, एस्टोनिया, ग्रीस, स्पेन, फ्रांस, इटली, लातविया, लिथुआनिया, लक्जमबर्ग, हंगरी, माल्टा, नीदरलैंड, ऑस्ट्रिया, पोलैंड, पुर्तगाल, रोमानिया, स्लोवेनिया, स्लोवाकिया, फिनलैंड, स्वीडन, आइसलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड शामिल हैं।

Japan-Russia Tsunami: अगर आप भी फंस जाएं सुनामी में, तो ये बातें ध्यान रखें

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Jul 31, 2025 11:41 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।