Video: दिल्ली में नहीं भाया वड़ा पाव तो पकड़ ली मुंबई की फ्लाइट, 20 रुपये के लिए खर्चे 15 हजार

वड़ा पाव खाने की ऐसी दीवानगी शायद ही आपने देखी हो। दिल्ली में मनपसंद स्वाद नहीं मिला तो एक महिला ने मुंबई जाकर असली वड़ा पाव खाने का फैसला कर लिया। वह फ्लाइट से मुंबई पहुंची और अगले दिन स्ट्रीट स्टॉल पर 20 रुपये का वड़ा पाव खाया। इस छोटे से सफर में करीब 15 हजार रुपये खर्च हो गए

अपडेटेड Sep 07, 2026 पर 10:35 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
महिला के अनुसार, तब तक इस पूरे सफर पर करीब 15 हजार रुपये खर्च हो चुके थे।

वड़ा पाव के लिए मुंबई जाना तो आपने कई बार सुना होगा, लेकिन क्या कोई सिर्फ इस स्ट्रीट फूड का असली स्वाद चखने के लिए दिल्ली से मुंबई की फ्लाइट पकड़ सकता है? सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने इसी सवाल को चर्चा में ला दिया है। एक महिला ने दिल्ली में वड़ा पाव खाया, लेकिन उसे उसका स्वाद पसंद नहीं आया। इसके बाद उसने तय किया कि अगर असली वड़ा पाव खाना है, तो मुंबई ही जाना पड़ेगा। खास बात यह है कि इस छोटे से फूड क्रेविंग ने देखते ही देखते पूरा ट्रिप प्लान बना दिया।

महिला दिल्ली से मुंबई पहुंची, होटल में रुकी और अगले दिन सड़क किनारे मिलने वाले वड़ा पाव की तलाश शुरू कर दी। आखिरकार उसे महज 20 रुपये में वड़ा पाव मिल गया। हालांकि, इस एक स्नैक के लिए पूरी यात्रा में करीब 15 हजार रुपये खर्च हो गए। अब यह वीडियो इंटरनेट पर खूब चर्चा बटोर रहा है।

दिल्ली में नहीं मिला वोस्वाद, तुरंत बनाया मुंबई का प्लान


सोशल मीडिया पर Witty Space नाम से कंटेंट शेयर करने वाली महिला ने बताया कि दिल्ली में वड़ा पाव खाते समय उसे लगा कि इसमें वह बात नहीं है, जिसकी उसे तलाश थी। उसे यकीन था कि असली और स्ट्रीट-स्टाइल वड़ा पाव का स्वाद मुंबई में ही मिलेगा।

इसके बाद उसने ज्यादा सोच-विचार नहीं किया और मुंबई जाने की तैयारी शुरू कर दी।

फ्लाइट से पहले चाय-नूडल्स पर भी खर्च

महिला के मुताबिक, एयरपोर्ट जाते समय कैब में ही उसने मुंबई की फ्लाइट बुक कर ली, जिसका किराया करीब 5 हजार रुपये था। दिल्ली एयरपोर्ट पर इंतजार के दौरान उसने 165 रुपये की चाय पी। शाम करीब 4 बजे फ्लाइट में बैठने के बाद भूख लगी तो 300 रुपये के कप नूडल्स भी खरीद लिए। यानी वड़ा पाव की तलाश शुरू होने से पहले ही फूड ट्रिप का खर्च बढ़ता जा रहा था।

मुंबई पहुंची तो ट्रैफिक ने बढ़ा दिया खर्च

महिला करीब शाम 7 बजे मुंबई पहुंची। लेकिन शहर पहुंचने के बाद उसकी मुश्किल खत्म नहीं हुई। उसने बताया कि करीब 11 किलोमीटर का सफर तय करने में लगभग 70 मिनट लग गए।

देर होने के कारण उसने होटल में रुकने का फैसला किया और इसके लिए करीब 4 हजार रुपये खर्च किए।

आखिरकार मिला 20 रुपये का स्ट्रीट वड़ा पाव

अगली सुबह महिला अपने असली मिशन पर निकल पड़ी। उसे ऑनलाइन ऑर्डर किया हुआ वड़ा पाव नहीं चाहिए था, बल्कि वह सड़क किनारे किसी दुकान या ठेले से इसे खाना चाहती थी।

आखिरकार उसकी तलाश पूरी हुई और उसे स्ट्रीट स्टॉल पर सिर्फ 20 रुपये का वड़ा पाव मिल गया।

एक निवाले ने पूरी यात्रा को बताया वर्थ इट

महिला के अनुसार, तब तक इस पूरे सफर पर करीब 15 हजार रुपये खर्च हो चुके थे। लेकिन जैसे ही उसने वड़ा पाव का पहला निवाला लिया, उसकी सारी मेहनत सफल लगने लगी।

उसने कहा कि मुंबई, जिसे वह ‘सिटी ऑफ ड्रीम्स’ कहती है, वहीं उसे आखिरकार वह वड़ा पाव मिला, जिसका स्वाद वह तलाश रही थी। उसके मुताबिक, यह उसकी जिंदगी का सबसे बेहतरीन वड़ा पाव था।

इंटरनेट पर छिड़ी मजेदार बहस

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस अनोखी फूड ट्रिप पर जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने पसंदीदा खाने के लिए लंबा सफर करने के जुनून को समझा, तो कई यूजर्स ने 20 रुपये के वड़ा पाव के लिए 15 हजार रुपये खर्च करने पर मजेदार सवाल उठाए। एक यूजर ने इसे ‘वर्थ इट’ बताया, जबकि दूसरे ने मजाक में इसे ‘अमीरों का स्ट्रगल’ करार दिया। एक अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब 15 हजार रुपये खर्च हो ही गए हैं, तो वड़ा पाव की तारीफ करनी तो बनती है!

(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)

VIDEO: KFC में चिकन खाने पहुंचा शख्स, ऑर्डर आते ही मच गया हंगामा...फ्राइड चिकन से निकली हैरान करने वाली चीज

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।