आजादी का दिन यानी 15 अगस्त को पूरा देश खूब उत्साह के साथ मनाता है। इस दिन देशभक्ति की भावना से प्रेरित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस दिन एक और एक्टिविटी काफी लोकप्रिय होती है पतंगबाजी की। पतंगबाजी के लिए जरूरी चीजों में से एक होती है चरखी, जिसके बिना पतंग का आसमान की ऊंचायों तक पहुंचना मुश्किल होता है। इसका स्वरूप बरसों से एक जैसा ही रहा है, लेकिन इस बार बाजार में मोटर वाली चरखी आपके इस शौक के मजे को दोगुना कर सकती है। अब आप सोच रहे होंगे कि ये मोटर वाली चरखी की भला क्या जरूरत है। मोटर वाली चरखी, दरअसल स्मार्ट चरखी है जो एक हाथ से पतंग उड़ाना बेहद आसान बना देती है। चलिए अब आपको इसकी खासियतों के बारे में बताते हैं।
आज का दौर स्मार्ट गैजेट का दौर है। टीवी, फ्रिज से लेकर घड़ी तक सबकुछ स्मार्ट हो गया है। ऐसे में भला पतंग की चरखी कैसे पीछे रह जाती। ये स्मार्ट चरखी मोटर के साथ आती है और चरखी के हैंडल में लगे बटन की मदद से इसे चलाया जाता है। आप सोच रहे होंगे कि चरखी के स्मार्ट होने की क्या जरूरत है? ये स्मार्ट चरखी बटन दबाते ही मांझे को खुद ब खुद लपेटने लगती है। मतलब, पतंगबाजी में अब मांझा लपेटने के लिए किसी को अलग से साथ रहने की जरूरत नहीं है। ये काम इसका रीचार्जेबल मोटर बस एक बटन दबाते ही कुछ सेकेंड में कर देता है।
इस स्मार्ट चरखी में मोटर लगी है, जो इसके हैंडल में लगे बटन से चलती है। इसके साथ आप अकेले होते हुए भी पतंगबाजी का पूरा मजा ले सकते हैं। इसकी मदद से आप एक बटन के कंट्रोल से बड़े आराम और बिना टेंशन के अकेले पतंग के पेंच भी लड़ा सकते हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि इस स्मार्ट चरखी को रीचार्ज करना काफी मुश्किल होगा। लेकिन ऐसा नहीं है, ये आपके मोबाइल के टाइप सी केबल से आराम से चार्ज हो सकती है। इसे पूरा चार्ज होने में डेढ़ से दो घंटे का समय लगता है और एक बार चार्ज होने पर ये 8 से 10 घंटे आराम से काम करती है। इसे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से 2,000 रुपये तक में खरीदा जा सकता है। मेड इन इंडिया चरखी के बैटरी को आसानी से बदल सकते हैं और एक बार खरीदने पर इसे काफी समय तक इस्तेमाल कर सकते हैं।