Abhinay Sir Net Worth: SSC की नौकरी छोड़ अभिनय सर बने करोड़ों के शिक्षक, आज एक घंटे की फीस सुनकर रह जाएंगे हैरान

कभी सरकारी नौकरी करने वाले अभिनय शर्मा आज देश के सबसे चर्चित शिक्षकों में गिने जाते हैं। SSC छात्रों के बीच बेहद लोकप्रिय अभिनय सर ने पढ़ाने के जुनून को अपना करियर बनाया और लाखों छात्रों तक अपनी पहुंच बनाई। उनकी सफलता, कमाई और शानदार जीवनशैली अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी रहती है

अपडेटेड Jun 03, 2026 पर 10:11 AM
एक इंटरव्यू में अभिनय शर्मा ने बताया था कि उनके पास ग्रेटर नोएडा में कई फ्लैट और प्लॉट हैं।

सरकारी नौकरी पाना लाखों युवाओं का सपना होता है, लेकिन कुछ लोग अपने जुनून को करियर बनाकर अलग पहचान बना लेते हैं। SSC अभ्यर्थियों के बीच लोकप्रिय गणित शिक्षक अभिनय शर्मा की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। कभी सरकारी पदों पर काम करने वाले अभिनय ने नौकरी की सुरक्षित राह छोड़कर पढ़ाने को अपना लक्ष्य बनाया। आज वह देश के सबसे चर्चित ऑनलाइन शिक्षकों में गिने जाते हैं।

यूट्यूब पर लाखों छात्र उनकी क्लास देखते हैं और उनकी सफलता की कहानी कई युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है। संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने शिक्षा की दुनिया में ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसके बारे में कभी उन्होंने भी शायद नहीं सोचा होगा। उनकी कमाई, लोकप्रियता और जीवनशैली अक्सर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रहती है।

यूट्यूब ने बदल दी किस्मत


अक्टूबर 2017 में उन्होंने "Abhinay Maths" नाम से यूट्यूब चैनल शुरू किया। उनकी पढ़ाने का तरीका छात्रों को इतनी पसंद आई कि चैनल ने महज आठ महीनों में 10 लाख सब्सक्राइबर का आंकड़ा पार कर लिया। उस समय ये उपलब्धि हासिल करने वाले शुरुआती एजुकेशन चैनलों में से एक था।

150 सीटों वाली क्लास में पहुंचे 500 छात्र

यूट्यूब पर लोकप्रियता बढ़ने के साथ उन्होंने एक छोटा कोचिंग सेंटर भी शुरू किया, जिसमें केवल 150 छात्रों के बैठने की व्यवस्था थी। लेकिन जब नए बैच की घोषणा हुई तो करीब 500 छात्र पहुंच गए। छात्रों की बढ़ती संख्या देखकर उन्हें खुद भी हैरानी हुई। बाद में उन्होंने बताया कि कई छात्र उनकी क्लास में दाखिले के लिए लंबी कतारों में खड़े रहते थे।

कर्ज से लग्जरी लाइफ तक का सफर

पढ़ाने के जरिए मिली सफलता ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी बदल दी। उन्होंने सबसे पहले परिवार पर चढ़ा कर्ज चुकाया। इसके बाद 2018 में अपनी पहली लग्जरी कार मर्सिडीज खरीदी। आज उनके पास कई ब्रांड्स की कारें हैं। वो अक्सर अपने संघर्ष भरे दिनों को याद करते हुए कहते हैं कि सफलता ने उन्हें उन लोगों को जवाब देने का मौका दिया, जिन्होंने कभी उनका और उनके परिवार का मजाक उड़ाया था।

करोड़ों की संपत्ति के मालिक

एक इंटरव्यू में अभिनय शर्मा ने बताया था कि उनके पास ग्रेटर नोएडा में कई फ्लैट और प्लॉट हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्हें खुद भी अपनी सभी संपत्तियों की सही संख्या याद नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कई लोगों को उन्होंने अपने मकानों में बिना किराया लिए रहने की अनुमति दे रखी है।

फीस सुनकर चौंक जाएंगे

अपनी कमाई के बारे में बात करते हुए अभिनय शर्मा ने बताया कि उनके करियर में समय के साथ बड़ा बदलाव आया है। शुरुआत में उन्हें पढ़ाने के लिए सिर्फ 650 रुपये प्रति घंटे मिलते थे। बाद में उनकी फीस बढ़ती गई और आज उनकी लोकप्रियता ऐसी है कि किसी संस्थान को उनके साथ लंबे समय तक काम करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी जॉइनिंग फीस 50 करोड़ रुपये है। वहीं, एक घंटे की क्लास लेने के लिए भी वे बड़ी रकम चार्ज करते हैं। उनकी यह सफलता दिखाती है कि मेहनत और लगातार काम करने से इंसान कितनी ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

मेहनत और आत्मविश्वास की मिसाल

सरकारी कर्मचारी से सफल शिक्षक और यूट्यूब स्टार बनने तक का अभिनय शर्मा का सफर यह दिखाता है कि अगर व्यक्ति अपने हुनर पर भरोसा रखे और लगातार मेहनत करे, तो वो अपनी पहचान खुद बना सकता है। आज लाखों छात्र उन्हें सिर्फ शिक्षक ही नहीं, बल्कि प्रेरणा के स्रोत के रूप में भी देखते हैं।

चॉकलेट से तैयार किया 7 मीटर लंबा ऐतिहासिक मॉडल, बारीकियां देखकर दंग रह जाएंगे आप

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।