छह चूजों ने बदल दी पूरी जिंदगी! Amazon से निकली महिला ने ऐसे शुरू किया अपना नया करियर

Amazon की नौकरी जाने के बाद एक महिला ने दोबारा कॉर्पोरेट जॉब पाने के बजाय कुछ अलग करने का फैसला किया। उन्होंने मुर्गियां पालना शुरू किया और अंडे बेचकर अपना काम खड़ा कर लिया। सिर्फ छह चूजों से शुरू हुई यह कहानी अब उनके अपने बिजनेस में बदल गई है, जिसे वह अपना ‘प्रोडक्ट’ कहती हैं

अपडेटेड Aug 31, 2026 पर 3:12 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Harshitha ने बताया कि उनका पूरा करियर अब तक किसी न किसी 'प्रोडक्ट' के आसपास रहा था।

नौकरी चले जाने के बाद ज्यादातर लोग नई नौकरी की तलाश में जुट जाते हैं। लेकिन Amazon से नौकरी जाने के बाद Maria Harshitha ने कुछ ऐसा करने का फैसला लिया, जिसकी शायद उन्होंने खुद भी कल्पना नहीं की थी। उन्होंने नौकरी की तलाश जारी रखने के साथ मुर्गियां पालना शुरू किया और धीरे-धीरे अंडे बेचने का अपना कारोबार खड़ा कर लिया। उनकी कहानी LinkedIn पर शेयर की गई, जहां उन्होंने बताया कि कैसे सिर्फ छह चूजों से शुरू हुआ उनका सफर आज उनके खुद के बिजनेस में बदल चुका है।

मार्च 2026 में चली गई Amazon की नौकरी

Harshitha के मुताबिक, उन्हें मार्च 2026 में Amazon से निकाल दिया गया था। जब मैनेजर ने उन्हें नौकरी जाने की जानकारी दी, तब उन्होंने मुस्कुराते हुए इसे स्वीकार किया। उन्हें भरोसा था कि जिस तरह एक समय उन्हें Amazon में नौकरी मिली थी, वैसे ही आगे भी कोई नया मौका जरूर मिलेगा।


इसके बाद उन्होंने कई कंपनियों में आवेदन करना शुरू किया। साथ ही सीनियर्स और परिवार के लोगों से नौकरी के लिए सिफारिश भी मांगी। लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद उन्हें कोई नया ऑफर नहीं मिला।

पति ने दिया खुद का बॉस बनने का आइडिया

Harshitha ने बताया कि उनका पूरा करियर अब तक किसी न किसी 'प्रोडक्ट' के आसपास रहा था। वह Product Management में आगे बढ़ना चाहती थीं और खुद को नई स्किल्स सिखाने की कोशिश भी कर रही थीं।

इसी दौरान उनके पति Khanishka David ने उन्हें एक अलग नजरिया दिया। उन्होंने Harshitha से कहा कि किसी और के प्रोडक्ट पर काम करने के बजाय क्यों न वह अपना खुद का प्रोडक्ट तैयार करें और खुद की बॉस बनें।

छह चूजों से शुरू हुआ नया सफर

एक दिन दोनों ने मिलकर घर में एक छोटा-सा चिकन कॉप बनाया और उसमें छह चूजे ले आए। Harshitha नौकरी के लिए आवेदन भी करती रहीं और साथ में चूजों की देखभाल भी करती रहीं। लेकिन शुरुआत में ही एक मजेदार परेशानी सामने आ गई। पता चला कि छह के छह चूजे मुर्गे थे। इसके बाद Harshitha ने अपने पति से मुर्गियां लाने के लिए कहा। उनकी एक वजह यह भी थी कि वह चाहती थीं कि उनके बच्चों को घर के ताजे अंडे मिल सकें। धीरे-धीरे कॉप बड़ा हुआ, मुर्गियों की संख्या बढ़ी और अंडे मिलने शुरू हो गए।

घर के अंडे बने बिजनेस का 'प्रोडक्ट'

कुछ समय बाद Harshitha ने अंडे बेचना शुरू कर दिया। यहीं उन्हें एहसास हुआ कि उनका शौक अब एक छोटे बिजनेस का रूप ले चुका है। उन्होंने मजेदार अंदाज में लिखा कि अब उनके पास अपना 'प्रोडक्ट' यानी अंडे हैं, उसकी डिमांड है और वह उस डिमांड को पूरा करने के लिए सप्लाई तैयार कर रही हैं। यानी Product Management का उनका पुराना अनुभव अब एक बिल्कुल अलग तरह के बिजनेस में काम आ रहा था।

अब मीटिंग नहीं, सांप और चूहे हैं परेशानी

Harshitha ने अपनी पुरानी कॉर्पोरेट जिंदगी और नई जिंदगी की तुलना भी मजेदार अंदाज में की। पहले उनकी परेशानियां अचानक होने वाली मीटिंग, वीकेंड पर काम और ऑनलाइन कॉल्स हुआ करती थीं। अब उनकी समस्याएं बदल गई हैं। उन्होंने बताया कि अब उन्हें चूहों और सांपों से निपटना पड़ता है। उनके लिए यह बदलाव भले ही बड़ा हो, लेकिन इसमें उन्हें अपने काम पर खुद का नियंत्रण और कुछ नया बनाने की खुशी मिल रही है।

LinkedIn पर लोगों ने बताया- असली सफलता यही है

Harshitha की कहानी पढ़कर LinkedIn पर कई लोगों ने उनकी हिम्मत और नए रास्ते को लेकर तारीफ की। कुछ यूजर्स ने इसे नौकरी जाने के बाद खुद को दोबारा खड़ा करने की मिसाल बताया। एक यूजर ने ऐसे लोगों के लिए 'Tech Refugee' जैसे शब्द का सुझाव दिया, जो नौकरी जाने के बाद लंबे समय तक दोबारा काम नहीं ढूंढ पाते। वहीं, दूसरे यूजर्स ने उनके फार्म और ताजे अंडों के बिजनेस को लेकर उत्साह जताया। एक कमेंट में कहा गया कि उन्होंने अपना खुद का प्रोडक्ट बनाया, उसकी डिमांड पहचानी और धीरे-धीरे खुद की बॉस बन गईं।

छह चूजों से शुरू हुई कहानी अभी जारी है

Amazon की नौकरी जाने के बाद Harshitha के सामने अनिश्चितता जरूर थी, लेकिन उन्होंने उसी दौर को एक नए मौके में बदल दिया। छह चूजों से शुरू हुआ सफर अब अंडों के छोटे कारोबार तक पहुंच चुका है। उनकी कहानी यही दिखाती है कि कभी-कभी करियर का रास्ता हमारी योजना के मुताबिक नहीं चलता। लेकिन रास्ता बदलने का मतलब यह नहीं कि सफर खत्म हो गया कई बार वहीं से एक बिल्कुल नई शुरुआत होती है।

Video: नेपाल में बाढ़ ने मचाई तबाही, लेकिन इस घर को छू भी नहीं पाई सैलाब की ताकत! जानें क्यों

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।