पान वाले ने खरीद ली 1 करोड़ की कार-दुकान, ये देख MBA कर चुका ये 34 साल का शख्स हुआ बहुत परेशान, इनकी जॉब की सच्चाई जान हिल जाएंगे
34 वर्षीय MBA ग्रेजुएट ने Reddit पर अपनी नौकरी और करियर को लेकर परेशानी साझा की। टियर-3 कॉलेज से MBA के बाद नौकरी की, लेकिन कमर की तकलीफ के कारण छोड़नी पड़ी। अब नौकरी की तलाश जारी है। इसी बीच आसपास के पान वाले, प्लंबर और दूसरे छोटे कारोबारियों की अच्छी कमाई देखकर वह सोचने लगा कि क्या डिग्री ही सफलता की गारंटी है
नौकरी नहीं मिली तो आसपास के छोटे दुकानदारों को देखने लगा, 34 साल के MBA ने बताई अपनी पूरी परेशानी
एक 34 वर्षीय MBA ग्रेजुएट ने Reddit पर अपनी नौकरी और जिंदगी से जुड़ी परेशाaनी साझा की है। टियर-3 कॉलेज से MBA करने के बाद उसने नौकरी की, लेकिन कमर की तकलीफ के कारण उसे जॉब छोड़नी पड़ी। अब वह दोबारा नौकरी पाने की कोशिश कर रहा है, मगर लगातार आवेदन और इंटरव्यू के बाद भी कोई सही मौका नहीं मिल रहा। BPO और कस्टमर सपोर्ट जैसी नौकरियों में भी उसे अपनी आवाज को लेकर दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए अब वह नॉन-वॉइस जॉब की तरफ जाने की कोशिश कर रहा है।
इसी बीच अपने आसपास के छोटे कारोबारियों को आगे बढ़ते देखकर उसके मन में कई सवाल उठने लगे। पान दुकानदार, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन और जूस बेचने वाले लोगों को अच्छी कमाई करते देखकर वह सोचने लगा कि क्या डिग्री और नौकरी ही सफलता का एकमात्र रास्ता है। उसकी यह उलझन अब करियर को लेकर एक बड़े सवाल में बदल गई है।
पान की दुकान पर मिली चौंकाने वाली जानकारी
r/ThirtiesIndia नाम से किए गए पोस्ट के मुताबिक, वह एक दिन पास की पान की दुकान पर गया। बातचीत के दौरान उसे पता चला कि दुकानदार ने करीब 1 करोड़ रुपये की कार और दुकान खरीदी है। वह अपने घर का रेनोवेशन भी करा रहा है।
यह देखकर MBA ग्रेजुएट सोच में पड़ गया। एक तरफ वह अपनी डिग्री के बावजूद नौकरी के लिए संघर्ष कर रहा है, दूसरी तरफ एक पान दुकानदार ने मेहनत से अच्छी संपत्ति खड़ी कर ली है।
हालांकि, पोस्ट लिखने वाला यह भी मानता है कि पान की दुकान चलाना आसान काम नहीं है। उसके मुताबिक, दुकानदार पर रात करीब 2 बजे सिगरेट न देने के कारण चाकू से हमला तक हो चुका है।
प्लंबर से जूस वाले तक, सबकी अपनी कहानी
उसने लिखा कि पिछले कुछ समय में उसने अपने आसपास कई छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत होते देखा है। प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, कियोस्क संचालक, पान दुकानदार और जूस बेचने वाले लोग अच्छी कमाई कर रहे हैं। कुछ ने संपत्ति बनाई है, तो कुछ अपने परिवार के लोगों और रिश्तेदारों को भी काम दे रहे हैं। उसके मुताबिक, इन लोगों की एक और खास बात है वे अपने काम के हिसाब से खुद को लगातार अपडेट करते हैं और ग्राहकों के साथ अच्छा व्यवहार रखते हैं।
कम पढ़ाई वाला युवक बेच रहा महंगे मोबाइल
पोस्ट में एक स्थानीय युवक का भी जिक्र है, जिसने ज्यादा पढ़ाई नहीं की। इसके बावजूद वह महंगे मोबाइल फोन बेचता है और बाजार से कम कीमत पर फोन उपलब्ध कराने की कोशिश करता है।उसका कारोबार अच्छा चल रहा है। यह देखकर पोस्ट लिखने वाले शख्स को लगने लगा कि सिर्फ डिग्री हासिल करना ही आर्थिक सफलता की गारंटी नहीं है।
खुद भी बिजनेस शुरू करने का सपना
34 वर्षीय शख्स का कहना है कि अगर उसकी कमर की समस्या नहीं होती, तो शायद वह भी अपना छोटा कारोबार शुरू कर चुका होता। कभी उसे वड़ा पाव या रेमन का कियोस्क शुरू करने का विचार आता है। कभी वह मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने के बारे में सोचता है। उसका मानना है कि अगर बाजार या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से बेहतर कीमत पर सामान दिया जाए, तो ग्राहक बनाए जा सकते हैं।
नौकरी ढूंढना भी बन गया चुनौती
फिलहाल वह नॉन-वॉइस जॉब की तलाश कर रहा है। BPO और कस्टमर सपोर्ट की ऑफलाइन नौकरियों के लिए भी उसने कोशिश की, लेकिन उसके मुताबिक इंटरव्यू के दौरान उसकी भारी आवाज को लेकर भी आपत्ति जताई गई। अब वह अपनी टाइपिंग स्पीड सुधारने पर ध्यान दे रहा है, ताकि नॉन-वॉइस प्रोफाइल में नौकरी मिल सके।
Business Analyst के इंटरव्यू में अटका Excel पर
उसने Business Analyst की नौकरी के लिए भी इंटरव्यू दिया था। वहां उससे Excel के फॉर्मूला से जुड़े सवाल पूछे गए, जिनका वह जवाब नहीं दे पाया। वह रोज कुछ नया सीखने की कोशिश कर रहा है, लेकिन पढ़ाई और नौकरी की तलाश के बीच खुद को काफी थका हुआ और उलझा हुआ महसूस करता है।
करियर के साथ निजी जिंदगी की भी चिंता
पोस्ट में उसने अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चिंता जताई। वह अभी शादीशुदा नहीं है और उसकी कोई खास फाइनेंशियल प्लानिंग भी नहीं है। पैरों में दर्द और जल्दी थक जाने की समस्या के कारण उसका आत्मविश्वास भी प्रभावित होता है।
इसके अलावा, बड़े भाई के साथ अक्सर होने वाले विवाद और उनके तानों से भी वह परेशान रहता है। इन सबके बीच कई बार वह खुद को काफी निराश महसूस करता है।