पिता से पैसे मांगने से किया इनकार, ₹130 की टिप से शुरू किया सफर, आज सालाना ₹1 करोड़ तक कमाई

दुबई में बिना नौकरी और बचत के पहुंचीं Aaliya Lala के लिए शुरुआती दिन बेहद मुश्किल थे। खाने तक के पैसे जुटाना चुनौती बन गया था। छोटी-सी कमाई से शुरुआत करने वाली लाला ने धीरे-धीरे मॉडलिंग, फोटोग्राफी और कंटेंट क्रिएशन में पहचान बनाई। आज वह ट्रैवल क्रिएटर होने के साथ कई कारोबार और निवेश से भी कमाती हैं

अपडेटेड Sep 27, 2026 पर 9:29 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
लाला ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की और बाद में फोटोग्राफी भी की।

दुनिया के सबसे महंगे शहरों में गिने जाने वाले दुबई में बिना नौकरी और बचत के कदम रखना किसी चुनौती से कम नहीं था। Aaliya Lala के लिए भी शुरुआत आसान नहीं रही। अबू धाबी से दुबई पहुंचीं लाला के सामने करियर बनाने के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की भी चुनौती थी। हालात ऐसे थे कि खाने के लिए भी पैसे जुटाना मुश्किल हो गया था, लेकिन उन्होंने परिवार से मदद मांगने के बजाय खुद रास्ता निकालने का फैसला किया। छोटी-छोटी कमाई से शुरुआत करने वाली लाला ने धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई और कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में कदम रखा।

मॉडलिंग और फोटोग्राफी से होते हुए उनका सफर ट्रैवल और लाइफस्टाइल कंटेंट तक पहुंचा। आज वह इंटरनेशनल ब्रांड्स, लग्जरी होटल्स और टूरिज्म बोर्ड्स के साथ काम करती हैं। उनकी कहानी बताती है कि मुश्किल शुरुआत के बावजूद लगातार मेहनत और नए अवसर तलाशने की कोशिश किस तरह करियर की दिशा बदल सकती है।

एक शॉवरमा के लिए करना पड़ा छोटा काम


अब लाखों रुपये की सालाना कमाई करने वाली लाला के लिए शुरुआत बेहद साधारण थी। अबू धाबी से दुबई आने के बाद उनके पास खाने तक के पैसे नहीं थे। पिता से आर्थिक मदद मांगना उन्हें मंजूर नहीं था। ऐसे में उन्होंने अपनी रूममेट के लिए पानी लाने का काम शुरू किया और टिप के तौर पर रोज करीब Dh5-6 मिलने लगे। इसी पैसे से वह दिन में एक शॉवरमा खरीदकर गुजारा करती थीं। करीब एक महीने बाद उन्हें नौकरी मिली और जिंदगी धीरे-धीरे पटरी पर आने लगी।

मॉडलिंग से शुरू हुआ सफर, कैमरे के दोनों तरफ किया काम

लाला ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की और बाद में फोटोग्राफी भी की। इससे उन्हें कैमरे के सामने और पीछे, दोनों तरह के काम का अनुभव मिला। पिछले 14 से ज्यादा वर्षों में उन्होंने कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। हालांकि यह सफर भी आसान नहीं रहा। वह दो बार अपने सोशल मीडिया पेज खो चुकी हैं और हर बार उन्हें फिर से शुरुआत करनी पड़ी।

आठ साल यात्रा नहीं की, फिर दुनिया देखने की ठानी

लाला बताती हैं कि करीब आठ साल तक उन्होंने यात्रा नहीं की। इसके बाद उनके भीतर दुनिया को देखने और अलग-अलग संस्कृतियों को करीब से समझने की इच्छा पैदा हुई। लोगों, संस्कृति, खान-पान और नए अनुभवों से जुड़ने के जुनून ने उन्हें ट्रैवल कंटेंट की ओर मोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने पर्यटन बोर्डों, इंटरनेशनल ब्रांड्स और लग्जरी होटलों के साथ काम करना शुरू किया।

एक कमाई नहीं, कई इनकम सोर्स बनाए

समय के साथ लाला ने सिर्फ कंटेंट क्रिएशन पर निर्भर रहने के बजाय अपनी कमाई के कई रास्ते तैयार किए। वह एक मीडिया हाउस भी चलाती हैं, जहां इंफ्लुएंसर्स, ब्रांड्स और ट्रैवल एजेंसियों के बीच काम कराया जाता है। इसके अलावा वह UAE के रियल एस्टेट और वित्तीय बाजारों में भी निवेश करती हैं।

सालाना कमाई 1 करोड़ रुपये तक

लाला के मुताबिक, ब्रांड्स और पर्यटन बोर्डों से मिलने वाले काम के आधार पर उनकी औसत सालाना कमाई करीब Dh300,000 से Dh400,000 है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग ₹78 लाख से ₹1.04 करोड़ के बराबर बैठती है। इसके अलावा उनकी मीडिया कंपनी, रियल एस्टेट और निवेश से भी आय होती है।

अब लक्ष्य सिर्फ कमाना नहीं, संपत्ति बनाना है

लाला की कहानी में सबसे बड़ा बदलाव सिर्फ कमाई का आंकड़ा नहीं, बल्कि उनकी सोच में आया बदलाव है। कभी एक शॉवरमा के लिए टिप पर निर्भर रहने वाली लाला अब कई आय स्रोतों के जरिए लंबे समय की वित्तीय सुरक्षा बनाने पर ध्यान दे रही हैं।

उनका लक्ष्य अपने कारोबार का विस्तार करना, मजबूत एसेट्स तैयार करना, समझदारी से निवेश करना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने काम को बढ़ाना है। साथ ही वह ऐसी आर्थिक आजादी चाहती हैं, जिसमें वह यात्रा कर सकें, नए अवसर तलाश सकें और अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित बना सकें।

दो दोस्तों ने अचार बेच खड़ा किया 80 करोड़ का कारोबार! जानें कैसे बदली किस्मत

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।