कर्मचारी ने एक ही कंपनी में 23 साल काम किया, लेकिन एक फोन कॉल के साथ उनका करियर अचानक खत्म हो गया। इससे भी दुखद बात यह रही कि उन्हें अपना वर्कस्पेस खाली करने के लिए सिर्फ चार घंटे का समय दिया गया। पूर्व डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने रेडिट पर अपना अनुभव साझा किया और बताया कि कंपनी ने उन्हें नौकरी से कैसे निकाला।
“मुझे अपने काम के खर्चों का हिसाब देने और ऑफिस खाली करने के लिए 4 घंटे दिए गए”
उन्होंने लिखा- “आज सुबह उन्होंने मुझे फोन पर ही नौकरी से निकाल दिया। एक हाउसवेयर कंपनी में 23 साल काम करने के बाद - जहां मेरा आखिरी पद डिस्ट्रिक्ट मैनेजर का था - कंपनी ने मुझे अपने काम के खर्चों का हिसाब देने, ऑफिस खाली करने और अपनी कार से कंपनी का सामान वापस करने के लिए सिर्फ 4 घंटे का समय दिया।”
कर्मचारी ने बताया कि इस छंटनी का असर कंपनी के अन्य लोगों पर भी पड़ा। एक और डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, जो कई सालों से कंपनी से जुड़े थे, उन्हें भी निकाल दिया गया। साथ ही हाल ही में रखे गए तीन नए कर्मचारियों को भी नौकरी से हटा दिया गया। उन्होंने बताया कि जिन लोगों को निकाला गया है, उन्हें कोई मुआवजा (compensation) नहीं मिलेगा।
उन्होंने कहा- नौकरी से निकाले जाने पर कोई मुआवजा नहीं मिलेगा, लेकिन हमें हमारी बची हुई छुट्टियों (unused vacation) के बदले पैसे मिल जाएंगे। मैंने HR को फोन और ईमेल करके सवाल पूछने की कोशिश की, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। अच्छी बात यह है कि पैसे को लेकर मुझे अभी कोई बड़ी चिंता नहीं है।”
“मैं ठीक से अलविदा भी नहीं कह पाया”
हालांकि पैसे की कोई चिंता नहीं थी, लेकिन कर्मचारी ने कहा कि ठीक से अलविदा न कह पाने की वजह से यह अनुभव और भी मुश्किल हो गया। उन्होंने आगे कहा- “मुझे सबसे ज्यादा दुख इस बात का हुआ कि मैं यहां शर्मिंदगी और गुस्से के साथ बैठा हूं, क्योंकि मुझे उस नौकरी से ठीक से अलविदा कहने का मौका भी नहीं मिला। मुझे पता था कि यहां कुछ भी पक्का नहीं है, लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरे साथ ऐसा होगा।”
दो दशकों से ज्यादा समय के बाद आए इस अचानक बदलाव पर कर्मचारी ने कहा- “जो हुआ उसे भूलने के लिए मैं कुछ दिन आराम करूंगा और फिर अपने करियर के अगले कदम के बारे में सोचूंगा। अगली नौकरी के इंटरव्यू के लिए तैयारी करूंगा।”