COVID-19 cases in India: भारत में कोरोना की वापसी! कर्नाटक में व्यक्ति की मौत, केरल में 430 मामले एक्टिव, दिल्ली में कोविड-19 केस 100 पार
COVID-19 cases in India: देश में 1,000 से अधिक कोरोना वायरस (कोविड-19) के एक्टिव केस हो गए हैं। दिल्ली में 100 से अधिक मामले सामने आए हैं। केरल में सबसे अधिक केस दर्ज किए गए हैं। प्रमुख दक्षिणी राज्य में कोविड-19 के 430 मामले सामने आए हैं। इस बीच, कर्नाटक में बेलगावी जिले के एक अस्पताल में कोविड-19 से संक्रमित एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है
COVID-19 cases in India: देश में कोरोना वायरस एक बार फिर डराने लगा है
COVID-19 cases in India: देश के कई राज्यों में कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। भारत में 1,000 से अधिक कोरोना के एक्टिव केस हो गए हैं। दिल्ली में 100 से अधिक मामले सामने आए हैं। केरल में सबसे अधिक केस दर्ज किए गए हैं। प्रमुख दक्षिणी राज्य में कोविड-19 के 430 मामले सामने आए हैं। इस बीच, कर्नाटक में बेलगावी जिले के एक अस्पताल में कोविड-19 से संक्रमित एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है। कोविड-19 के मामलों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अधिकारियों को भविष्य की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है।
कर्नाटक के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रधान सचिव हर्ष गुप्ता ने राज्य में कोरोना से मौत की पुष्टि की है। राज्य में हाल के दिनों में कोविड-19 से संक्रमित किसी बुजुर्ग व्यक्ति की मौत का यह दूसरा मामला है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार बेलगावी के बेनकनहल्ली गांव के 70 वर्षीय मरीज की बुधवार देर रात मौत हो गई, वह कोविड-19 से संक्रमित थे।
वह कथित तौर पर वृद्धावस्था से संबंधित बीमारियों से पीड़ित थे। उन्हें इलाज के लिए बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद मरीज को कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था।
गंभीर बीमारियों से ग्रस्त 84 वर्षीय एक व्यक्ति की 17 मई को बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड स्थित एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद कोविड-19 की उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में 28 मई को कोविड-19 के 126 एक्टिव मामले हैं।
दिल्ली में कैसे हैं हालात?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली में कोविड के 19 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। लेकिन चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में पत्रकारों से कहा कि दिल्ली सरकार सतर्क है और अस्पताल तैयार हैं। रेखा गुप्ता ने कहा, "19 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं और बाकी का इलाज उनके घरों में जारी है। लेकिन कोविड-19 अभी उस स्थिति में नहीं पहुंचा है, जहां लोगों को चिंता करने की जरूरत हो। सरकार हर स्थिति के लिए तैयार है।"
उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की जरूरत पर भी जोर दिया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सोमवार तक दिल्ली में कोविड-19 के 104 मरीज एक्टिव थे। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह 24 मरीज ठीक हुए। दिल्ली सरकार ने पिछले सप्ताह अस्पतालों को एक एडवाइजरी जारी कर उन्हें बेड, दवाइयों और ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा था।
झारखंड में कोविड-19 के दो और मामले आए सामने
झारखंड में पिछले दो दिनों में कोविड-19 के दो और मामले सामने आए, जिससे राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या तीन हो गई। रांची के सिविल सर्जन प्रभात कुमार ने कहा, "पिछले दो दिनों में रांची में कोविड-19 के दो नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जांच के बाद संक्रमितों की संख्या तीन हो गई है।"
राज्य में मौजूदा कोविड-19 लहर का पहला मामला पिछले सप्ताह सामने आया था, जब हाल ही में मुंबई से लौटे एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। कुमार ने बताया कि तीन में से दो मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि एक घर पर ही क्वारंटीन में है।
बंगाल में सामने आए कोविड-19 के 5 और मामले
पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के पांच और मामले सामने आए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि तीन मरीजों का घर पर ही इलाज चल रहा है जबकि दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, "ज्यादातर में हल्के लक्षण हैं।" अधिकारी ने बताया कि बंगाल में फिलहाल कोविड-19 के कुल 16 मामले हैं।
चंडीगढ़ में मरीज की मौत
चंडीगढ़ से आई न्यूज के अनुसार कोविड-19 से संक्रमित 40 वर्षीय व्यक्ति की बुधवार को शहर के सेक्टर 32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि यह मरीज उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला था। उसे सांस संबंधी समस्या के चलते लुधियाना से रेफर किया गया था। मंगलवार को उसकी कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। फिर उसे अस्पताल में रखा गया। बुधवार तड़के उसकी मौत हो गई।
इसके अलावा ठाणे से आई खबरों के अनुसार महाराष्ट्र के इस जिले के कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) ने बुधवार को कोविड-19 के एक नए मामले की सूचना दी। जबकि एक और मरीज की मौत हो गई। निगम ने एक विज्ञप्ति में बताया कि नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में अब 8 एक्टिव कोविड-19 मरीज हैं, उनमें से दो का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस निगम क्षेत्र में 22 मई को भी कोविड-19 के एक मरीज की जान चली गई थी।