Amravati Sex Scandal: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में कई लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें एवं अश्लील वीडियो ऑनलाइन शेयर करने के आरोप में 19 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से लगभग 350 अश्लील वीडियो मिलने की बात सामने आई है। उसने कथित तौर पर 180 नाबालिग लड़कियों को अपना शिकार बनाया। अमरावती निवासी राज्यसभा सदस्य अनिल बोंडे ने राज्य सरकार से इस मामले की एक विशेष जांच दल (SIT) से जांच कराने की मांग की है।
आरोपी की पहचान अयान अहमद उर्फ तनवीर अहमद के रूप में हुई है। वह अमरावती जिले के परतवाड़ा का निवासी है। उसे 11 अप्रैल को तब हिरासत में लिया गया जब कुछ लड़कियों के साथ उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। परतवाड़ा पुलिस ने बताया कि कई पीड़ित नाबालिग हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें बहला-फुसलाकर उनकी मर्जी के खिलाफ अश्लील तस्वीरें लीं। फिर वीडियो बनाए और बाद में पीड़ितों को बदनाम करने के लिए उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
मोबाइल फोन में छिपे हैं कई राज
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। सबूत जुटाने के लिए उसकी जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 294 (अश्लील सामग्री की बिक्री और डिस्ट्रीब्यूशन), पॉक्सो की धारा 8 और आईटी एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों में से किसी ने भी इस मामले में पुलिस से संपर्क नहीं किया है।
पुलिस ने पीड़ितों और उनके परिवारों से आगे आकर मामले में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अन्य लोग भी हो सकते हैं शामिल
पत्रकारों से बात करते हुए सांसद बोंडे ने दावा किया कि इस मामले में कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। उन्होंने SIT और साइबर कर्मियों द्वारा इसकी जांच की मांग की। उन्होंने दावा किया कि एक गैंग ने (ऐसे अपराधों के लिए) WhatsApp और Snapchat ग्रुप बनाए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस को आरोपी का मोबाइल फोन जब्त करना चाहिए।
साथ ही उसके साथियों के साथ हुई बातचीत का पता लगाना चाहिए। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या आरोपी ने अकेले काम किया या उसके साथ कोई और भी शामिल था। ऐसी आशंका है कि इसमें कोई बड़ा नेटवर्क शामिल है।
आरोप है कि आरोपी तनवीर पीड़ितों का भरोसा जीतकर उन्हें प्रेम संबंधों में फंसाता था। फिर कुछ पीड़ितों को मुंबई और पुणे ले जाता था। जांचकर्ताओं ने बताया कि वह बिना सहमति के अश्लील वीडियो बनाता था। बाद में उन वीडियो का इस्तेमाल पीड़ितों को ब्लैकमेल करने एवं उन्हें वेश्यावृत्ति में धकेलने के लिए करता था। माना जा रहा है कि उसके पास ऐसे 350 से अधिक वीडियो हो सकते हैं। दावों के मुताबिक, करीब 180 लड़कियों को निशाना बनाया गया।
आरोपी ने 16 और 17 साल की दर्जनों युवतियों का शोषण और बलात्कार किया। लड़कियां 11वीं और 12वीं क्लास की कोचिंग के लिए जाती थीं, इसी दौरान उन्हें टारगेट किया। परतवाड़ा, अचलपुर, अमरावती और नागपुर की लड़कियों को ब्लैकमेल किया गया है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और अन्य डिवाइस जब्त कर लिए हैं। फोरेंसिक एक्सपर्ट डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने पर काम कर रहे हैं।
AIMIM से कनेक्शन पर सियासी बवाल
अश्लील वीडियो कांड ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है। मुख्य आरोपी के AIMIM से जुड़े होने के आरोपों के बाद यह मामला अब एक राजनीतिक मोड़ ले चुका है। असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) से आरोपी के जुड़े होने के आरोप लग रहे हैं। BJP के कुछ नेताओं ने दावा किया है कि आरोपी के AIMIM पार्टी से संबंध थे। जबकि AIMIM के एक स्थानीय प्रतिनिधि ने कहा है कि अब उसका पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। नेताओं ने इस मामले की विस्तृत जांच की मांग की है।