भारत के बारे में गलत बातें खासकर सुरक्षा और अव्यवस्था को लेकर सुनने के बाद एक महिला सोलो ट्रैवलर (अकेले यात्रा करने वाली महिला) ने बताया कि वह भारत आने को लेकर काफी डरी हुई थी। शुरुआत में हिचकिचाने के बावजूद उसने आखिरकार अपना सामान पैक किया और खुद भारत आकर यह देखने का फैसला किया कि क्या ये अफवाहें सच हैं। दिल्ली और आगरा में कुछ दिन बिताने के बाद उसकी सोच पूरी तरह बदल गई है।
इंस्टाग्राम पर शेयर की गई एक पोस्ट में उस महिला ने भारत के बारे में अपनी शुरुआती धारणा का जिक्र किया। अपना अनुभव साझा करते हुए उसने बताया कि करीब चार सालों तक अकेले यात्रा करने के बाद आखिरकार उसने भारत की अकेले यात्रा करने की हिम्मत जुटाई।
“आखिर मैंने दूसरों की राय क्यों सुनी?”
महिला ने कहा कि मुझे लगता है कि मुझे भारत से माफी मांगनी चाहिए। लगभग चार साल तक अकेले यात्रा करने के बाद आखिरकार मुझमें भारत की अकेले यात्रा करने की हिम्मत आ गई है। मैं मानती हूं कि मुझे डर लग रहा था। मैंने लोगों से बहुत कुछ सुन रखा था कि यह देश कितना अव्यवस्थित और खतरनाक है।
उन्होंने कहा- "मैं किसी और के बुरे अनुभवों को खारिज नहीं करना चाहती और मैं पूरी तरह मानती हूं कि यहां के स्थानीय महिलाओं के मुकाबले मेरा अनुभव काफी अलग है। लेकिन मैंने गौर किया है कि जिन लोगों की राय सबसे सख्त होती है, उनमें से कुछ ने तो कभी यहां कदम भी नहीं रखा है।" उन्होंने आगे कहा- इससे मुझे सोचने पर मजबूर होना पड़ा आखिर मैं क्यों दूसरों की राय सुनती रही, जबकि मैं खुद यहां आकर इस जगह को अपनी आंखों से देख सकती थी?"
"कोई छेड़छाड़ नहीं, फोटो के लिए कोई आग्रह नहीं और न ही किसी तरह की धोखाधड़ी की कोशिश"
उन्होंने बताया कि भारत आने के बाद उनके शुरुआती अनुभव काफी अच्छे रहे। उन्होंने भारत को एक खूबसूरत और रंग-बिरंगा देश बताया और यहां के इतिहास, संस्कृति, वास्तुकला और खाने-पीने की तारीफ की। उन्होंने कहा- "मैं जिन लोगों से मिली, वे बहुत दयालु, जिज्ञासु और स्वागत करने वाले थे।"
पर्यटक ने माना कि भारत में भीड़-भाड़ और शोर-शराबा उनकी आदत से कहीं ज्यादा है, यहां की सड़कें खचाखच भरी रहती हैं और भारी ट्रैफिक होता है। हालांकि उन्होंने कहा कि पूरे एशिया में यात्रा करने के दौरान उन्होंने सीख लिया है कि इस अफरा-तफरी के बीच भी खूबसूरती को कैसे देखा जाए।
"मुझे खुशी है कि मैं खुद अपनी राय बनाने के लिए इतनी दूर चलकर यहां आई"
अपनी अकेले की गई यात्राओं के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा- "मैंने दिल्ली और आगरा में अकेले घूम-फिर कर देखा, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल किया और वे सभी आम काम किए जो मैं किसी दूसरे देश में करती। ऐसा करते हुए मुझे हमेशा सुरक्षित महसूस हुआ। न कोई छेड़छाड़ हुई, न किसी ने फोटो के लिए कहा और न ही कोई धोखाधड़ी करने की कोशिश की गई। शायद यह मेरी समझदारी थी या किस्मत या फिर दोनों का मिला-जुला असर।"
हालांकि अंत में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण देश को समझने के लिए कुछ दिन काफी नहीं हैं। उन्होंने कहा- "मुझे पता है कि भारत जैसे विशाल और जटिल देश को समझने के लिए कुछ दिन बिल्कुल भी काफी नहीं हैं। और मैं यहां किसी को यह बताने भी नहीं आई हूं कि उनका अनुभव कैसा होना चाहिए। लेकिन मुझे खुशी है कि मैं खुद अपनी राय बनाने के लिए इतनी दूर चलकर यहां आई।"