COVID-19 Cases: कोरोना वायरस ने फिर बढ़ाई चिंता! भारत में एक सप्ताह में सामने आए 164 नए मामले, महाराष्ट्र में कोविड से 2 की मौत का दावा

India COVID-19 Cases: महाराष्ट्र में दो लोगों की मौत की भी खबर है। हालांकि, डॉक्टरों के अनुसार COVID-19 से इनकी मौत नहीं हुई हैं, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक दोनों मरीज COVID-19 पॉजिटिव पाए गए। भारत में वर्तमान में 257 एक्टिव COVID-19 के मामले हैं, जिनमें केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु सबसे आगे हैं। पिछले सप्ताह केरल में 69 नए मामले सामने आए

अपडेटेड May 20, 2025 पर 10:16 AM
Story continues below Advertisement
India COVID-19 Cases: भारत में 12 मई से अब तक 164 नए मामले सामने आ चुके हैं

India COVID-19 Cases: चीन, सिंगापुर, हांगकांग और थाईलैंड समेत एशिया के कई देशों ​​​​​​में कोरोना वायरस के मामले फिर से बढ़ रहे हैं। भारत में भी नए मामलों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। 12 मई से अब तक 164 नए मामले सामने आने के साथ ही भारत में कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। भारत में वर्तमान में 257 एक्टिव COVID-19 के मामले हैं, जिनमें केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु सबसे आगे हैं। पिछले सप्ताह केरल में 69 नए मामले सामने आए। जबकि महाराष्ट्र में 44 और तमिलनाडु में 34 नए मामले सामने आए।

महाराष्ट्र में दो लोगों की मौत की भी खबर है। हालांकि, डॉक्टरों के अनुसार COVID-19 से इनकी मौत नहीं हुई हैं, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक दोनों मरीज COVID-19 पॉजिटिव पाए गए। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई के KEM अस्पताल में दो मौतें हुई हैं। डॉक्टरों की तरफ से मौत का कारण कैंसर-किडनी की बीमारी बताई गई। लेकिन दोनों मरीज कोरोना पॉजिटिव भी पाए गए हैं।

भारत में स्वास्थ्य अधिकारी सिंगापुर और हांगकांग में कोविड मामलों में वृद्धि की खबरों पर नजर रख रहे हैं। हालांकि, आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को दावा किया कि देश में कोरोना वायरस संबंधी मौजूदा स्थिति नियंत्रण में है।


स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक की अध्यक्षता में सोमवार को नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (NCDC), इमरजेंसी मेडिकल रिलीफ (EMR) डिवीजन, आपदा मैनेजमेंट सेल, इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) और सेंटर गवर्नमेंट हॉस्पिटल्स के विशेषज्ञों के साथ एक समीक्षा बैठक हुई।

इस संबंध में एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, "बैठक में निष्कर्ष निकला कि भारत में वर्तमान कोविड-19 स्थिति नियंत्रण में है। 19 मई तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार भारत में कोविड-19 के पुष्ट मामलों की मौजूदा संख्या 257 है, जो देश की बड़ी आबादी को देखते हुए बहुत कम है।"

सूत्रों ने कहा, "इनमें से लगभग सभी मामले मामूली हैं, जिनमें अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं है।" अस्पतालों को इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारियों और सांस से संबंधित संक्रमण के गंभीर मामलों की निगरानी करने के लिए कहा गया है।

सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय स्थिति की बारीकी से निगरानी करने में सतर्क एवं सक्रिय है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए उचित उपाय किए जाएं।

महाराष्ट्र में कोविड-19 केस

महाराष्ट्र में वर्तमान में कोविड-19 के 56 सक्रिय मामले हैं। दो लोगों की मौत पर बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने स्पष्ट किया कि दोनों मरीजों की मौत कोविड-19 के कारण नहीं हुई। दोनों मरीजों को सिंधुदुर्ग और डोंबिवली से इलाज के लिए मुंबई लाया गया था। बढ़ते मामलों के बीच मुंबई का स्वास्थ्य सेवा ढांचा जांच के दायरे में आ गया है। लगभग 200 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और उप-केंद्र कथित तौर पर कर्मचारियों, धन और सुविधाओं की कमी के कारण काम करने में असमर्थ हैं।

खबरों के मुताबिक, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) द्वारा संचालित KEM (King Edward Memorial) अस्पताल में दो मरीजों की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि ये मरीज कोविड पॉजिटिव पाए गए थे। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने 14 वर्षीय बच्ची की कोविड से मौत होने से इनकार करते हुए कहा है कि इस बच्ची को किडनी की समस्या थी। वह किडनी की बीमारी से पीड़ित थी, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई।

दूसरी मौत का दावा 59 साल की महिला के रूप में किया जा रहा है। यह महिला भी कोविड पॉजिटिव पाई गई थी। हालांकि, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इस महिला की भी मौत कोरोना से नहीं बल्कि कैंसर से हुई है। बीएमसी ने मुंबईवासियों से सतर्क रहने और घबराने की अपील नहीं की है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और अस्पताल पूरी तरह से तैयार हैं।

जनवरी 2025 से अप्रैल 2025 तक मुंबई में कोविड-19 के बहुत कम मामले सामने आए। मई में कुछ मामले सामने आए हैं, लेकिन उनकी संख्या बेहद सीमित है। अब तक कोई क्लस्टर या गंभीर प्रकोप सामने नहीं आया है।

ये भी पढ़ें- कितना खतरनाक है कोरोना का ये नया वेरिएंट

हांगकांग और सिंगापुर में कोविड-19 मामलों में उछाल

हांगकांग और सिंगापुर में स्वास्थ्य अधिकारियों ने एशिया में फिर से फैल रही कोविड-19 लहर के कारण मामलों में उछाल की चेतावनी दी है। सिंगापुर अलर्ट पर है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि वह हाल ही में हुई वृद्धि पर नजर रख रहा है। उसने कहा, "इस बात का कोई संकेत नहीं है कि स्थानीय स्तर पर प्रसारित होने वाले वेरिएंट पहले प्रसारित होने वाले वेरिएंट की तुलना में अधिक संक्रामक हैं या अधिक गंभीर बीमारी का कारण बनते हैं।" 27 अप्रैल से 3 मई, 2025 के सप्ताह में कोविड-19 मामलों की अनुमानित संख्या बढ़कर 14,200 हो गई, जबकि पिछले सप्ताह यह संख्या 11,100 थी। इसी अवधि में कोविड-19 अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की औसत दैनिक संख्या 102 से बढ़कर 133 हो गई।

Akhilesh Nath Tripathi

Akhilesh Nath Tripathi

First Published: May 20, 2025 9:35 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।