चॉकलेट से तैयार किया 7 मीटर लंबा ऐतिहासिक मॉडल, बारीकियां देखकर दंग रह जाएंगे आप

चॉकलेट का नाम सुनते ही मिठास का ख्याल आता है, लेकिन चीन की एक युवा महिला ने इसे कला का अनोखा रूप दे दिया। उसने चॉकलेट से ऐसी शानदार कृति तैयार की है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए हैं। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और हर कोई उसकी मेहनत और हुनर की तारीफ कर रहा है

अपडेटेड Jun 03, 2026 पर 8:50 AM
फैन का कहना है कि उन्हें पारंपरिक चीनी वास्तुकला बेहद आकर्षित करती है।

आपने चॉकलेट से बनी मूर्तियां, केक या सजावट तो जरूर देखी होगी, लेकिन क्या कभी सोचा है कि सिर्फ चॉकलेट की मदद से एक पूरा ऐतिहासिक शहर तैयार किया जा सकता है? इन दिनों चीन की एक युवा महिला का ऐसा ही अनोखा कारनामा सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। उसने करीब 60 किलो चॉकलेट का इस्तेमाल करके 900 साल पुरानी एक प्रसिद्ध पेंटिंग को 3D रूप में बदल दिया। इस शानदार पेंटिंग में घर, पेड़, नावें और सैकड़ों लोगों की छोटी-छोटी चित्र इतनी बारीकी से बनाई गई हैं कि देखने वाले हैरान रह जाते हैं।

खास बात यह है कि इस कलाकृति को बनाने में महीनों की मेहनत लगी और कलाकार ने बिना किसी औपचारिक कला प्रशिक्षण के यह कमाल कर दिखाया। अब इस अनोखी चॉकलेट दुनिया का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।

चॉकलेट में उकेरी गई प्राचीन शहर की झलक


चीनी ब्लॉगर फैन सुमू ने मशहूर प्राचीन पेंटिंग "Along the River During the Qingming Festival" को चॉकलेट, फोंडेंट और राइस पेपर की मदद से नया जीवन दिया। यह पेंटिंग उत्तरी सॉन्ग राजवंश के समय की मानी जाती है और चीन की सबसे प्रतिष्ठित कलाकृतियों में शामिल है। फैन ने इसकी प्रेरणा लेकर एक ऐसा मॉडल तैयार किया, जिसमें पूरा प्राचीन शहर जीवंत नजर आता है।

तीन महीने की मेहनत से बना मीठा अजूबा

फैन ने पहले इस पेंटिंग के एक छोटे हिस्से का मॉडल बनाया था, लेकिन इस साल उन्होंने पूरे दृश्य को दोबारा गढ़ने का फैसला किया। लगभग तीन महीने तक लगातार मेहनत करने के बाद उन्होंने सात मीटर लंबी और 1.22 मीटर चौड़ी विशाल चॉकलेट कलाकृति तैयार की, जिसने इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया।

816 लोग, 281 पेड़ और 176 मकान... सब कुछ चॉकलेट से

इस अनोखी रचना में 176 घर, 281 पेड़, 20 से ज्यादा नावें और 816 मानव आकृतियां शामिल हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कई मानव आकृतियों की ऊंचाई सिर्फ 2 सेंटीमीटर है। वहीं कुछ खिड़कियां 1 सेंटीमीटर से भी छोटी बनाई गई हैं। इतनी बारीकी के साथ चॉकलेट को आकार देना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा।

बाल जितनी पतली रस्सियों ने बढ़ाया रोमांच

फैन ने बताया कि किसानों द्वारा गाड़ी खींचने में इस्तेमाल होने वाली रस्सियों जैसी बारीक चीजों को बनाने के लिए उन्होंने पिघली हुई चॉकलेट को पाइपिंग बैग में भरकर बेहद सावधानी से निकाला। ये रस्सियां बाल जितनी पतली हैं, जिन्हें देखकर लोग उनकी कुशलता की तारीफ कर रहे हैं।

घर बदला तो टूट गया सपना, फिर से शुरू करनी पड़ी मेहनत

शुरुआत में फैन अपने लिविंग रूम में यह प्रोजेक्ट बना रही थीं, लेकिन जल्द ही जगह कम पड़ गई। इसके बाद उन्होंने 25 किलोमीटर दूर बड़ा घर किराए पर लिया। हालांकि सामान शिफ्ट करने के दौरान कई हिस्से टूट गए और उन्हें अपना काम दोबारा शुरू करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और आखिरकार अपना सपना पूरा कर दिखाया।

बिना फाइन आर्ट्स की पढ़ाई के किया कमाल

दिलचस्प बात यह है कि फैन ने कभी किसी आर्ट स्कूल में पढ़ाई नहीं की। उन्होंने कॉलेज में इंटरनेशनल ट्रेड की शिक्षा ली थी और पहले फूड ब्लॉगर के रूप में काम करती थीं। उन्होंने यह कला ऑनलाइन वीडियो देखकर सीखी और लगातार अभ्यास से खुद को निखारा।

इंटरनेट पर बरस रही तारीफें

फैन की इस मीठी दुनिया को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी मंत्रमुग्ध हैं। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, "काश मैं छोटा होकर उनकी चॉकलेट वाली दुनिया में घूम पाता।" वहीं दूसरे ने कहा, "इनकी प्रतिभा विश्व रिकॉर्ड बनाने लायक है।"

अब पारंपरिक वास्तुकला को दुनिया तक पहुंचाने का सपना

फैन का कहना है कि उन्हें पारंपरिक चीनी वास्तुकला बेहद आकर्षित करती है। वह भविष्य में भी ऐसी ऐतिहासिक इमारतों और सांस्कृतिक धरोहरों को चॉकलेट के जरिए लोगों के सामने पेश करना चाहती हैं, ताकि नई पीढ़ी अपनी विरासत को नए अंदाज में समझ सके।

आखिर पीले और हरे रंग का ही क्यों होता है ऑटो-रिक्शा? वजह जान हो जाएंगे हैरान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।