Mumbai cat killings: मुंबई में बिल्लियों की बेरहमी से हत्या से सनसनी, करीब 20 शव मिले; PETA ने आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹50 हजार इनाम घोषित किया

Mumbai cat killings: एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के चेंबूर इलाके में लगभग 20 बिल्लियां संदिग्ध हालत में मृत और गंभीर रूप से घायल हालत में मिली हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बिल्लियों के क्षत-विक्षत शव पंजरापोल इलाके में मिले। कई जानवरों के शरीर पर गंभीर घाव थे। वे बहुत ज्यादा सदमे (ट्रॉमा) में लग रहे थे

अपडेटेड Sep 10, 2026 पर 2:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Killing of cats in Mumbai: मुंबई के चेंबूर इलाके में लगभग 20 बिल्लियां मृत और गंभीर रूप से घायल हालत में मिली हैं

Killing of cats in Mumbai: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के चेंबूर इलाके में करीब दो दर्जन बिल्लियों के संदिग्ध मौत और बुरी तरह क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मामला चेंबूर के पंजरापोल इलाके का है, जहां कई बिल्लियां गंभीर चोटों के साथ मृत मिलीं। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, PETA India ने आरोपियों के बारे में जानकारी देने वाले को ₹50,000 तक के इनाम की घोषणा की है।

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के चेंबूर इलाके में लगभग 20 बिल्लियां मृत और गंभीर रूप से घायल हालत में मिली हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बिल्लियों के क्षत-विक्षत शव पंजरापोल इलाके में मिले। कई जानवरों के शरीर पर गंभीर घाव थे। वे बहुत ज्यादा सदमे (ट्रॉमा) में लग रहे थे।

अगस्त से सामने आ रहे थे मामले


NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय पशु देखभालकर्ता रुबीना पठान ने अगस्त में पंजरापोल इलाके में कई बिल्लियों के क्षत-विक्षत शव देखे थे। इसके बाद 4 सितंबर को छह और बिल्लियों के शव मिले। इन बिल्लियों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। कुछ मामलों में उनके अंदरूनी अंग तक दिखाई दे रहे थे।

इसके अगले दिन यानी 5 सितंबर को एक और मृत बिल्ली मिली। उसी जगह एक बिल्ली का बच्चा भी बेहद खराब और तनावपूर्ण हालत में मिला। लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद इलाके में पशु क्रूरता को लेकर चिंता बढ़ गई।

PETA की मदद से पुलिस में पहुंचा मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए PETA India ने रुबीना पठान के साथ मिलकर पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद RCF पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। फिर मामले में 9 सितंबर को एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी या आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 और Prevention of Cruelty to Animals (PCA) Act, 1960 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। FIR में PCA Act की धारा 11(1)(a) और 11(1)(l) भी लगाई गई हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन बिल्लियों की मौत के पीछे कौन है। इसके लिए पंजरापोल और आसपास के इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। फिलहाल, आरोपियों की पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस उनकी तलाश के लिए सुराग जुटा रही है।

आरोपी की जानकारी देने पर ₹50 हजार का इनाम

PETA India ने इस मामले में अहम सुराग देने वाले व्यक्ति को ₹50,000 तक का इनाम देने का ऐलान किया है। यह इनाम ऐसी जानकारी देने पर मिलेगा, जिससे बिल्लियों को मारने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की गिरफ्तारी और दोषसिद्धि में मदद मिले।

PETA ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान अनुरोध करने पर गोपनीय रखी जाएगी। PETA India के मुताबिक, इस मामले में जानकारी रखने वाले लोग संगठन से संपर्क कर सकते हैं। संगठन ने पशुओं के साथ क्रूरता के मामलों की सूचना पुलिस को देने की अपील भी की है।

BNS की धारा 325 में क्या है प्रावधान?

पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 325 लगाई है। PETA India के अनुसार, यह धारा किसी जानवर को मारने, जहर देने, अपंग करने या उसे बेकार कर देने जैसी हरकतों को संज्ञेय अपराध के रूप में देखती है। इसके तहत पांच साल तक की सजा, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।

ये भी पढ़ें- Delhi traffic advisory: दिल्ली पुलिस ने जारी ट्रैफिक एडवाइजरी, जानिए 11 से 13 सितंबर तक BRICS समिट के दौरान क्या खुलेगा और क्या बंद रहेगा?

फिलहाल, इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में बिल्लियों को किसने निशाना बनाया और इसके पीछे क्या वजह थी। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।