दिवाली के बाद देश के कई शहरों में पटाखों की वजह से प्रदूषण बढ़ गया। बढ़ते प्रदुषण की वजह से लोगों को खराब हवा में सांस लेनी पड़ रहा है। जहां देश के कई शहरों में लोग बढ़ते AQI से परेशान है वहीं मिजोरम की राजधानी आइजोल में दिवाली के अगले दिन भी आसमान पूरी तरह साफ नजर आया। देश के कई बड़े शहरों में जहां दिवाली के बाद प्रदूषण और धुंध देखने को मिली, वहीं आइजोल में ऐसा कुछ नहीं था। मिजोरम की राजधानी आइजोल का AQI सिर्फ 56 दर्ज किया गया। कनाडा के एक व्यक्ति ने आइजोल की साफ हवा की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है।
कनाडा के रहने वाले एक व्यक्ति ने वहां के नीले आसमान की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की। कैलेब फ्राइसन पिछले 10 साल से भी ज्यादा समय से भारत में रह रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मिजोरम के आइजोल में दिवाली के बाद साफ आसमान की एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, "आइजोल, मिजोरम में दिवाली के बाद AQI 56 दर्ज किया गया है। बीती रात न तो पटाखों की आवाज सुनाई दी और न ही आतिशबाजी हुई। मेरी पत्नी, दो बच्चे और दो कुत्ते शांति से सोए। हमारे फेफड़े भी खुश हैं।"
कैलेब फ्राइसन ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह साफ नीले आसमान के सामने अंगूठा दिखाते नजर आ रहे हैं। उनकी यह तस्वीर दिवाली के बाद देश के दूसरे शहरों से बिल्कुल अलग थी। जहां कई शहरों में पटाखों की वजह से प्रदूषण बढ़ गया, वहीं आइजोल में आसमान साफ रहा और हवा भी काफी अच्छी थी।
बता दें कैलेब फ्राइसन पहले भी सोशल मीडिया के जरिए शहरों से जुड़ी समस्याओं को सामने उठाते रहे हैं। इससे पहले उन्होंने बेंगलुरु में पैदल चलने वाले लोगों को होने वाली परेशानियों पर एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने एक माता-पिता के तौर पर बताया कि शहर में बच्चों के साथ सड़क पर पैदल चलना कितना मुश्किल है। यह वीडियो बेंगलुरु के मशहूर इलाके इंदिरानगर की डबल रोड पर बनाया गया था, जहां उन्होंने पैदल चलने वालों के लिए बेहतर सुविधाओं की कमी पर सवाल उठाए थे।
दिवाली के बाद दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति काफी खराब देखने को मिली। AQI.in के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8:01 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 663 दर्ज किया गया। इससे पहले दोपहर 1:31 बजे यह बढ़कर 1,331 तक पहुंच गया था। रात 10 बजे के बाद भी कई जगह पटाखे जलाए जाने की खबरें सामने आईं।